8th Pay Commission: 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर कर्मचारियों की होगी मौज! इन लोगों को मिलेगी ₹1.22 लाख की बेसिक सैलरी
8th पे कमीशन ने अभी फिटमेंट फैक्टर तय नहीं किया है. 7th पे कमीशन में लेवल 6, 7 और 8 की न्यूनतम बेसिक पे 35,400 रुपये, 44,900 रुपये और 47,600 रुपये है. अगर 2.57 फिटमेंट फैक्टर का उदाहरण लें तो ये क्रमशः 90,978 रुपये, 1,15,393 रुपये और 1,22,332 रुपये हो सकती हैं.

8th पे कमीशन के अगली दौर की बैठकें 7 अक्टूबर से कर्नाटक के बेंगलुरु में शुरू होंगी. यह बैठक 8 अक्टूबर तक चलेगी. इसके बाद आयोग 22 और 23 अक्टूबर को मुंबई में बैठक करेगा. इन बैठकों में कर्मचारी यूनियन, पेंशनर आर्गेनाइजेशन और दूसरे हितधारक वेतन, पेंशन, फिटमेंट फैक्टर और कर्मचारियों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर अपनी मांग और सुझाव रख सकते हैं.
आयोग ने अभी बेंगलुरु की बैठकों का कोई खास एजेंडा जारी नहीं किया है. साथ ही, आयोग मंत्रालयों और विभागों से कर्मचारियों से जुड़ा डेटा भी जुटा रहा है. कर्मचारी यूनियनों, पेंशनर संगठनों और दूसरे हितधारकों से मिले सुझावों और मंत्रालयों से मिले डेटा का विश्लेषण करने के बाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाला आयोग संशोधित वेतन ढांचे को लेकर अपनी सिफारिशें देगा. आयोग की आखिरी रिपोर्ट मई-जून 2027 तक आने की उम्मीद है. ऐसे में यह आइए जानते हैं कि अगर 2.57 फिटमेंट फैक्टर रहा तो लेवल 6,7 और 8 के कर्मचारियों की बेसिक सैलरी कितनी होगी.
क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?
फिटमेंट फैक्टर वह गुणक है, जिसे कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी पर लागू करके संशोधित बेसिक पे का अनुमान लगाया जाता है. 6th पे कमीशन में फिटमेंट फैक्टर 1.86 और 7th पे कमीशन में 2.57 था. हालांकि, 8th पे कमीशन ने अभी तक कोई आधिकारिक फिटमेंट फैक्टर तय नहीं किया है.
2.57 के फिटमेंट फैक्टर पर लेवल 6, 7 और 8 की बेसिक पे कितनी हो सकती है?
7th पे कमीशन के तहत लेवल 6, 7 और 8 की न्यूनतम बेसिक पे क्रमशः 35,400 रुपये, 44,900 रुपये और 47,600 रुपये है.
ऐसे में अगर अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर को आधार मानकर गणना करें, तो तस्वीर इस तरह होगी:
| Pay Level | मौजूदा बेसिक | 2.0x | 2.15x | 2.28x | 2.57x |
|---|---|---|---|---|---|
| Level 6 | ₹35,400 | ₹70,800 | ₹76,110 | ₹80,712 | ₹90,978 |
| Level 7 | ₹44,900 | ₹89,800 | ₹96,535 | ₹1,02,372 | ₹1,15,393 |
| Level 8 | ₹47,600 | ₹95,200 | ₹1,02,340 | ₹1,08,528 | ₹1,22,332 |
टेबल को ऐसे समझें अगर 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो मौजूदा 47,600 रुपये बेसिक पे वाले लेवल 8 कर्मचारी की अनुमानित संशोधित बेसिक पे 1,22,332 रुपये हो सकती है.
ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग क्यों?
कर्मचारी संगठनों और यूनियनों की ओर से महंगाई और बढ़ते जीवन-यापन के खर्च को देखते हुए ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग की गई है. National Council of Joint Consultative Machinery यानी NC-JCM ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है. अगर यह प्रस्ताव स्वीकार होता है तो 7th पे कमीशन के तहत लेवल 1 की 18,000 रुपये न्यूनतम बेसिक पे बढ़कर करीब 69,000 रुपये हो सकती है.
इसी तरह भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ यानी BPMS ने 4 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है. इसके लागू होने पर लेवल 1 की न्यूनतम बेसिक पे 18,000 रुपये से बढ़कर 72,000 रुपये हो सकती है. लेकिन ये दोनों कर्मचारी संगठनों की मांगें हैं, सरकार की मंजूर सिफारिशें नहीं. आखिरी फिटमेंट फैक्टर 8th पे कमीशन की सिफारिश और उसके बाद केंद्र सरकार के फैसले से ही तय होगा.
सिर्फ बेसिक पे से पूरी सैलरी तय नहीं होगी
यह भी समझना जरूरी है कि ऊपर की गणना सिर्फ बेसिक पे के आधार पर है. वास्तविक सैलरी में बदलाव कई चीजों पर निर्भर करेगा. इसमें भत्ते, कटौती, संशोधित पे मैट्रिक्स और सरकार की ओर से अधिसूचित दूसरे नियम शामिल हैं. इसलिए इन आंकड़ों को 8th पे कमीशन की पक्की सैलरी नहीं माना जाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- 8th Pay Commission में देरी से कर्मचारियों को होगा लाखों का नुकसान? अक्टूबर में होंगी अहम बैठकें