EPFO की वेज सीलिंग बढ़ी, फिर भी EDLI कवर ₹7 लाख पर अटका, जानिए पूरा मामला
EPFO की वेज सीलिंग ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हो गई है. इससे कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ेगा. हालांकि EDLI बीमा कवर अभी ₹7 लाख पर ही है. नए फॉर्मूले से रकम ₹10.50 लाख तक पहुंच सकती है.

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े कर्मचारियों के लिए हाल में बड़ा बदलाव हुआ है. सरकार ने EPFO के तहत अनिवार्य कवरेज की वेज सीलिंग को ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह कर दिया है. इससे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को EPF, EPS और EDLI जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा. हालांकि, इस बदलाव के बाद भी EDLI यानी Employees’ Deposit Linked Insurance का अधिकतम बीमा कवर अभी ₹7 लाख ही है. यही वजह है कि अब सवाल उठ रहा है कि जब वेज सीलिंग बढ़ गई है तो EDLI का कवर क्यों नहीं बढ़ाया गया?
₹25,000 की वेज सीलिंग से क्या बदला?
नई व्यवस्था के तहत ₹15,000 से ₹25,000 तक की मासिक वेज पाने वाले कई कर्मचारी EPFO के दायरे में आएंगे. इसका मतलब है कि इन कर्मचारियों को भविष्य निधि के साथ पेंशन और EDLI बीमा जैसी सुविधाओं का फायदा मिलेगा. नई वेज सीमा से EPFO की सामाजिक सुरक्षा का दायरा भी बढ़ेगा.
वेज सीलिंग बढ़ने का असर कर्मचारी और नियोक्ता के योगदान पर भी पड़ेगा. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की वेज ₹25,000 है तो 12 फीसदी के हिसाब से कर्मचारी का EPF योगदान ₹3,000 तक हो सकता है. वहीं EDLI के लिए नियोक्ता का योगदान भी बढ़ेगा.
EDLI में कितना मिल सकता है बीमा कवर?
EDLI के तहत कर्मचारी की नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिवार या नामित व्यक्ति को बीमा राशि मिलती है. इसका लाभ कर्मचारी को अलग से प्रीमियम दिए बिना मिलता है, क्योंकि EDLI में योगदान नियोक्ता करता है.
EDLI के लाभ की गणना एक तय फॉर्मूले के आधार पर होती है. इसमें औसत मासिक वेज का 35 गुना और PF खाते में मौजूद औसत बैलेंस का एक हिस्सा शामिल किया जाता है.
अगर ₹25,000 की वेज को आधार माना जाए तो 35 गुना के हिसाब से रकम ₹8.75 लाख बनती है. इसके अलावा PF बैलेंस से जुड़ा अधिकतम हिस्सा ₹1.75 लाख तक हो सकता है. इस तरह फॉर्मूले के हिसाब से संभावित राशि ₹10.50 लाख तक पहुंच सकती है.
फिर परिवार को ₹10.50 लाख क्यों नहीं मिलेंगे?
यहां सबसे महत्वपूर्ण बात EDLI की अधिकतम सीमा है. मौजूदा नियमों के तहत EDLI का अधिकतम assurance benefit ₹7 लाख निर्धारित है. इसलिए भले ही नए वेज फॉर्मूले से गणना की रकम ₹10.50 लाख तक पहुंच जाए, लेकिन वास्तविक भुगतान की अधिकतम सीमा फिलहाल ₹7 लाख ही रहेगी. यानी सिर्फ EPFO की वेज सीलिंग बढ़ने से EDLI का अधिकतम बीमा कवर अपने आप नहीं बढ़ता.
₹7 लाख की सीमा बढ़ाने के लिए क्या करना होगा?
अगर सरकार EDLI कवर को ₹10.50 लाख तक बढ़ाना चाहती है तो EDLI योजना में अलग से संशोधन करना होगा. इसके बाद ही अधिकतम बीमा लाभ की सीमा बढ़ सकेगी.
इसलिए फिलहाल कर्मचारियों के लिए नई वेज सीलिंग का फायदा जरूर बढ़ा है, लेकिन EDLI के मामले में अधिकतम भुगतान ₹7 लाख पर ही बना हुआ है. अब कर्मचारियों की नजर सरकार के अगले फैसले पर है कि क्या EDLI की अधिकतम सीमा को भी नई वेज सीलिंग के अनुरूप बढ़ाया जाता है.