8th Pay Commission: 2.57 फिटमेंट फैक्टर हुआ तो कितनी बढ़ेगी सैलरी? समझें पूरा हिसाब

8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ी हैं. BankBazaar के अनुमान के मुताबिक 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर Level 8 कर्मचारियों की ग्रॉस सैलरी 68% बढ़कर करीब 1.51 लाख रुपये हो सकती है.

8वां वेतन आयोग Image Credit:

8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों की नजरें टिकी हैं. BankBazaar के अनुमान के मुताबिक 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर Level 8 कर्मचारी की ग्रॉस सैलरी करीब 68% बढ़कर 1.51 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.

8वें वेतन आयोग को लेकर बढ़ी उम्मीद

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 8वां वेतन आयोग काफी अहम है. आयोग ने शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के साथ बैठक की. इसमें वेतन, पेंशन, कामकाजी परिस्थितियों और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई.

आयोग अगस्त और सितंबर में चेन्नई, पुडुचेरी, जयपुर और चंडीगढ़ में भी अलग-अलग हितधारकों के साथ चर्चा करेगा. कर्मचारियों को उम्मीद है कि आयोग की सिफारिशें जल्द सामने आएंगी, जिससे नए वेतन ढांचे और सैलरी बढ़ोतरी का रास्ता साफ होगा.

फिटमेंट फैक्टर से तय होगी बेसिक सैलरी

8वें वेतन आयोग में कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी तय करने में फिटमेंट फैक्टर की अहम भूमिका होगी. उदाहरण के लिए, अगर फिटमेंट फैक्टर 2.0 रहता है तो मौजूदा बेसिक पे लगभग दोगुनी हो सकती है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी की कुल ग्रॉस सैलरी भी दोगुनी हो जाएगी. BankBazaar के अनुमान के मुताबिक 2.0, 2.38 और 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर ग्रॉस सैलरी में करीब 31%, 55% और 68% तक बढ़ोतरी हो सकती है.

Level 8 कर्मचारी की सैलरी का हिसाब

7वें वेतन आयोग के तहत Level 8 कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 47,600 रुपये मानी गई है. वहीं, अनुमानित ग्रॉस सैलरी 90,440 रुपये है. इसमें DA और HRA को शामिल किया गया है, जबकि अन्य भत्तों को गणना में शामिल नहीं किया गया है.

अगर 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.0 रहता है तो बेसिक सैलरी बढ़कर 95,200 रुपये हो सकती है. अनुमानित ग्रॉस सैलरी 1,18,048 रुपये होगी. यानी ग्रॉस सैलरी में करीब 31% की बढ़ोतरी. वहीं, 2.38 फिटमेंट फैक्टर पर बेसिक पे 1,13,288 रुपये और ग्रॉस सैलरी 1,40,477 रुपये हो सकती है. इस स्थिति में ग्रॉस सैलरी करीब 55% बढ़ने का अनुमान है.

अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 तय होता है तो Level 8 कर्मचारी की बेसिक सैलरी 1,22,332 रुपये और अनुमानित ग्रॉस सैलरी 1,51,692 रुपये हो सकती है. यानी मौजूदा ग्रॉस सैलरी के मुकाबले करीब 68% की बढ़ोतरी.

Level 7 कर्मचारियों को भी मिल सकता है फायदा

Level 7 कर्मचारी के लिए BankBazaar ने मौजूदा बेसिक पे 44,900 रुपये और ग्रॉस सैलरी 85,310 रुपये मानी है. 2.0 फिटमेंट फैक्टर पर ग्रॉस सैलरी 1,11,352 रुपये हो सकती है, जबकि 2.38 पर यह 1,32,509 रुपये और 2.57 पर 1,43,087 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. इन तीनों स्थितियों में ग्रॉस सैलरी क्रमशः करीब 31%, 55% और 68% बढ़ सकती है.

कर्मचारी संगठन कर रहे ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग

कई कर्मचारी संगठन 8वें वेतन आयोग के लिए अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं. National Council-Joint Consultative Machinery और All India Defence Employees’ Federation ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है. Bharatiya Pratiraksha Mazdoor Sangh ने 4, Federation of National Postal Organisations ने 3 और All India NPS Employees’ Federation ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है. वहीं Indian Railway Technical Supervisors’ Association ने 2.92 से 4.38 तक फिटमेंट फैक्टर की मांग की है.

2.57 पर 68% बढ़ोतरी का अनुमान, लेकिन अंतिम फैसला बाकी

यहां ध्यान देने वाली बात है कि 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर 58% नहीं, बल्कि इस अनुमान के मुताबिक करीब 68% ग्रॉस सैलरी बढ़ सकती है. हालांकि, यह सिर्फ एक अनुमान है. इस गणना में मौजूदा DA को 60% और नए वेतन ढांचे में DA को शुरुआत में 0% माना गया है. X-कैटेगरी शहर के लिए नया HRA 24% माना गया है. इसलिए वास्तविक सैलरी सरकार द्वारा तय फिटमेंट फैक्टर, DA, HRA और अन्य भत्तों पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission: OPS की वापसी से बढ़ी उम्मीद, 8वें वेतन आयोग में पेंशनर्स ने रखी बड़ी मांगें