64 फीसदी हो सकता है महंगाई भत्ता, जुलाई CPI IW से मिला संकेत; जानें सैलरी पर कितना पड़ेगा असर

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जनवरी 2027 के DA को लेकर जुलाई CPI IW आंकडे़ से शुरुआती संकेत मिले हैं. जुलाई में CPI IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया. उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर जनवरी 2027 में DA की कैलकुलेशन करीब 64 फीसदी तक पहुंच रही है. हालांकि यह अंतिम दर नहीं है.

डीए में कितना होगा इजाफा. Image Credit: Money9live

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. जुलाई 2026 के CPI IW आंकड़े ने जनवरी 2027 के DA को लेकर शुरुआती तस्वीर साफ कर दी है. जुलाई में CPI IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया. इसके आधार पर जनवरी 2027 के DA की कैलकुलेश फिलहाल करीब 64 फीसदी तक पहुंचती दिख रही है. हालांकि यह अभी अंतिम DA दर नहीं है. अगस्त से दिसंबर 2026 के CPI IW आंकडे़ आने के बाद इसमें बदलाव हो सकता है.

जुलाई में CPI IW बढ़कर 153.2 हुआ

लेबर ब्यूरो ने 31 अगस्त को जुलाई 2026 के CPI IW के आंकडे़ जारी किए. जुलाई में ऑल इंडिया CPI IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया. जून 2026 में यह आंकड़ा 151.9 था. जुलाई में CPI IW महंगाई दर सालाना आधार पर 4.57 फीसदी रही. एक साल पहले जुलाई 2025 में यह दर 2.66 फीसदी थी. जुलाई का आंकड़ा जनवरी 2027 के DA की कैलकुलेशन के लिए अहम माना जा रहा है.

DA 64 फीसदी होने का अनुमान

जनवरी 2027 के DA की कैलकुलेशन अगस्त 2025 से जुलाई 2026 के 12 महीने के CPI IW औसत के आधार पर शुरू होती है. इस अवधि का औसत CPI IW 149.21 रहा है. पुराने 2001 बेस पर लिंकिंग फैक्टर के जरिए यह आंकड़ा करीब 429.72 बनता है. DA फॉर्मूले के आधार पर कैलकुलेशन करीब 64.37 फीसदी आती है. इसलिए अभी उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर जनवरी 2027 में DA करीब 64 फीसदी रहने का संकेत मिल रहा है.

अभी अंतिम DA का फैसला नहीं हुआ है

कर्मचारियों को ध्यान रखना चाहिए कि 64 फीसदी अभी अंतिम DA दर नहीं है. जनवरी 2027 के DA की कैलकुलेशन में अगस्त से दिसंबर 2026 तक के पांच और CPI IW आंकडे़ शामिल होंगे. अगर इन महीनों में CPI IW में बदलाव होता है तो 12 महीने का औसत भी बदल जाएगा. इसके साथ ही DA की कैलकुलेशन भी ऊपर या नीचे जा सकती है. अगस्त 2026 का CPI IW आंकड़ा 30 सितंबर को जारी किया जाना है.

अभी कितना है केंद्रीय कर्मचारियों का DA

केंद्रीय कर्मचारियों का मौजूदा DA 60 फीसदी है. जनवरी 2026 में सरकार ने DA को 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी किया था. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू की गई थी. जुलाई 2026 से लागू होने वाले DA की नई दर का सरकार की ओर से अभी औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है. जुलाई 2026 का CPI IW आंकड़ा जनवरी 2027 की कैलकुलेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले आंकड़ों से अलग है.

सैलरी पर कितना असर

अगर जनवरी 2027 में DA 60 फीसदी से बढ़कर 64 फीसदी होता है तो कर्मचारियों को बेसिक पे पर 4 फीसदी अतिरिक्त DA मिलेगा. उदाहरण के लिए 18000 रुपये की बेसिक सैलरी पर 4 फीसदी की बढ़ोतरी से हर महीने 720 रुपये अतिरिक्त DA मिलेगा. वहीं 44900 रुपये की बेसिक सैलरी पर यह बढ़ोतरी 1796 रुपये प्रति माह होगी. यह केवल DA में होने वाला बदलाव है. इसमें वेतन के दूसरे हिस्सों में होने वाले बदलाव शामिल नहीं हैं.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों को मिल सकता है ₹14 लाख तक का एरियर, समझें पूरा कैलकुलेशन

अगले पांच आंकडों पर रहेगी नजर

जुलाई का CPI IW आंकड़ा जनवरी 2027 के DA के लिए शुरुआती संकेत दे रहा है. मौजूदा गणना के आधार पर DA करीब 64 फीसदी तक पहुंचता दिख रहा है. लेकिन अंतिम दर अगस्त, सितंबर, अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के CPI IW आंकड़ों पर निर्भर करेगी. इन आंकड़ों के जारी होने के बाद ही कैलकुलेशन की पूरी तस्वीर सामने आएगी. इसके बाद सरकार औपचारिक फैसला लेकर जनवरी 2027 के लिए DA की अंतिम दर घोषित करेगी.