SBI ने FD और सेविंग अकाउंट से जुड़े नियम बदले, ग्राहकों को होगा क्या फायदा और नुकसान?

SBI ने 3 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की बल्क FD पर ब्याज दरें घटाई हैं. वहीं BSBD अकाउंट में महीने की चार मुफ्त कैश निकासी के बाद 15 रुपये और GST चार्ज लगेगा. छोटे FD ग्राहकों की दरें फिलहाल unchanged हैं.

भारतीय स्टेट बैंक

Highlights

  • SBI ने 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की बल्क FD दरें घटाईं
  • BSBD खाते में चार मुफ्त निकासी के बाद चार्ज लगेगा
  • छोटे FD ग्राहकों की ब्याज दरों में फिलहाल बदलाव नहीं

देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सेविंग अकाउंट से जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किया है. बैंक ने 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की घरेलू बल्क एफडी पर ब्याज दरों में कटौती की है. इसके अलावा Basic Savings Bank Deposit (BSBD) अकाउंट से महीने में चार से ज्यादा कैश निकासी करने पर चार्ज लगाने का फैसला किया गया है.

बल्क FD पर ब्याज दरों में कटौती

SBI ने 15 अगस्त 2026 से 3 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की घरेलू बल्क टर्म डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है. 7 से 14 दिन की अवधि वाली एफडी पर ब्याज दर 4.50% से घटकर 4.25% हो गई है. वहीं, 15 से 45 दिन की एफडी पर दर 5% से घटकर 4.75% कर दी गई है.

इसी तरह 46 से 179 दिन की अवधि के लिए ब्याज दर 5.10% से घटाकर 4.85% कर दी गई है. 180 से 210 दिन की बल्क एफडी पर दर 5.60% से घटकर 5.50% हो गई है.

लंबी अवधि की FD पर दरें नहीं बदलीं

SBI ने 211 दिन से लेकर एक साल से कम अवधि की बल्क एफडी पर ब्याज दर 5.60% पर बरकरार रखी है. एक साल से दो साल से कम अवधि के लिए अधिकतम 6.25% ब्याज मिल रहा है.

दो से तीन साल से कम अवधि की एफडी पर 6.15% और तीन से 10 साल तक की अवधि पर 6% ब्याज दर बरकरार है. वरिष्ठ नागरिकों को लंबी अवधि की एफडी पर सामान्य ग्राहकों की तुलना में 0.50 प्रतिशत ज्यादा ब्याज मिलता रहेगा.

आम ग्राहकों की छोटी FD पर कोई बदलाव नहीं

यह बदलाव मुख्य रूप से 3 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की बल्क एफडी पर लागू है. SBI ने 3 करोड़ रुपये से कम की घरेलू रिटेल एफडी की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है.

वर्तमान में 7 से 45 दिन की रिटेल एफडी पर 3.05%, 46 से 179 दिन पर 4.90%, 180 से 210 दिन पर 5.65% और 211 दिन से एक साल से कम अवधि पर 5.90% ब्याज मिल रहा है. एक से दो साल की एफडी पर 6.25%, दो से तीन साल पर 6.40%, तीन से पांच साल पर 6.30% और पांच से 10 साल पर 6.05% ब्याज दर है.

BSBD अकाउंट में चार निकासी मुफ्त

SBI ने Basic Savings Bank Deposit यानी BSBD अकाउंट के सर्विस चार्ज में भी बदलाव किया है. नए नियम के मुताबिक, ग्राहक महीने में चार कैश निकासी मुफ्त कर सकेंगे. इसके बाद हर कैश निकासी पर 15 रुपये और GST देना होगा.

यह नया चार्ज 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा. चार मुफ्त निकासी की सीमा में SBI या दूसरे बैंक के ATM से की गई निकासी और ट्रांसफर शामिल हैं. हालांकि UPI, NEFT, RTGS, IMPS और PoS जैसे डिजिटल ट्रांजैक्शन को इस चार निकासी की सीमा में नहीं गिना जाएगा.

BSBD अकाउंट के कई फायदे बरकरार

SBI ने BSBD अकाउंट से जुड़े बाकी कई नियमों में बदलाव नहीं किया है. इस खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की जरूरत नहीं है. बेसिक RuPay ATM-कम-डेबिट कार्ड मुफ्त मिलता है और उस पर वार्षिक मेंटेनेंस चार्ज नहीं है.

खाता बंद करने का कोई शुल्क नहीं है. सरकारी चेक जमा या कलेक्शन पर भी कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा. ऐसे ग्राहक जिनके पास पहले से किसी बैंक में BSBD अकाउंट नहीं है और उनके पास जरूरी KYC दस्तावेज हैं, वे SBI में यह खाता खोल सकते हैं.

कुल मिलाकर, SBI के नए बदलावों का असर मुख्य रूप से बड़े एफडी निवेशकों और BSBD अकाउंट से बार-बार कैश निकालने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा. सामान्य रिटेल एफडी ग्राहकों के लिए फिलहाल ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

यह भी पढ़ें- भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 716.91 अरब डॉलर, एक हफ्ते में 9.90 अरब डॉलर की बढ़ोतरी