DA Hike 2026: लाखों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! 63% तक पहुंच सकता है महंगाई भत्ता

जून 2026 के AICPI-IW आंकड़ों के आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 63% हो सकता है. अंतिम फैसला सरकार की घोषणा के बाद होगा. बढ़ोतरी होने पर कर्मचारियों की सैलरी और एरियर दोनों में इजाफा होगा.

महंगाई भत्ते Image Credit:

केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है. जून 2026 के ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) के आंकड़े जारी होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार इस बार महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) में 3% की बढ़ोतरी कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो कर्मचारियों का DA बढ़कर 63% हो जाएगा. हालांकि, अंतिम फैसला केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगा.

AICPI-IW के आंकड़ों से बढ़ी उम्मीद

वित्त मंत्रालय के श्रम ब्यूरो के अनुसार, जून 2026 में AICPI-IW इंडेक्स 151.9 दर्ज किया गया है. इसके साथ ही जुलाई 2025 से जून 2026 तक का 12 महीनों का औसत 148.65 पर पहुंच गया है. इसी औसत के आधार पर महंगाई भत्ते की गणना 63.76% निकलती है. चूंकि सरकार DA को पूर्णांक (राउंड फिगर) में तय करती है, इसलिए इसे 63% माना जा रहा है. जनवरी 2026 में सरकार ने DA में 2% की बढ़ोतरी की थी. अब जून 2026 के आंकड़ों के आधार पर 3% और बढ़ोतरी की संभावना बन रही है.

कैसे तय होता है महंगाई भत्ता?

केंद्र सरकार कर्मचारियों का DA AICPI-IW के पिछले 12 महीनों के औसत के आधार पर तय करती है. इसके लिए एक तय फॉर्मूले का इस्तेमाल किया जाता है. गणना के दौरान 2016 के बेस ईयर को 2001 के बेस ईयर के बराबर लाने के लिए 2.88 का फैक्टर लगाया जाता है. इसके बाद प्राप्त आंकड़ों के आधार पर महंगाई भत्ता तय किया जाता है. फिलहाल की गणना के अनुसार DA 63.76% बन रहा है, जिसे राउंड ऑफ करने पर 63% माना जा सकता है.

सैलरी में कितना होगा इजाफा?

अगर सरकार DA में 3% की बढ़ोतरी को मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों की मासिक सैलरी में सीधा फायदा मिलेगा. उदाहरण के तौर पर, लेवल-1 के कर्मचारी, जिनकी न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹18,000 है, उन्हें हर महीने ₹540 अतिरिक्त DA मिलेगा. वहीं लेवल-10 के कर्मचारी, जिनकी बेसिक सैलरी ₹56,100 है, उन्हें हर महीने करीब ₹1,683 का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है.

यदि बढ़ा हुआ DA पिछली तारीख से लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों को एरियर भी मिलेगा. अलग-अलग वेतन स्तर के हिसाब से छह महीने का एरियर ₹3,240 से ₹10,098 तक हो सकता है.

8वें वेतन आयोग तक जारी रहेगा DA

जब तक 8वें वेतन आयोग की नई वेतन संरचना लागू नहीं होती, तब तक केंद्रीय कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग के नियमों के तहत ही महंगाई भत्ता मिलता रहेगा. ऐसे में आगामी DA बढ़ोतरी कर्मचारियों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है.

हालांकि, फिलहाल 63% DA का आंकड़ा AICPI-IW के ताजा आंकड़ों पर आधारित अनुमान है. कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता तभी मिलेगा, जब केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे. ऐसे में लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी अब सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission: क्या 18000 से बढ़कर 69000 हो जाएगी कर्मचारियों की सैलरी, क्या है कैलकुलेशन