भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 716.91 अरब डॉलर, एक हफ्ते में 9.90 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर पहुंच गया. विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और सोने के भंडार में बढ़ोतरी से रिजर्व मजबूत हुआ. हालांकि, यह फरवरी के 728.49 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर से नीचे है.

विदेशी मुद्रा भंडार

Highlights

  • भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 716.91 अरब डॉलर पहुंच गया है
  • विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर हुईं
  • सोने का भंडार 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर हुआ

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे सप्ताह तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.90 अरब डॉलर बढ़कर 716.91 अरब डॉलर हो गया. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी. इससे पहले 7 अगस्त को समाप्त सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार 14.14 अरब डॉलर बढ़कर 707.002 अरब डॉलर हो गया था.

फरवरी के रिकॉर्ड स्तर से अभी पीछे है भंडार

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार इस साल 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था. हालांकि, इसके बाद पश्चिम एशिया में शुरू हुए संघर्ष के कारण भंडार में कई सप्ताह तक गिरावट देखने को मिली.

इस दौरान रुपये पर दबाव बढ़ने के कारण RBI को रुपये को संभालने के लिए विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा. इसके लिए केंद्रीय बैंक ने डॉलर की बिक्री की, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर असर पड़ा. अब एक बार फिर भंडार में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है.

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में 7.22 अरब डॉलर की वृद्धि

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (Foreign Currency Assets) 7.22 अरब डॉलर बढ़कर 581.85 अरब डॉलर हो गईं.

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में अमेरिकी डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और जापानी येन जैसी अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राएं भी शामिल होती हैं. डॉलर के मुकाबले इन मुद्राओं की कीमत में होने वाले बदलाव का असर भी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों के मूल्य पर पड़ता है.

सोने के भंडार में भी जोरदार बढ़ोतरी

समीक्षाधीन सप्ताह में भारत के स्वर्ण भंडार के मूल्य में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई. RBI के अनुसार, सोने का भंडार 2.68 अरब डॉलर बढ़कर 111.42 अरब डॉलर हो गया. सोने की कीमतों में तेजी का असर इसके कुल मूल्य पर पड़ा है. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ने से कुल रिजर्व को भी मजबूती मिली है.

SDR में मामूली गिरावट

आंकड़ों के अनुसार, सप्ताह के दौरान विशेष आहरण अधिकार (SDR) 5 करोड़ डॉलर घटकर 18.74 अरब डॉलर रह गया. वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत का रिजर्व 5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.89 अरब डॉलर हो गया.

विदेशी मुद्रा प्रवाह बढ़ाने के लिए कदम

सरकार और RBI ने हाल के महीनों में देश में विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं. इनमें विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा से जुड़े उपाय भी शामिल हैं. केंद्रीय बैंक के मुताबिक, 13 अगस्त तक रियायती मुद्रा अदला-बदली व्यवस्था के तहत देश को 56.85 अरब डॉलर प्राप्त हो चुके थे.

विदेशी मुद्रा भंडार में मौजूदा बढ़ोतरी भारत की बाहरी वित्तीय स्थिति के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है. हालांकि, भंडार अभी फरवरी के रिकॉर्ड स्तर से नीचे है.

यह भी पढ़ें- Gold Loan: सोने की चमक के पीछे बड़ा दांव, Tata-Godrej के बाद Birla की एंट्री से बढ़ी होड़