PF निकालना होगा आसान, अब UPI से सीधे खाते में आएगा पैसा, जानिए EPFO 3.0 में क्या बदलेगा

EPFO 3.0 आने के बाद PF निकालने की प्रक्रिया पहले से काफी आसान हो सकती है. अभी PF निकासी के लिए क्लेम, KYC जांच और कई बार नियोक्ता की मंजूरी का इंतजार करना पड़ता है. नए सिस्टम में सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे.

EPFO 3.0 आने के बाद PF निकालने की प्रक्रिया पहले से काफी आसान हो सकती है. Image Credit:

EPFO 3.0: देश के करोड़ों EPF खाताधारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. EPFO जल्द 3.0 सिस्टम लाने की तैयारी में है, जिससे PF निकालने का तरीका काफी आसान हो सकता है. अभी तक PF निकालने के लिए लंबा इंतजार, कागजी प्रक्रिया और कई तरह की मंजूरी की जरूरत पड़ती है. लेकिन नए सिस्टम में यह प्रक्रिया काफी तेज हो सकती है. EPFO के मुताबिक, सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे. इससे करोड़ों कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है.

अभी PF निकालने की प्रक्रिया कैसी

फिलहाल EPF का पैसा निकालने के लिए सदस्यों को ऑनलाइन या EPFO ऑफिस में क्लेम करना होता है. इसके लिए फॉर्म 31 भरना पड़ता है. इसके बाद KYC जांच होती है और कई मामलों में कंपनी या नियोक्ता की मंजूरी का इंतजार करना पड़ता है. अगर दस्तावेज में कोई गलती हो तो पूरी प्रक्रिया दोबारा शुरू करनी पड़ सकती है. इसके चलते कई बार 7 से 10 दिन या उससे ज्यादा का समय लग जाता है.

EPFO 3.0 में क्या होगा नया

EPFO 3.0 में सदस्य सीधे UPI के जरिए पैसा निकाल सकेंगे. EPFO ने इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी होने की जानकारी दी है. सदस्य अपने खाते में उपलब्ध PF बैलेंस देख सकेंगे और जरूरत के हिसाब से राशि बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे. पैसा सीधे खाते में आएगा और उसके बाद उसका इस्तेमाल किसी भी जरूरत के लिए किया जा सकेगा. इससे पूरी प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी.

नियोक्ता की मंजूरी से मिलेगी राहत

अभी PF निकासी में कई बार नियोक्ता की मंजूरी जरूरी होती है. नौकरी बदलने या पुरानी कंपनी बंद होने की स्थिति में यह और मुश्किल हो जाता है. EPFO 3.0 में इस परेशानी से राहत मिल सकती है. नए सिस्टम में कई मामलों में नियोक्ता की जरूरत नहीं होगी. इससे कर्मचारियों को अपने पैसे के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पडे़गा. क्लेम प्रक्रिया भी पहले से आसान हो सकती है.

निकासी की सीमा भी बढ़ाई गई

EPFO ने ऑटो सेटलमेंट के तहत निकासी सीमा को पहले के 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है. इसका मतलब यह है कि अब सदस्य ज्यादा रकम जल्दी निकाल सकेंगे. मेडिकल जरूरत, घर खर्च या किसी आपात स्थिति में यह सुविधा काफी काम आ सकती है. इससे PF का पैसा जरूरत के समय जल्दी हाथ में आ सकेगा. यह बदलाव कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

व्हाट्सएप पर भी मिलेगी सुविधा

EPFO अपने सदस्यों तक पहुंच आसान बनाने के लिए व्हाट्सएप का भी इस्तेमाल करने जा रहा है. सदस्य EPFO के वेरिफाई व्हाट्सएप नंबर पर Hello लिखकर बातचीत शुरू कर सकेंगे. यहां से उन्हें सेवाओं की जानकारी मिल सकेगी. साथ ही EPFO की तरफ से मोबाइल नंबर पर जरूरी अपडेट भी भेजे जा सकते हैं. इससे लोगों को जानकारी पाने के लिए बार- बार वेबसाइट पर जाने की जरूरत कम हो सकती है.

यह भी पढ़ें- टैक्सपेयर्स के लिए बड़ी खबर, ITR 2 ऑनलाइन फाइलिंग शुरू, 31 जुलाई है आखिरी तारीख

करोड़ों कर्मचारियों को होगा फायदा

देश में EPFO के 7 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं. EPFO 3.0 लागू होने के बाद इन सभी को तेज, आसान और डिजिटल सर्विस का फायदा मिल सकता है. PF निकालने में देरी कम हो सकती है और दस्तावेजी परेशानी भी घट सकती है. अगर यह सुविधा पूरी तरह लागू होती है तो कर्मचारियों के लिए अपने PF पैसे तक पहुंच पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी.