गोल्ड में गिरावट के बीच भारत को कैसे मिला फायदा? रुपये और इंपोर्ट ड्यूटी का खेल समझें

दुनियाभर में सोने की कीमतें 21.4 फीसदी टूट चुकी हैं, लेकिन भारत में गिरावट सिर्फ 14.9 फीसदी रही. रुपये की कमजोरी और सरकार की ओर से इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से घरेलू निवेशकों को कम नुकसान हुआ. जानिए सोने की कीमतों में गिरावट की वजह, आगे तेजी की संभावना और एक्सिस म्यूचुअल फंड की निवेशकों को सलाह.

सोना Image Credit:

साल 2026 में सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट ने दुनियाभर के निवेशकों को चौंका दिया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना अपने जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से 21.4 फीसदी तक टूट चुका है. हालांकि, भारतीय निवेशकों को इतनी बड़ी गिरावट का सामना नहीं करना पड़ा. भारत में सोने की कीमतों में इसी अवधि के दौरान सिर्फ 14.9 फीसदी की गिरावट आई. इसकी सबसे बड़ी वजह भारतीय रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होना और सरकार की ओर से गोल्ड इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाना है.

एक्सिस म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 जनवरी से 30 अक्टूबर 2026 के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत डॉलर में 21.4 फीसदी गिरी, जबकि भारत में रुपये के हिसाब से गिरावट 14.9 फीसदी रही. यानी भारतीय निवेशकों को वैश्विक निवेशकों के मुकाबले करीब 6.5 प्रतिशत अंक कम नुकसान हुआ.

रुपये की कमजोरी ने कैसे बचाया निवेशकों का पैसा?

भारत अपनी सोने की जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत डॉलर में तय होती है. ऐसे में जब रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता है, तो भारत के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है.

2026 के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 89 से कमजोर होकर 96 के स्तर तक पहुंच गया. इसका फायदा यह हुआ कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत गिरने के बावजूद भारतीय बाजार में इसकी कीमतों में उतनी बड़ी गिरावट नहीं आई.

उदाहरण के लिए, अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सस्ता होता है, लेकिन इसी दौरान डॉलर महंगा हो जाता है, तो भारतीय खरीदारों को सोने की कीमत में पूरी गिरावट का फायदा नहीं मिलता.

इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से भी घरेलू कीमतों को मिला सहारा

सोने की कीमतों में गिरावट को सीमित रखने में दूसरा बड़ा कारण सरकार का इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का फैसला रहा. मार्च 2026 में सरकार ने सोने पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था.

इस फैसले के बाद विदेशों से सोना मंगाना महंगा हो गया. आयात की लागत बढ़ने से घरेलू बाजार में सोने की कीमतों को सहारा मिला. इस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें गिरने के बावजूद भारतीय बाजार में उतनी बड़ी गिरावट नहीं आई.

आखिर क्यों टूटा सोना?

सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे मुनाफावसूली एक बड़ी वजह रही. जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू कर दिया. इसके अलावा जिन निवेशकों ने उधार लेकर सोने में निवेश किया था, उन्होंने भी अपनी पोजीशन घटाई. इससे बाजार में बिकवाली और बढ़ गई.

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का असर भी सोने की कीमतों पर पड़ा. तेल की सप्लाई प्रभावित होने और महंगाई बढ़ने की आशंका से अमेरिकी ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की उम्मीद मजबूत हुई. इससे अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड को मजबूती मिली, जिसका दबाव सोने की कीमतों पर पड़ा.

आगे सोने की कीमतों में आएगी तेजी या जारी रहेगी गिरावट?

सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बावजूद एक्सिस म्यूचुअल फंड ने लंबी अवधि के लिए सकारात्मक नजरिया बनाए रखा है. रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले 6 से 12 महीनों में अमेरिकी ब्याज दरें, डॉलर की चाल और दुनिया के केंद्रीय बैंकों की खरीदारी सोने की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी.

दुनिया के केंद्रीय बैंकों ने 2026 की पहली तिमाही में 57 टन सोना खरीदा था. दूसरी तिमाही में यह खरीद बढ़कर 289 टन हो गई. अगस्त में भी केंद्रीय बैंकों ने 39 टन सोने की खरीदारी की. इससे साफ है कि कीमतों में गिरावट के बावजूद केंद्रीय बैंक लंबी अवधि के लिए सोने में निवेश कर रहे हैं.

विशेषज्ञों के मुताबिक, सोना महंगाई और वैश्विक तनाव के समय निवेशकों के पोर्टफोलियो को सुरक्षा देने वाला विकल्प बना रह सकता है. हालांकि, निवेशकों को एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय धीरे-धीरे निवेश करने की रणनीति अपनानी चाहिए.

यह भी पढ़ें- एक अफेयर ने डुबोए अरबों डॉलर! Nvidia CEO जेनसन हुआंग को लगा बड़ा झटका