आपके पास भी है इस बैंक का क्रेडिट कार्ड तो 28 अगस्त से बदल रहे नियम, ऐसे पड़ेगा जेब पर असर

Axis Bank Credit Card Rule: आपके पास भी एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है 28 अगस्त से नियमों में बदलाव हो रहा है, अब पहले से ज्यादा DCC चार्ज, बकाया राशि पर लेट फीस को भी रिवाइज किया गया है. इसी के साथ और भी कई बदलाव होने वाले हैं.

क्रेडिट कार्ड चार्ज Image Credit: Magnific

Highlights

  • एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से जुड़े बदल रहे नियम.
  • लागू होगा पेमेंट एडजस्टमेंट का नया तरीका.
  • ज्यादा बकाया पर लगेगा 1300 रुपए का चार्ज.

आप भी Axis Bank का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो आज की ये खबर खास आपके लिए है, क्योंकि 28 अगस्त 2026 यानी अगले हफ्ते से बैंक क्रेडिट कार्ड पर लागू होने वाले नियमों और चार्ज में कई बदलाव कर रहा है. इन बदलावों में ज्यादा बकाया बैलेंस पर रिवाइस लेट पेमेंट फीस, डायनामिक करेंसी कन्वर्जन मार्कअप, गिफ्ट कार्ड से जुड़े नियम बदल गए हैं.

अगर आप एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो आपको इन सभी बदलावों के बारे में जानकारी होनी चाहिए, खासकर तब जब आप इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन और एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस या फिर गिफ्ट कार्ड के लिए कार्ड का यूज करते हैं.

बदल गई लेट पेमेंट फीस

इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, अब बैंक 50,000 रुपए और उससे ज्यादा के क्रेडिट कार्ड आउटस्टैंडिंग बैलेंस पर 1300 रुपए की लेट पेमेंट फीस लगाने वाला है. बैंक का कहना है कि 50,000 रुपए से कम के आउटस्टैंडिंग बैलेंस पर लेट पेमेंट फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

  • अगर बकाया राशि 500 रुपए है तो चार्ज NIL.
  • 501 रुपए से 5000 रुपए तक 500 रुपए का चार्ज.
  • 5001 रुपए से 10,000 रुपए तक 750 रुपए का चार्ज.
  • 10001 रुपए से 50,000 रुपए तक 1200 रुपए का चार्ज.
  • 50000 रुपए से ज्यादा के बकाया राशि पर 1300 रुपए का चार्ज लगेगा.

पेमेंट पर बकाया राशि के लिए ऐसे एडजस्ट होगा अमाउंट

जब आप क्रेडिट कार्ड पेमेंट करते हैं, तो यह आपके बकाया राशि के अलग-अलग हिस्सों पर एक खास क्रम में लागू होगा. पेमेंट को पहले फीस और चार्ज (टैक्स सहित) के लिए बदला जाएगा, फिर इसे इक्वेटेड मंथली इंस्टॉलमेंट (EMI), इंटरेस्ट चार्ज, खरीदारी और कैश एडवांस में लागू होगा.

प्रायोरिटी पास कार्ड नियम में हुआ बदलाव

MAGNUS क्रेडिट कार्ड पर प्रायोरिटी पास कार्ड अब 28 अगस्त 2026 से भारत में डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज में एंट्री के लिए वैलिड नहीं होगा. ध्यान दें कि इमिग्रेशन के बाद भारतीय इंटरनेशनल टर्मिनल पर एलिजिबल एयरपोर्ट लाउंज को इंटरनेशनल लाउंज माना जाता है और आप अपने प्रायोरिटी पास का इस्तेमाल कर वहां जा सकते हैं.

गिफ्ट कार्ड से जुड़े नियम भी बदले

एक्सिस बैंक का कहना है कि गिफ्ट कार्ड खरीदारी रिवॉर्ड कैटेगरी से बाहर रहेगी और उस पर रिवॉर्ड या कैशबैक नहीं मिलेगा. हालांकि, बैंक का कहना है कि ‘वॉलेट’ खर्च कैटेगरी में क्लासिफाई करने के बजाय, ऐसी खरीदारी को अब गिफ्ट कार्ड नाम की एक अलग खर्च कैटेगरी में रीक्लासिफाई किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- Post Office की इस स्कीम में पैसा हो जाता है डबल, कितने महीनों में बन जाएंगे 5 के 10 लाख?