20 अगस्त से मिलेगा इस IPO में दांव लगाने का मौका, सब्सक्रिप्शन से पहले GMP बना रॉकेट; 57% लिस्टिंग गेन का संकेत

Tempsens Instruments IPO 20 अगस्त 2026 को खुलेगा और 24 अगस्त को बंद होगा. IPO का प्राइस बैंड 285-300 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जबकि इश्यू साइज 650 करोड़ रुपये है. Investorgain के मुताबिक, IPO का GMP 172 रुपये पर है, जो अपर प्राइस बैंड के मुकाबले करीब 57.33 फीसदी के संभावित लिस्टिंग गेन का संकेत देता है.

आईपीओ Image Credit: money9live

Tempsens Instruments IPO को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती नजर आ रही है. कंपनी के IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP इश्यू खुलने से पहले ही 57 फीसदी तक पहुंच गया है. कल यानी 20 अगस्त से इस IPO में दांव लगाने का मौका मिलने वाला है. तो चलिए आपको बताते हैं कि इस IPO के बारे में क्या खास है और GMP कितने रुपये के लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा है.

20 अगस्त को खुलेगा IPO

तापमान मापने और हीटिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली कंपनी Tempsens Instruments (India) Ltd अपना IPO 20 अगस्त को लॉन्च करेगी. कंपनी ने इस IPO का कुल इश्यू साइज 650 करोड़ रुपये रखा है. IPO के लिए प्राइस बैंड 285-300 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है. निवेशक इस इश्यू में 24 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे.

कंपनी के IPO में निवेश से पहले एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 19 अगस्त को होगी. इसके बाद 20 अगस्त से आम निवेशकों के लिए IPO खुलेगा. कंपनी के इक्विटी शेयरों को BSE और NSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है. शेयरों की लिस्टिंग 28 अगस्त को प्रस्तावित है.

IPO से जुटाई रकम का क्या होगा इस्तेमाल

Tempsens Instruments IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कई महत्वपूर्ण कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी. कंपनी की योजना अपनी इलेक्ट्रिकल हीटिंग सॉल्यूशंस और स्पेशलाइज्ड केबल सॉल्यूशंस से जुड़ी कुछ कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी कैपेक्स जरूरतों को पूरा करने की है.

इसके अलावा, IPO से प्राप्त रकम का एक हिस्सा कंपनी के कर्ज के भुगतान में इस्तेमाल किया जाएगा. बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा. इस तरह कंपनी IPO के जरिए कारोबार के विस्तार के साथ-साथ अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने पर भी फोकस कर रही है.

क्या करती है Tempsens Instruments

Tempsens Instruments की स्थापना 1990 में हुई थी. कंपनी थर्मल इंजीनियरिंग और स्पेशलाइज्ड केबल के क्षेत्र में काम करती है. कंपनी कस्टमाइज्ड टेम्परेचर सेंसिंग, इलेक्ट्रिकल हीटिंग और स्पेशलाइज्ड केबल सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है.

कंपनी कॉन्टैक्ट और नॉन-कॉन्टैक्ट टेम्परेचर सेंसर की अलग-अलग रेंज का निर्माण करती है. इसके अलावा, इंडस्ट्रियल एप्लिकेशंस के लिए ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक कस्टमाइज्ड सॉल्यूशंस भी उपलब्ध कराती है.

GMP से क्या संकेत मिल रहा है

IPO खुलने से पहले GMP निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी का संकेत दे रहा है. Investorgain के मुताबिक, इस IPO का GMP 172 रुपये पर है. 300 रुपये के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले 172 रुपये का GMP देखें तो ग्रे मार्केट में संभावित कीमत करीब 472 रुपये बनती है. यानी अपर प्राइस बैंड की तुलना में करीब 57.33 फीसदी का संभावित प्रीमियम दिखाई देता है. इससे निवेशकों को करीब 172 रुपये प्रति शेयर के लिस्टिंग गेन का संकेत मिल रहा है.

निवेशकों को 8,600 रुपये का लिस्टिंग गेन मिलने की उम्मीद है. हालांकि, निवेशकों को केवल GMP के आधार पर IPO में निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए. GMP में तेजी या गिरावट लिस्टिंग से पहले कभी भी बदल सकती है. वास्तविक लिस्टिंग कीमत बाजार की स्थिति, IPO की मांग और लिस्टिंग के समय निवेशकों के सेंटिमेंट पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें: FIIs-DIIs का इन 2 ऑटो शेयरों पर बढ़ा भरोसा, प्रीमियम वैल्यूएशन के बावजूद जमकर की खरीदारी; रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Loading...
Unable to load recommendations.