HDFC म्यूचुअल फंड ने शुरू की ‘नारी निवेश यात्रा’, महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने पर फोकस

घरेलू वित्तीय निर्णयों और संपत्ति निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए नारी निवेश यात्रा का उद्देश्य व्यापक छह माह के जनसंपर्क कार्यक्रम के जरिए निवेशक शिक्षा को देशभर में पहुंचाना है.

मुंबई में HDFC म्यूचुअल फंड की 'बर्नी से आजादी नारी निवेश यात्रा' को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में HDFC AMC लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ़ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नवनीत मुनोत. Image Credit: HDFC AMC

एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने मंगलवार 9 जून को ‘नारी निवेश यात्रा’ का शुभारंभ किया, जो देशभर में महिलाओं को निवेश और लॉन्ग टर्म फाइनेंशियल योजना के जरिए भविष्य की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित करने वाली अपनी तरह की पहली राष्ट्रीय निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता पहल है. इस यात्रा को मुंबई के बांद्रा स्थित चेतना कॉलेज से रवाना किया गया. घरेलू वित्तीय निर्णयों और संपत्ति निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए नारी निवेश यात्रा का उद्देश्य व्यापक छह माह के जनसंपर्क कार्यक्रम के जरिए निवेशक शिक्षा को देशभर में पहुंचाना है.

वेल्थ क्रिएशन में बढ़ रही महिलाओं की भूमिका

एचडीएफसी म्यूचुअल फंड के अनुसार, यह छह महीने तक चलने वाला व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम होगा, जिसके तहत निवेश संबंधी जानकारी सीधे देशभर के समुदायों तक पहुंचाई जाएगी. कंपनी का मानना है कि घरेलू वित्तीय निर्णयों और संपत्ति निर्माण में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में महिलाएं संरचित निवेश और वित्तीय योजना से दूर हैं.

अभियान के तहत क्या-क्या होगा?

इस अभियान के तहत दो विशेष प्रचार वाहन देश के अलग-अलग हिस्सों में यात्रा करेंगे और विभिन्न शहरों तथा कस्बों में कार्यक्रम आयोजित करेंगे. प्रत्येक पड़ाव पर नुक्कड़ नाटक, सामुदायिक कार्यक्रम और इंटरैक्टिव निवेशक जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन गतिविधियों के माध्यम से वित्तीय अवधारणाओं को आसान भाषा में समझाया जाएगा और निवेश को लेकर संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा.

अभियान का एक प्रमुख हिस्सा महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के साथ सीधा संवाद होगा. एचडीएफसी म्यूचुअल फंड देशभर में ऐसे समूहों के साथ 60 विशेष सत्र आयोजित करेगा. इन सत्रों में वित्तीय योजना, लक्ष्य आधारित निवेश, दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण और अनुशासित निवेश की आदत विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी.

नारी निवेश यात्रा का लक्ष्य

एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मुनोत ने कहा कि भारत में महिलाएं अक्सर परिवार की सबसे अनुशासित बचतकर्ता होती हैं, लेकिन व्यक्तिगत वित्त पर सही संवाद की कमी के कारण निवेश अभी भी कई महिलाओं की पहुंच से दूर है. उन्होंने कहा कि ‘नारी निवेश यात्रा’ का उद्देश्य निवेश को जटिल विषय के बजाय महिलाओं के वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने का व्यावहारिक साधन बनाना है.

कंपनी ने बताया कि यह पहल उसकी निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता मुहिम ‘बरनी से आजादी’ का विस्तार है, जिसका उद्देश्य लोगों को पारंपरिक बचत के तरीकों से आगे बढ़कर जागरूक निवेश के लाभों से परिचित कराना है.

यह भी पढ़ें: SIP से भी भरोसा टूटा! 40 फीसदी घटा इनफ्लो, एक साल के निचले स्तर पर पहुंचा; जानें कहां गया पैसा?