TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

₹700 में होगी ब्रेस्ट कैंसर की जांच, Lord’s Mark को मिला मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस, 2027 से शुरू हो सकती है सर्विस

Lord’s Mark Industries को अपनी रेडिएशन-फ्री ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग तकनीक के निर्माण का लाइसेंस मिल गया है. कंपनी इस जांच की कीमत 700 रुपये से कम रखने की तैयारी में है. जनवरी 2027 से Lord’s Path Labs के जरिए सेवा शुरू हो सकती है. जानिए कैसे काम करेगी यह तकनीक और भारत में ब्रेस्ट कैंसर जांच का बाजार कितना बड़ा है.

Lord’s Mark Industries

Highlights

  • Lord’s Mark को रेडिएशन-फ्री ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग किट बनाने का लाइसेंस मिला.
  • कंपनी 700 रुपये से कम में जांच की सुविधा देने की तैयारी में है.
  • जनवरी 2027 से Lord’s Path Labs के जरिए स्क्रीनिंग सेवा शुरू होगी.

Lord’s Mark Industries Limited ने ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती जांच करने वाली अपनी नई रेडिएशन-फ्री तकनीक के लिए मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस हासिल कर लिया है. कंपनी इस तकनीक के जरिए महिलाओं को 700 रुपये से कम कीमत में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती स्क्रीनिंग की सुविधा देने की तैयारी कर रही है. इस तकनीक की खास बात यह है कि इसमें रेडिएशन का इस्तेमाल नहीं होता और यह शुरुआती स्तर पर ब्रेस्ट में होने वाले बदलावों की पहचान करने में मदद करती है. कंपनी जनवरी 2027 से अपनी लैब और अस्पतालों के नेटवर्क के जरिए इसकी स्क्रीनिंग सेवा शुरू करने की योजना बना रही है.

क्या है Lord’s Mark की नई ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग तकनीक?

कंपनी की इस तकनीक का नाम Lords Med Breast Cancer Screening Kit है. यह एक नॉन-इनवेसिव यानी बिना किसी सर्जरी या चीर-फाड़ वाली जांच प्रणाली है. इसमें 28 से 36 थर्मल सेंसर लगे एक खास किस्म के पहनने वाले यानी वियरेबल सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है. ये सेंसर ब्रेस्ट की सतह के तापमान में होने वाले बदलावों को मापते हैं.

ब्रेस्ट के तापमान के पैटर्न में होने वाले कुछ बदलाव शरीर के अंदर मौजूद असामान्य स्थितियों का संकेत दे सकते हैं. इस तकनीक के जरिए ऐसे बदलावों की पहचान करने में मदद मिलती है. इसकी एक खासियत यह भी है कि कंपनी के मुताबिक, यह डेंस ब्रेस्ट टिश्यू वाली महिलाओं की शुरुआती स्क्रीनिंग में भी इस्तेमाल की जा सकती है.

हालांकि, यह तकनीक कैंसर की पुष्टि करने वाला टेस्ट नहीं है. इसके नतीजों के आधार पर डॉक्टर आगे की जांच जैसे मैमोग्राफी, अल्ट्रासाउंड या अन्य जरूरी डायग्नोस्टिक टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं. यानी इसका उद्देश्य शुरुआती स्तर पर संभावित खतरे का संकेत देना और समय पर आगे की जांच को प्रोत्साहित करना है.

700 रुपये से कम होगी जांच की कीमत

Lord’s Mark Industries इस स्क्रीनिंग तकनीक को आम महिलाओं तक पहुंचाने के लिए इसकी कीमत 700 रुपये से कम रखने की योजना बना रही है. कंपनी का मानना है कि कम कीमत होने से उन महिलाओं को भी शुरुआती जांच की सुविधा मिल सकेगी, जो महंगे मेडिकल टेस्ट या सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण स्क्रीनिंग नहीं करा पाती हैं.

कंपनी जनवरी 2027 से अपनी Lord’s Path Labs के जरिए इस सेवा की शुरुआत करने की योजना बना रही है. इसके अलावा निजी अस्पतालों, डायग्नोस्टिक लैब और अन्य हेल्थकेयर संस्थानों के साथ साझेदारी की जाएगी.

कंपनी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के साथ भी इस तकनीक को जोड़ने की संभावनाएं तलाश रही है. इसका उद्देश्य अलग-अलग आर्थिक वर्ग की महिलाओं तक स्क्रीनिंग की सुविधा पहुंचाना है.

419 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है डायग्नोस्टिक्स बाजार

भारत में ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है. इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) के अनुमान के मुताबिक, भारत में 2024 के दौरान ब्रेस्ट कैंसर के 2,37,231 नए मामले सामने आए. ऐसे में समय पर स्क्रीनिंग और बीमारी की शुरुआती पहचान की जरूरत बढ़ गई है.

वहीं, ब्रेस्ट कैंसर की जांच से जुड़े बाजार में भी तेजी से विस्तार होने का अनुमान है. ग्रैंड व्यू रिसर्च के मुताबिक, भारत का ब्रेस्ट कैंसर डायग्नोस्टिक्स बाजार 2025 में 179.7 मिलियन डॉलर का था. इसके 2033 तक बढ़कर 419.1 मिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है. 2026 से 2033 के बीच इस बाजार में सालाना 11.4% की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ोतरी हो सकती है.

Lord’s Mark Industries के फाउंडर, मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO डॉ. सचिदानंद उपाध्याय के मुताबिक, कंपनी का टारगेट ऐसी मेडिकल तकनीक विकसित करना है, जिसका फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके. कंपनी का मानना है कि किफायती स्क्रीनिंग और अस्पतालों व सरकारी कार्यक्रमों के साथ साझेदारी के जरिए महिलाओं को समय पर जांच के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- Reliance Industries से HDFC Bank और Bharti Airtel तक, ये हैं पैसा बनाने वाले शेयर!