RBI ने बढ़ाया रेपो रेट, ₹25 लाख से ₹2 करोड़ के होम लोन पर कितना बढ़ेगा EMI का बोझ? देखें पूरा हिसाब

RBI ने रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया है. इसका असर रेपो रेट से जुड़े फ्लोटिंग होम लोन की ब्याज दरों और EMI पर पड़ सकता है. 20 साल की अवधि वाले 25 लाख रुपये से 2 करोड़ रुपये के होम लोन पर 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी से EMI कितनी बढ़ सकती है, जानें पूरा हिसाब.

होम लोन Image Credit: Money9live/Canva

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को अपनी मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की है. इसके साथ रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया है. इस फैसले का सीधा असर उन होम लोन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जिनका लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क लिंक्ड रेट (EBLR) से जुड़ा है. ऐसे में बैंक जब अपनी होम लोन ब्याज दरों में बढ़ोतरी करेंगे, तो ऐसे ग्राहकों की EMI बढ़ सकती है.

हालांकि, RBI के फैसले के तुरंत बाद EMI बढ़ना जरूरी नहीं है. बैंक और दूसरे कर्जदाता अपनी EBLR होम लोन दरों में बदलाव करने में कुछ हफ्ते से लेकर कुछ महीने तक का समय ले सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं अगर किसी ने 25 लाख रुपये से 2 करोड़ रुपये के बीच में होम लोन लिया है, तो उसके EMI पर कितना असर पड़ सकता है.

₹25 लाख से ₹2 करोड़ के होम लोन पर कितना बढ़ेगा EMI?

अगर 20 साल की बाकी अवधि वाले होम लोन की ब्याज दर 7.25% से बढ़कर 7.50% हो जाती है, तो EMI में इस तरह बढ़ोतरी होगी:

बकाया लोन7.25% पर EMI7.50% पर EMIEMI में बढ़ोतरी
₹25 लाख₹19,759.40₹20,139.83₹380.43
₹50 लाख₹39,518.80₹40,279.66₹760.86
₹75 लाख₹59,278.20₹60,419.49₹1,141.29
₹1 करोड़₹79,037.60₹80,559.32₹1,521.72
₹1.25 करोड़₹98,797.00₹1,00,699.15₹1,902.15
₹1.50 करोड़₹1,18,556.40₹1,20,838.98₹2,282.58
₹1.75 करोड़₹1,38,315.80₹1,40,978.81₹2,663.01
₹2 करोड़₹1,58,075.20₹1,61,118.64₹3,043.44
नोट- यह कैलकुलेशन HDFC बैंक के होम लोन कैलकुलेटर पर आधारित है.

इस उदाहरण में 25 लाख रुपये के बकाया होम लोन पर EMI 380.43 रुपये बढ़ती है, जबकि 2 करोड़ रुपये के बकाया लोन पर EMI 3,043.44 रुपये बढ़ती है.

अगर ब्याज दर 7.75% से बढ़कर 8% हुई तो?

अब 20 साल की बाकी अवधि वाले होम लोन में अगर ब्याज दर 7.75% से बढ़कर 8% हो जाती है, तो EMI पर असर इस तरह होगा:

बकाया लोन7.75% पर EMI8.00% पर EMIEMI में बढ़ोतरी
₹25 लाख₹20,523.71₹20,911.00₹387.29
₹50 लाख₹41,047.43₹41,822.00₹774.58
₹75 लाख₹61,571.14₹62,733.01₹1,161.86
₹1 करोड़₹82,094.86₹83,644.01₹1,549.15
₹1.25 करोड़₹1,02,618.57₹1,04,555.01₹1,936.44
₹1.50 करोड़₹1,23,142.28₹1,25,466.01₹2,323.73
₹1.75 करोड़₹1,43,666.00₹1,46,377.01₹2,711.01
₹2 करोड़₹1,64,189.71₹1,67,288.01₹3,098.30

इस स्थिति में 25 लाख रुपये के बकाया लोन पर EMI 387.29 रुपये बढ़ सकती है, जबकि 2 करोड़ रुपये के लोन पर EMI में 3,098.30 रुपये की बढ़ोतरी होगी.

होम लोन लेने वालों को अब क्या करना चाहिए?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI के संकेतों को देखते हुए ग्राहकों को आगे EMI कम होने के भरोसे अपनी योजना नहीं बनानी चाहिए. बैंक कई बार EMI को समान रखने के लिए लोन की अवधि बढ़ा देते हैं. इससे हर महीने की EMI में बड़ा बदलाव नहीं दिखता, लेकिन लंबे समय में ग्राहक को ज्यादा ब्याज चुकाना पड़ सकता है.

ऐसे में होम लोन ग्राहक अपने बैंक से यह समझ सकते हैं कि रेपो रेट बढ़ने का असर उनके लोन पर किस तरह लागू किया जाएगा. इसके अलावा हर साल थोड़ी रकम का प्रीपेमेंट करने से अतिरिक्त ब्याज के बोझ को सीमित करने में मदद मिल सकती है.

रेपो रेट बढ़ने से होम लोन महंगा क्यों होता है?

रेपो रेट वह दर है जिस पर बैंक RBI से पैसा उधार लेते हैं. जब RBI रेपो रेट बढ़ाता है तो बैंकों के लिए RBI से मिलने वाले पैसे की लागत बढ़ जाती है. इसके बाद बैंक अपनी बढ़ी हुई लागत का असर कर्ज लेने वाले ग्राहकों पर डाल सकते हैं और होम लोन की ब्याज दर बढ़ सकती है.

भारत में ज्यादातर फ्लोटिंग रेट होम लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क जैसे रेपो रेट से जुड़े होते हैं. इसलिए जब रेपो रेट में बदलाव होता है तो ऐसे लोन की ब्याज दर पर भी इसका असर पड़ सकता है.

इसे भी पढ़ें- RBI के फैसले के बाद FD पर बजाज फाइनेंस ने दिया तोहफा! क्या अब बाकी भी देंगे फायदा, यहां है पूरी लिस्ट