पति ने पत्नी को दिए 10 लाख रुपये, शेयर बाजार से कमाई तो किसे देना होगा टैक्स?

अगर पति पत्नी को निवेश के लिए 10 लाख रुपये गिफ्ट करता है तो इस रकम पर पत्नी को टैक्स नहीं देना होगा. लेकिन इस पैसे से शेयर और म्यूचुअल फंड में निवेश करने पर होने वाला मुनाफा किसकी आय माना जाएगा? इनकम टैक्स एक्ट 2025 के सेक्शन 99 में इसके लिए खास नियम बनाए गए हैं.

पति पत्नी गिफ्ट टैक्स Image Credit:

पति-पत्नी के बीच पैसों का लेनदेन आम बात है. कई बार पति अपनी पत्नी को निवेश के लिए बड़ी रकम गिफ्ट करते हैं. लेकिन अगर पत्नी इस पैसे से शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड में निवेश करती है और उसे मुनाफा होता है, तो सवाल उठता है कि इस कमाई पर इनकम टैक्स किसे देना होगा? क्या टैक्स पति के खाते में जुड़ेगा या पत्नी को अपनी कमाई पर टैक्स चुकाना पड़ेगा? आयकर के नियमों में इसे लेकर खास प्रावधान है.

पति से मिले 10 लाख रुपये पर नहीं लगेगा टैक्स

मान लीजिए किसी महिला के पति उसे 10 लाख रुपये गिफ्ट करते हैं. पत्नी इस रकम को म्यूचुअल फंड और शेयरों में निवेश करना चाहती है. सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि पति से मिले गिफ्ट पर पत्नी को कोई टैक्स नहीं देना होता. इनकम टैक्स कानून के तहत पति-पत्नी एक-दूसरे के निर्दिष्ट रिश्तेदारों की श्रेणी में आते हैं. इसलिए उनके बीच गिफ्ट के रूप में दिए गए पैसे पर रिसीवर को टैक्स नहीं देना पड़ता.

निवेश से होने वाले मुनाफे पर किसे देना होगा टैक्स?

इस मामले में सबसे अहम नियम इनकम क्लबिंग का है. इनकम टैक्स एक्ट 2025 के सेक्शन 99 के तहत अगर पति अपनी पत्नी को बिना पर्याप्त भुगतान के कोई रकम या संपत्ति ट्रांसफर करता है, तो उससे सीधे होने वाली कमाई पति की आय में जोड़ दी जाती है. इसका मतलब है कि अगर पत्नी पति से मिले 10 लाख रुपये से शेयर या म्यूचुअल फंड खरीदती है और उन्हें बेचकर मुनाफा कमाती है, तो उस शुरुआती निवेश से होने वाला कैपिटल गेन पति की इनकम में जोड़ा जाएगा. यानी पत्नी के खाते में निवेश होने और शेयर बेचने के बावजूद शुरुआती रकम से होने वाले मुनाफे पर टैक्स की जिम्मेदारी पति की होगी.

मुनाफे को दोबारा निवेश करने पर क्या होगा?

मान लीजिए पत्नी ने 10 लाख रुपये निवेश किए और कुछ समय बाद निवेश की वैल्यू बढ़कर 12 लाख रुपये हो गई. इसमें 2 लाख रुपये का मुनाफा शामिल है. अब पत्नी 12 लाख रुपये को बेचकर दोबारा किसी दूसरे शेयर या म्यूचुअल फंड में निवेश कर देती है. ऐसे में टैक्स का नियम थोड़ा अलग हो जाता है. नियमों के मुताबिक, शुरुआती 10 लाख रुपये से जुड़े निवेश पर होने वाली कमाई पति की आय में क्लब होगी. वहीं, पहले निवेश से मिले 2 लाख रुपये के मुनाफे को दोबारा निवेश करने पर उससे होने वाली आगे की कमाई पत्नी की आय मानी जाएगी. इसलिए दोबारा निवेश की गई रकम से मिलने वाले रिटर्न का हिसाब अलग-अलग रखना जरूरी है.

म्यूचुअल फंड की यूनिट गिफ्ट करने पर क्या है नियम?

अगर पति पत्नी को पैसे देने के बजाय सीधे म्यूचुअल फंड की यूनिट गिफ्ट करता है, तब भी गिफ्ट पर आमतौर पर टैक्स नहीं लगता. हालांकि, जब पत्नी इन यूनिट को बेचती है, तो कैपिटल गेन की गणना के लिए पति की खरीद कीमत और होल्डिंग पीरियड को ध्यान में रखा जाता है. इस तरह पति-पत्नी के बीच निवेश से जुड़ा लेनदेन टैक्स के लिहाज से अलग-अलग नियमों के तहत आता है. निवेशकों के लिए जरूरी बात: पति से मिले गिफ्ट की रकम, उससे हुई कमाई और दोबारा निवेश से मिलने वाले रिटर्न का रिकॉर्ड अलग रखना चाहिए. इससे इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते समय परेशानी नहीं होगी.

यह भी पढ़ें- WhatsApp से डाउनलोड करें EPFO पासबुक, घर बैठे चेक करें PF बैलेंस और आखिरी 5 ट्रांजैक्शन, जानिए पूरा तरीका