TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचा ये टेक स्टॉक, क्या गिरावट के बाद है खरीदारी का मौका; जानें ब्रोकरेज की राय

Policybazaar और Paisabazaar की पैरेंट कंपनी PB Fintech के शेयर में सोमवार को 7 फीसदी तक की गिरावट आई और यह 52 हफ्ते के निचले स्तर 930 रुपये पर पहुंच गया. पिछले तीन महीनों में शेयर करीब 41.60 फीसदी टूट चुका है. सितंबर तिमाही में कंपनी की आय 35 फीसदी बढ़ी, लेकिन बढ़ते खर्च के कारण EBITDA अनुमान से कमजोर रहा.

PB Fintech का शेयर 7 फीसदी तक गिरकर 930 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचा. Image Credit: CANVA

Highlights

  • PB Fintech का शेयर 7 फीसदी तक गिरकर 930 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंचा.
  • तीन महीने में शेयर करीब 41.60 फीसदी टूट चुका है.
  • IRDAI के प्रस्तावित कमीशन नियम और बढ़ते खर्च से कंपनी की कमाई पर दबाव की आशंका है.

Policybazaar और Paisabazaar की पैरेंट कंपनी PB Fintech के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली. कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान 7 फीसदी तक टूटकर 930 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया. बाद में शेयर 6.40 फीसदी गिरकर 936 रुपये पर कारोबार कर रहा था. पिछले तीन महीनों में शेयर करीब 41.60 फीसदी टूट चुका है.

शेयर में गिरावट की वजह कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे और इंश्योरेंस सेक्टर में प्रस्तावित रेगुलेटरी बदलाव हैं. कंपनी की इनकम में अच्छी बढ़त के बावजूद बढ़ते खर्च ने EBITDA को ब्रोकरेज के अनुमान से नीचे रखा. वहीं, कमीशन से जुड़े संभावित बदलावों ने भविष्य की कमाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

अनुमान से कमजोर रहा EBITDA

PB Fintech ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 35 फीसदी इनकम ग्रोथ दर्ज की. Jefferies के मुताबिक, कंपनी की इनकम उसके अनुमान से बेहतर रही, लेकिन एडजस्टेड EBITDA 39 फीसदी बढ़कर 220 करोड़ रुपये रहा. यह ब्रोकरेज के अनुमान से कम था. इसकी प्रमुख वजह कंपनी का बढ़ा हुआ खर्च रहा.

Jefferies ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी के अनुमानित मुनाफे यानी PAT में 3 फीसदी की कटौती की है. ब्रोकरेज के मुताबिक, दूसरी छमाही में कंपनी की ग्रोथ धीमी पड़ सकती है, क्योंकि GST से मिलने वाला फायदा अब पीछे रह गया है.

Motilal Oswal ने भी घटाया अनुमान

Motilal Oswal Financial Services ने वित्त वर्ष 2027 और वित्त वर्ष 2028 के लिए PB Fintech के EBITDA अनुमान में क्रमश 9 फीसदी और 10 फीसदी की कटौती की है. ब्रोकरेज ने इनकम के अनुमान लगभग बरकरार रखे हैं, लेकिन मुनाफे के अनुमान घटाए हैं.

Motilal Oswal ने वित्त वर्ष 2027 के लिए PAT अनुमान में 3 फीसदी और वित्त वर्ष 2028 के लिए 2 फीसदी की कटौती की है. ब्रोकरेज ने शेयर पर Neutral रेटिंग बनाए रखते हुए टारगेट प्राइस घटाकर 1,050 रुपये कर दिया है.

IRDAI के प्रस्तावित नियमों से बढ़ी चिंता

शेयर में गिरावट की एक अहम वजह IRDAI का कंसल्टेशन पेपर भी है. इसमें बीमा क्षेत्र में कमीशन, एक्सपेंसेस ऑफ मैनेजमेंट यानी EoM और वितरण से जुड़े नियमों में बदलाव का प्रस्ताव है. इन बदलावों से इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन को मिलने वाले कमीशन पर असर पड़ सकता है.

JM Financial के मुताबिक, शेयर पर दबाव की बड़ी वजह यही प्रस्ताव है. ब्रोकरेज ने संभावित बदलावों को वित्त वर्ष 2028 से अपने अनुमान में शामिल किया है. इसके बाद उसने वित्त वर्ष 2028 और 2029 के लिए इनकम अनुमान में क्रमशः 55 फीसदी और 53 फीसदी की कटौती की है. वहीं, EPS अनुमान में क्रमशः 55 फीसदी और 40 फीसदी की कमी की है.

ये भी पढ़ें- 20000% तक का मल्टीबैगर रिटर्न, गिरावट के बावजूद इन 8 शेयरों ने भर दी झोली; क्या आपके पास हैं ये स्टॉक

ब्रोकरेज के टारगेट में बड़ा अंतर

Jefferies ने PB Fintech पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 1540 रुपये का टारगेट दिया है. Motilal Oswal का टारगेट 1050 रुपये है. वहीं, JM Financial ने टारगेट 1780 रुपये से घटाकर 1200 रुपये कर दिया है, लेकिन रेटिंग को अपग्रेड करके Buy कर दिया है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.