EPFO का बड़ा अलर्ट, 26 से 28 जून तक नहीं कर पाएंगे PF क्लेम, UMANG ऐप की सेवाएं भी रहेंगी प्रभावित

EPFO ने अपने ऑनलाइन पोर्टल पर तीन दिन के लिए कुछ सेवाएं बंद करने का ऐलान किया है. इस दौरान नए PF क्लेम जमा नहीं किए जा सकेंगे और पहले से जमा क्लेम की प्रोसेसिंग भी नहीं होगी. इसके अलावा UMANG ऐप पर मिलने वाली EPFO की कई सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहेंगी.

EPFO Image Credit: Canva

EPFO Alert: अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़ा कोई काम करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. EPFO ने अपने ऑनलाइन पोर्टल पर तीन दिन के लिए कुछ सेवाएं बंद करने का ऐलान किया है. इस दौरान नए PF क्लेम जमा नहीं किए जा सकेंगे और पहले से जमा क्लेम की प्रोसेसिंग भी नहीं होगी. इसके अलावा UMANG ऐप पर मिलने वाली EPFO की कई सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहेंगी.

EPFO के अनुसार, यह बदलाव सिस्टम को बेहतर बनाने और सेवाओं को पहले से अधिक तेज और आसान बनाने के लिए किया जा रहा है. इसके लिए डेटाबेस और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जाएगा. इसलिए जिन लोगों को PF से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, उन्हें 26 जून से पहले या फिर सेवाएं शुरू होने के बाद आवेदन करने की सलाह दी गई है.

कब तक बंद रहेंगी EPFO की सेवाएं?

ET के अनुसार, 26 जून 2026 की रात 12 बजे से 28 जून 2026 की रात 11:59 बजे तक पोर्टल पर PF क्लेम से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी. संगठन ने बताया है कि 29 जून 2026 की रात 12 बजे से सभी सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी.

कौन-कौन सी सेवाएं होंगी प्रभावित?

  • इस अवधि के दौरान सदस्य नया PF क्लेम जमा नहीं कर पाएंगे.
  • पहले से जमा किए गए क्लेम की प्रोसेसिंग भी अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी.
  • यानी जिन लोगों ने पहले ही क्लेम जमा कर दिया है, उन्हें भी भुगतान या प्रोसेसिंग के लिए कुछ दिन अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है.

UMANG ऐप पर भी असर

  • EPFO की कई सेवाएं UMANG ऐप के जरिए भी मिलती हैं.
  • इन सेवाओं में PF बैलेंस देखना, क्लेम करना, क्लेम स्टेटस देखना, UAN से जुड़ी सेवाएं, शिकायत दर्ज करना और जीवन प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
  • लेकिन UMANG ऐप पर भी EPFO की सेवाएं 2 जुलाई 2026 तक रखरखाव के कारण प्रभावित रहेंगी.
  • सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है.
  • यह ब्याज सभी योग्य EPF खाताधारकों को मिलेगा.

ऐसे चेक करें PF बैलेंस

अगर पोर्टल या ऐप उपलब्ध नहीं है, तो सदस्य मिस्ड कॉल और SMS के जरिए भी अपना PF बैलेंस जान सकते हैं. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल देकर PF बैलेंस की जानकारी ली जा सकती है. यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है. इसके अलावा 7738299899 नंबर पर EPFOHO UAN ENG लिखकर SMS भेजने पर भी PF बैलेंस और हाल की जमा राशि की जानकारी मिल जाएगी.

अगर किसी दूसरी भाषा में जानकारी चाहिए, तो ENG की जगह उस भाषा के पहले तीन अक्षर लिखे जा सकते हैं. ध्यान रखें कि इन दोनों सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लिए आपका UAN आधार, PAN और बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: बिहार-यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्मी बरकरार, आखिर क्यों नहीं हो रही बारिश? IMD ने बताई वजह

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.