रोज ₹8 की बचत बनाएगा ₹1.51 लाख का फंड! बच्चे के नाम शुरू करें ये स्कीम

बच्चे के भविष्य के लिए बड़ी रकम से निवेश शुरू करना जरूरी नहीं है. NPS Vatsalya में माता-पिता या अभिभावक 250 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं. इसमें बच्चे के 18 साल का होने तक निवेश किया जा सकता है. स्कीम में आंशिक निकासी, 18 साल के बाद एग्जिट और NPS में बदलाव जैसे विकल्प भी मिलते हैं.

हर रोज का इन्वेस्टमेंट Image Credit: Canva

बच्चे के भविष्य और उसकी पढ़ाई के लिए बड़ा फंड बनाने के लिए शुरुआत में हजारों रुपये निवेश करना जरूरी नहीं है. छोटी रकम से भी बचत की शुरुआत की जा सकती है. अगर हर महीने सिर्फ 250 रुपये यानी रोज करीब 8 रुपये नियमित रूप से निवेश किए जाएं तो लंबे समय में अच्छा फंड तैयार हो सकता है.

NPS Vatsalya में खाता खोलने और सालाना निवेश की न्यूनतम रकम 250 रुपये है. इस स्कीम में अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है. माता-पिता या अभिभावक अपनी क्षमता के हिसाब से बच्चे के नाम पर निवेश कर सकते हैं. आइए जानते है इस स्किम की पूरी डिटेल.

NPS Vatsalya क्या है?

NPS Vatsalya को केंद्रीय बजट 2024-25 में शुरू करने का ऐलान किया गया था. यह नाबालिगों के लिए बनाई गई निवेश योजना है, जिसे Pension Fund Regulatory and Development Authority यानी PFRDA कंट्रोल करता है. माता-पिता या कानूनी अभिभावक बच्चे के नाम पर यह खाता खोल सकते हैं और बच्चे के 18 साल का होने तक इसमें निवेश कर सकते हैं. रिश्तेदार और दोस्त भी बच्चे के खाते में उपहार के तौर पर पैसा जमा कर सकते हैं.

इसमें जमा पैसा PFRDA के तहत रजिस्टर्ड पेंशन फंड के जरिए निवेश किया जाता है. इसलिए इसमें मिलने वाला रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है.

₹250 हर महीने जमा करने पर कितना बनेगा फंड?

मान लीजिए कि बच्चे के जन्म के समय से ही हर महीने 250 रुपये का निवेश शुरू किया जाता है और यह निवेश 18 साल तक जारी रहता है. इस दौरान कुल निवेश 54000 रुपये होगा.

अगर इस निवेश पर उदाहरण के तौर पर औसतन 10 फीसदी का सालाना रिटर्न मिलता है तो 18 साल बाद कुल फंड करीब 1.51 लाख रुपये हो सकता है.

ऐसे समझें पूरा कैलकुलेशन

हर महीने निवेशनिवेश का समयकुल जमा रकम10% अनुमानित रिटर्न पर संभावित फंड
₹25018 साल₹54,000करीब ₹1.51 लाख
₹50018 साल₹1.08 लाखकरीब ₹3.03 लाख
₹1,00018 साल₹2.16 लाखकरीब ₹6.06 लाख

याद रहें यह कैलकुलेशन सिर्फ उदाहरण के लिए है. NPS Vatsalya में रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है और वास्तविक रिटर्न पेंशन फंड के प्रदर्शन और निवेश विकल्प के आधार पर कम या ज्यादा हो सकता है.

रोज के सिर्फ ₹8 की बचत

250 रुपये महीने का मतलब है रोजाना करीब 8 रुपये की बचत. यह रकम छोटी जरूर है, लेकिन लंबे समय तक लगातार निवेश करने पर कंपाउंडिंग का असर फंड को बढ़ाने में मदद कर सकता है. सबसे बड़ी बात यह है कि बच्चे की उम्र कम होने पर निवेश को बढ़ने के लिए ज्यादा समय मिलता है. यही वजह है कि छोटी रकम से जल्दी शुरुआत करना फायदेमंद हो सकता है.

₹500 और ₹1,000 महीने जमा करने पर और बढ़ेगा फंड

अगर माता-पिता 250 रुपये की जगह हर महीने 500 रुपये जमा करते हैं तो 18 साल में करीब 3.03 लाख रुपये का फंड बन सकता है. वहीं, हर महीने 1000 रुपये निवेश करने पर यही रकम करीब 6.06 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.

इसलिए आय बढ़ने के साथ निवेश की रकम को धीरे-धीरे बढ़ाया जा सकता है. इससे बच्चे की उच्च शिक्षा और दूसरे भविष्य के खर्चों के लिए बड़ा फंड तैयार करने में मदद मिल सकती है.

NPS Vatsalya में कौन कर सकता है निवेश?

यह स्कीम 18 साल से कम उम्र के भारतीय बच्चों के लिए है. इसमें माता-पिता या कानूनी अभिभावक बच्चे के नाम पर अकाउंट खोलते हैं और उसके नाबालिग रहने तक खाते का संचालन करते हैं. NRI और OCI भी इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं. रिश्तेदार और दोस्त भी बच्चे के खाते में योगदान कर सकते हैं.

जरूरत पड़ने पर आंशिक निकासी भी संभव

खाता खुलने के तीन साल बाद कुछ खास जरूरतों के लिए आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है. शिक्षा, तय बीमारियों के इलाज और 75% से अधिक दिव्यांगता जैसी स्थितियों में अपनी जमा रकम का अधिकतम 25% निकाला जा सकता है. इसमें रिटर्न की रकम शामिल नहीं होती. 18 साल की उम्र से पहले अधिकतम दो बार और 18 से 21 साल के बीच शर्तों के तहत दो अतिरिक्त आंशिक निकासी की अनुमति है.

18 साल के बाद क्या होगा?

18 साल की उम्र पूरी होने के बाद खाताधारक नया KYC पूरा कर सकता है. इसके बाद उसके पास खाते को 21 साल की उम्र तक जारी रखने, NPS के किसी दूसरे लागू मॉडल में शिफ्ट करने या बाहर निकलने का विकल्प होता है.

अगर खाते में कुल रकम 8 लाख रुपये से कम है तो पूरी राशि निकालने का विकल्प उपलब्ध है. अगर रकम 8 लाख रुपये या उससे अधिक है तो नियमों के तहत अधिकतम 80% रकम एकमुश्त निकाली जा सकती है.

बच्चों के भविष्य के लिए कैसे बनाएं बड़ा फंड?

अगर बच्चे की उम्र कम है तो छोटी रकम से शुरुआत करना एक अच्छा तरीका हो सकता है. उदाहरण के लिए, शुरुआत 250 या 500 रुपये महीने से की जा सकती है. बाद में आय बढ़ने पर निवेश की रकम को 1000 रुपये या उससे अधिक किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें- वरदान बना रिजर्व बैंक का फैसला, भारतीय बैंकों ने विदेश से जुटाए 12 अरब डॉलर