AI शेयरों में बिकवाली के बीच चमके IT स्टॉक्स, TCS और Tech Mahindra में 4% से ज्यादा की तेजी, जानें वजह
अमेरिका और एशियाई बाजारों में AI कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के बीच भारतीय IT स्टॉक्स में जोरदार तेजी आई. TCS, Tech Mahindra, Infosys, LTM और Mphasis के शेयर चढ़े. Nifty IT इंडेक्स 2.49% मजबूत हुआ. जानिए AI निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच भारतीय IT कंपनियां निवेशकों की नई पसंद क्यों बन रही हैं.

अमेरिकी और एशियाई बाजारों में AI कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के बीच भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में सोमवार, 23 नवंबर को शानदार तेजी देखने को मिली. TCS, Tech Mahindra, Infosys, LTM और Mphasis जैसे शेयरों में खरीदारी से Nifty IT इंडेक्स करीब 2.49% चढ़ गया. खास बात यह रही कि जब बाजार के प्रमुख इंडेक्स गिरावट में कारोबार कर रहे थे, तब IT शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती दिखाई दी.
TCS और Tech Mahindra के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सोमवार के कारोबार में TCS का शेयर करीब 4.6% चढ़कर 2,484.60 रुपये पर पहुंच गया. वहीं Tech Mahindra के शेयर में 3.21% की तेजी आई और यह 1,802.30 रुपये पर कारोबार करता दिखा.
इसके अलावा LTM के शेयर 2.51% बढ़कर 4,271 रुपये पर पहुंच गए. Persistent Systems में 2.25% और Coforge में 2% की तेजी दर्ज की गई. Infosys के शेयर करीब 1.91% चढ़े. वहीं Mphasis, Wipro और HCL Tech में भी 1.5 से 1.9% तक की बढ़त देखने को मिली. Nifty IT इंडेक्स में 2.49% की तेजी आई, जबकि NSE Nifty करीब 0.88% गिरावट में रहा.
AI कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से भारतीय IT सेक्टर को फायदा
भारतीय IT शेयरों में तेजी की एक बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में AI कंपनियों के शेयरों में जारी बिकवाली है. अमेरिका में AI और टेक्नोलॉजी कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ रही है.
निवेशक अब यह सवाल उठा रहे हैं कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर पर खर्च की जा रही भारी रकम से कंपनियों को कितनी जल्दी कमाई होगी. खासतौर पर अमेरिकी हाइपरस्केलर्स की ओर से AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े निवेश की योजनाओं को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है.
ऐसे माहौल में निवेशक AI हार्डवेयर और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों से पैसा निकालकर भारतीय IT सर्विस कंपनियों की तरफ रुख कर रहे हैं. यही वजह है कि ग्लोबल टेक शेयरों में कमजोरी के बावजूद भारतीय IT कंपनियों में खरीदारी देखने को मिली.
निवेशकों के लिए डिफेंसिव दांव बना IT सेक्टर
ब्रोकरेज फर्म UBS के मुताबिक, निवेशक AI थीम में बढ़ती उठापटक के बीच IT सर्विस कंपनियों को डिफेंसिव निवेश विकल्प के तौर पर देख रहे हैं. UBS ने 70 से ज्यादा निवेशकों के साथ बातचीत के आधार पर बताया कि निवेशक IT सर्विस कंपनियों में धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं. खासतौर पर मिडकैप IT कंपनियों को लेकर दिलचस्पी दिखाई दे रही है.
AI से कमाई बढ़ने की उम्मीद भी बनी वजह
IT सेक्टर में AI से होने वाली कमाई भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा रही है. सेक्टर की कुल सालाना बिक्री में AI से मिलने वाला रेवेन्यू 10% से ज्यादा हो चुका है. इसमें तिमाही आधार पर 20-30% की ग्रोथ देखने को मिल रही है. इसके अलावा लगातार दो तिमाहियों से कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ना भी कारोबार में सुधार का संकेत माना जा रहा है.
हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि AI में निवेश की रफ्तार धीमी होने की आशंका से भारतीय IT कंपनियों को फिलहाल फायदा मिल सकता है, लेकिन यह तेजी लंबे समय तक बनी रहेगी, इसकी गारंटी नहीं है. अमेरिका में AI टेक्नोलॉजी का विकास जारी रहने की संभावना है और आने वाले समय में AI पर खर्च फिर बढ़ सकता है.