₹1000 करोड़ का IPO ला रही है डायपर बनाने वाली कंपनी, फाइल किए ड्राफ्ट पेपर्स; जानें पूरी डिटेल
FirstCry समर्थित Swara Baby Products ने 1,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए SEBI के पास ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं. IPO में 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 500 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. कंपनी इस रकम का इस्तेमाल नया प्लांट लगाने, कर्ज चुकाने, सहायक कंपनियों में निवेश और कारोबार विस्तार के लिए करेगी.

Swara Baby Products IPO: बेबी और एडल्ट डायपर बनाने वाली कंपनी स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स (Swara Baby Products) ने 1,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिए हैं. कंपनी को FirstCry का समर्थन प्राप्त है. IPO के तहत नए शेयर जारी किए जाएंगे, वहीं FirstCry की पैरेंट कंपनी समेत मौजूदा निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां होगा और कंपनी का कारोबार कितना बड़ा है.
₹1,000 करोड़ का होगा IPO
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, IPO का कुल साइज 1,000 करोड़ रुपये का होगा. इसमें 500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 500 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. OFS के तहत FirstCry की पैरेंट कंपनी Brainbees Solutions 300 करोड़ रुपये और Anadya Bon Merchari LLP 200 करोड़ रुपये के शेयर बेचेगी.
IPO से जुटाई गई रकम का कहां होगा इस्तेमाल?
कंपनी IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कारोबार बढ़ाने और वित्तीय स्थिति मजबूत करने में करेगी. सबसे पहले मध्य प्रदेश में एक नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाया जाएगा. इसके अलावा कंपनी अपने मौजूदा कर्ज का कुछ हिस्सा चुकाएगी या समय से पहले भुगतान करेगी. साथ ही अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों Solis Hygiene, Swara Hygiene और K.A. Enterprises Hygiene Pvt. Ltd. (KAEHPL) में निवेश किया जाएगा, ताकि उनका बकाया कर्ज चुकाया जा सके. इसके अलावा बची हुई राशि का इस्तेमाल अधिग्रहण के जरिए कारोबार बढ़ाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा.
कंपनी क्या बनाती है?
स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स डिस्पोजेबल हाइजीन प्रोडक्ट्स बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनियों में शामिल है. कंपनी बेबी डायपर, एडल्ट डायपर और महिलाओं के हाइजीन प्रोडक्ट्स बनाती है. इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बेबी टेप-स्टाइल डायपर, बेबी पैंट-स्टाइल डायपर, एडल्ट टेप-स्टाइल डायपर, एडल्ट पैंट-स्टाइल डायपर, सैनिटरी नैपकिन और पैंटी लाइनर शामिल हैं.
मार्केट में कितनी हिस्सेदारी?
DRHP के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के आधार पर बेबी डायपर बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 37 फीसदी और एडल्ट डायपर बाजार में 36 फीसदी रही. कंपनी के मध्य प्रदेश के पीथमपुर और इंदौर में कुल चार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं. इस IPO के लिए JM Financial और Avendus Capital को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है.
इसे भी पढ़ें- जून में विदेशी निवेशकों ने बेचे ₹49,340 करोड़ के शेयर, 2026 में निकासी ने तोड़ा 2025 का रिकॉर्ड, जाने वजहें