TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

FSSAI के आरोपों पर Bisleri का जवाब, कंपनी ने कहा- 90 से ज्यादा टेस्ट के बाद बाजार में पहुंचता है पानी

FSSAI ने Bisleri के एक पानी के सैंपल को असुरक्षित बताते हुए कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है. वहीं, कंपनी का दावा है कि स्वतंत्र लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली. जानें पूरा मामला.

बिसलरी

Highlights

  • FSSAI के मुताबिक, गोवा प्लांट के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर थी, जबकि तय सीमा 10 माइक्रोग्राम है.
  • Bisleri का दावा है कि स्वतंत्र लैब की जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर मिला.
  • कंपनी ने कहा कि 2 फरवरी 2026 को जांच रिपोर्ट FSSAI को सौंपने के बाद उसे कोई और नोटिस नहीं मिला.

Bisleri Water Controversy: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनी Bisleri ने अपने पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर सफाई दी है. कंपनी का कहना है कि उसका बोतलबंद पानी पीने के लिए सुरक्षित है. यह बयान Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दिए जाने के बाद आया है.

FSSAI ने Bisleri के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर सैंपल को लैब टेस्ट में असुरक्षित पाए जाने के बाद कार्रवाई की है. रेगुलेटर के मुताबिक, सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी. ब्रोमेट एक ऐसा केमिकल कंपाउंड है, जिसे संभावित रूप से कैंसरकारी माना जाता है.

हालांकि, Bisleri ने लैब टेस्ट के नतीजों पर सवाल उठाए हैं. कंपनी का कहना है कि बाद में FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में उसी सैंपल की जांच कराई गई थी. इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली. कंपनी ने 23 नवंबर को जारी बयान में कहा कि वह इस मामले में FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी.

सितंबर 2025 के बैच से जुड़ा है मामला

Bisleri के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है. कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने उसके प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे. वहीं, छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस जांच के नतीजे के खिलाफ अपील की. इसके बाद FSSAI ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा. Bisleri के मुताबिक, रेफरल लैब ने दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई. हालांकि, इसी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई गई.

कंपनी ने कहा कि अलग-अलग लैब की जांच रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद उसने उसी सैंपल की एक अन्य FSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में स्वतंत्र जांच कराई. इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली.

कंपनी ने कहा- FSSAI से नहीं मिला कोई और नोटिस

Bisleri ने बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को एक औपचारिक पत्र के जरिए स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी. कंपनी का कहना है कि इसके बाद उसे रेगुलेटर की ओर से कोई और जानकारी या नोटिस नहीं मिला. इसी वजह से उसे लगा कि मामला बंद हो गया है.

Bisleri ने अपने बयान में कहा, “आज तक कंपनी को ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है. कंपनी FSSAI की वेबसाइट पर भी बताए गए नोटिस को नहीं खोज पाई है.”

कंपनी ने यह भी कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. उसकी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 90 से ज्यादा टेस्ट किए जाते हैं. Bisleri के मुताबिक, उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है.

FSSAI ने Bisleri के खिलाफ अभियोजन को दी मंजूरी

यह मामला तब सामने आया जब FSSAI ने Bisleri International Pvt Ltd के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी. रेगुलेटर के मुताबिक, कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत असुरक्षित पाया गया था. FSSAI ने कहा कि शुरुआती जांच में सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी. कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित बताया और उसमें PAHs की मौजूदगी पाई.

रेगुलेटर के मुताबिक, लैब की जांच में खाद्य सुरक्षा कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया. इसी आधार पर कंपनी के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी गई.

इस मामले में FSSAI और Bisleri के दावों में अंतर है. जहां रेगुलेटर ने लैब रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है, वहीं कंपनी ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट का हवाला दिया है. कंपनी ने कहा है कि वह उचित नियामकीय प्रक्रिया के तहत मामले का जवाब देगी.

इसे भी पढ़ें- शेयर बाजार में ब्लडबाथ! सेंसेक्स 1700 अंक टूटा, Nifty 25500 के नीचे, गिरावट की क्या है वजह?