होम लोन चुकाने के लिए निकाल सकते हैं PF का पैसा, जानिए कितना मिलेगा और क्या हैं नए नियम

होम लोन चुकाने के लिए कर्मचारी EPF खाते से पैसा निकाल सकते हैं. EPF स्कीम 2026 के तहत 12 महीने की सदस्यता के बाद PF बैलेंस का 75 फीसदी तक निकालने की सुविधा है. हालांकि, कम से कम 25 फीसदी रकम खाते में रखनी होगी. पैसा निकालने से पहले टैक्स और रिटायरमेंट फंड पर पड़ने वाले असर को समझना जरूरी है.

12 महीने की EPF सदस्यता के बाद हाउसिंग के लिए पैसा निकाल सकेंगे Image Credit:

अगर आपने घर खरीदने के लिए होम लोन लिया है और हर महीने EMI चुकाने में आपकी सैलरी का बड़ा हिस्सा खर्च हो रहा है, तो आपके लिए EPF (कर्मचारी भविष्य निधि) का पैसा काम आ सकता है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों के तहत अब कर्मचारी अपने PF का पैसा होम लोन चुकाने के लिए भी निकाल सकते हैं. नए EPF स्कीम 2026 के तहत इसके लिए पात्रता की शर्तें आसान की गई हैं. हालांकि, PF से पैसा निकालने से पहले टैक्स और रिटायरमेंट सेविंग पर पड़ने वाले असर को समझना जरूरी है.

12 महीने की सदस्यता के बाद निकाल सकेंगे PF का पैसा

पहले घर खरीदने या होम लोन चुकाने के लिए PF से पैसा निकालने के मामले में कम से कम 10 साल की EPF सदस्यता की शर्त थी. इसके तहत पात्र कर्मचारी अपने PF बैलेंस का 90 फीसदी तक निकाल सकते थे.

लेकिन EPF स्कीम 2026 में नियमों को आसान बनाया गया है. अब कर्मचारी कम से कम 12 महीने की EPF सदस्यता पूरी करने के बाद घर से जुड़ी जरूरतों के लिए PF का पैसा निकाल सकते हैं.

नए नियमों के तहत कर्मचारी अपने PF बैलेंस का अधिकतम 75 फीसदी तक निकाल सकते हैं. इसमें होम लोन चुकाना भी शामिल है. हालांकि, खाते में कम से कम 25 फीसदी बैलेंस रखना जरूरी होगा. हाउसिंग से जुड़े इस तरह के विड्रॉल का इस्तेमाल सदस्यता के दौरान अधिकतम पांच बार किया जा सकता है.

5 साल से पहले PF निकाला तो लग सकता है टैक्स

PF निकालने के लिए 12 महीने की सदस्यता की शर्त आसान हुई है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि टैक्स के नियम भी बदल गए हैं. अगर किसी कर्मचारी की लगातार नौकरी पांच साल से कम है और वह PF का पैसा निकालता है, तो निकाली गई रकम पर टैक्स लग सकता है.

टैक्स के मामले में लगातार पांच साल की सर्विस की शर्त अब भी महत्वपूर्ण है. अगर कर्मचारी ने पुरानी नौकरी छोड़ने के बाद PF का पैसा निकालने के बजाय नए खाते में ट्रांसफर कर दिया है, तो पिछली नौकरी की अवधि भी इसमें जोड़ी जाती है.

टैक्स विशेषज्ञों के मुताबिक, पांच साल से पहले पैसा निकालने पर नियोक्ता के योगदान और उस पर मिले ब्याज पर टैक्स लग सकता है. इसके अलावा कर्मचारी ने पहले अपने योगदान पर सेक्शन 80C के तहत जो टैक्स छूट ली है, उसे भी वापस जोड़ा जा सकता है.

अगर टैक्स योग्य निकासी 50,000 रुपये या इससे ज्यादा है, तो PAN उपलब्ध होने पर 10 फीसदी TDS लागू हो सकता है. पात्र कर्मचारी फॉर्म 121 के जरिए छूट का दावा भी कर सकते हैं.

PF का पैसा निकालने से पहले समझें ब्याज का नुकसान

होम लोन चुकाने के लिए PF का पैसा निकालना पहली नजर में अच्छा फैसला लग सकता है. इससे बकाया लोन कम होगा और ब्याज का बोझ भी घटेगा. लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है.

EPF में जमा रकम पर ब्याज मिलता है और लंबे समय तक यह पैसा कंपाउंडिंग के जरिए बढ़ता रहता है. अगर कोई युवा कर्मचारी अपने PF से बड़ी रकम निकाल लेता है, तो उसे भविष्य में मिलने वाले ब्याज का फायदा भी कम हो जाता है.

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी के होम लोन की ब्याज दर 9 फीसदी है और EPF पर करीब 8 फीसदी ब्याज मिल रहा है, तो दोनों के बीच अंतर बहुत ज्यादा नहीं है. ऐसे में PF से पैसा निकालने का फैसला करने से पहले लंबी अवधि का हिसाब लगाना जरूरी है.

कब PF से होम लोन चुकाना फायदेमंद हो सकता है?

फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसका फैसला हर कर्मचारी की उम्र, कमाई, निवेश और रिटायरमेंट प्लान पर निर्भर करता है. अगर कोई कर्मचारी रिटायरमेंट के करीब है और उसके पास पर्याप्त PF बैलेंस है, तो होम लोन का बोझ कम करने के लिए कुछ रकम निकालना समझदारी हो सकती है.

वहीं, 30 से 35 साल की उम्र वाले कर्मचारियों को ऐसा फैसला लेने से पहले ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए. उनके पास रिटायरमेंट के लिए लंबा समय होता है और इस दौरान PF की रकम पर मिलने वाला कंपाउंडिंग ब्याज बड़ा फंड तैयार कर सकता है.

PF निकालने से पहले इन विकल्पों पर भी करें विचार

होम लोन का बोझ कम करने के लिए PF से पैसा निकालना ही एकमात्र विकल्प नहीं है. कर्मचारी अपनी अतिरिक्त बचत, बोनस या दूसरे निवेश से भी लोन का प्री-पेमेंट कर सकते हैं. अगर आपके पास पर्याप्त लिक्विड सेविंग है, तो पहले उसका इस्तेमाल करने पर विचार करना चाहिए. इससे रिटायरमेंट के लिए जमा PF सुरक्षित रहेगा.

एक्सपर्ट्स की सलाह है कि होम लोन का प्री-पेमेंट करते समय EMI कम करने के बजाय लोन की अवधि घटाने पर विचार करें. इससे लंबे समय में ब्याज की बचत ज्यादा हो सकती है.

कुल मिलाकर, EPF से होम लोन चुकाने की सुविधा जरूर है, लेकिन इसे रिटायरमेंट फंड का विकल्प नहीं समझना चाहिए. PF से पैसा निकालने का फैसला तभी करें, जब ब्याज की बचत रिटायरमेंट फंड में होने वाले संभावित नुकसान से ज्यादा हो.

यह भी पढ़ें- 8th pay Comission: किसी को 497% तो किसी को मिलेगा केवल 63% DA, आखिर क्यों?