SIP से भी भरोसा टूटा! 40 फीसदी घटा इनफ्लो, एक साल के निचले स्तर पर पहुंचा; जानें कहां गया पैसा?

सोने में निवेश करने वाले गोल्ड ETF में मई के दौरान 725 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई. अप्रैल में इस कैटेगरी में 3,040 करोड़ रुपये का निवेश आया था. इससे संकेत मिलता है कि पिछले कुछ महीनों की मजबूत खरीदारी के बाद निवेशकों का रुझान फिलहाल थोड़ा कमजोर पड़ा है.

XIRR में भारी गिरावट! Image Credit: FreePik

AMFI Data : मई 2025 में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मई में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में 22,908 करोड़ रुपये का नेट इंवेस्टमेंट आया, जो अप्रैल के 38,440 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 40 फीसदी कम है. हालांकि, निवेश में गिरावट के बावजूद इक्विटी फंड्स में लगातार पॉजिटिव फ्लो बना हुआ है. यह नेट इनफ्लो पिछले एक साल का सबसे निचला स्तर है.

म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री से निकले 64,000 करोड़ रुपये

पूरे म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की बात करें तो मई में 64,004 करोड़ रुपये का शुद्ध निकासी (नेट आउटफ्लो) दर्ज किया गया. इसके मुकाबले अप्रैल में उद्योग में 3.22 लाख करोड़ रुपये का नेट इंवेस्टमेंट आया था. इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह डेट फंड्स से भारी निकासी रही.

डेट फंड्स में दिखी भारी बिकवाली

मई में डेट म्यूचुअल फंड्स से 96,949 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई. अप्रैल में इसी कैटेगरी में 2.47 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया था. बाजार के जानकारों का मानना है कि डेट फंड्स में संस्थागत निवेशकों और कॉरपोरेट ट्रेजरी की गतिविधियों का असर ज्यादा होता है, जिसके कारण हर महीने आंकड़ों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.

हाइब्रिड फंड्स में बना रहा निवेशकों का भरोसा

हाइब्रिड म्यूचुअल फंड्स में मई के दौरान 10,560 करोड़ रुपये का नेट इंवेस्टमेंट आया. हालांकि यह अप्रैल के 20,565 करोड़ रुपये से कम है, लेकिन निवेश का सिलसिला लगातार जारी है. इससे पहले फरवरी में इस कैटेगरी में 11,983 करोड़ रुपये का निवेश आया था, जबकि मार्च में हल्की निकासी देखने को मिली थी.

ETF और इंडेक्स फंड्स में निवेश की रफ्तार थमी

ETF और इंडेक्स फंड जैसी स्कीम में मई महीने के दौरान सिर्फ 362 करोड़ रुपये का निवेश आया. यह आंकड़ा अप्रैल के 20,082 करोड़ रुपये और मार्च के 30,768 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी कम है. इससे पता चलता है कि इस तरह की स्कीम में निवेशकों की दिलचस्पी फिलहाल कुछ घट गई है और निवेश की रफ्तार धीमी पड़ी है.

रिटायरमेंट और चिल्ड्रन फंड्स में स्थिर निवेश

रिटायरमेंट और बच्चों से जुड़ी योजनाओं वाली सॉल्यूशन ओरिएंटेड स्कीम्स में मई के दौरान 270 करोड़ रुपये का नेट इंवेस्टमेंट आया. यह हाल के महीनों के ट्रेंड के अनुरूप रहा और इस श्रेणी में निवेशकों की भागीदारी स्थिर बनी हुई है.

गोल्ड ETF से निकले पैसे

सोने में निवेश करने वाले गोल्ड ETF में मई के दौरान 725 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई. अप्रैल में इस कैटेगरी में 3,040 करोड़ रुपये का निवेश आया था. इससे संकेत मिलता है कि पिछले कुछ महीनों की मजबूत खरीदारी के बाद निवेशकों का रुझान फिलहाल थोड़ा कमजोर पड़ा है.

ये भी पढ़ें: जब विदेशी कंपनी ने उड़ाया मजाक, तब Xerxes Desai ने ठान ली जिद; जन्म हुआ Titan और बदल गई भारतीय घड़ी इंडस्ट्री

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.