TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Maruti Suzuki Price Hike: आज से महंगी हुईं मारुति की चुनिंदा कारें, कंपनी ने 0.31% बढ़ाए दाम

Maruti Suzuki ने आज से अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में औसतन 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी की है. कंपनी ने लगातार बढ़ रही लागत को इसकी वजह बताया है.

मारुति सुजुकी Image Credit: मारुति सुजुकी

Highlights

  • Maruti Suzuki ने आज यानी 22 नवंबर 2026 से चुनिंदा कारों के दाम बढ़ाए हैं.
  • कीमतों में अनुमानित वॉल्यूम-वेटेड औसत बढ़ोतरी करीब 0.31 फीसदी है.
  • वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 26.36 फीसदी गिरकर 2,466.1 करोड़ रुपये रहा.

Maruti Suzuki Price: देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में शामिल Maruti Suzuki ने रविवार, 22 नवंबर 2026 से अपनी चुनिंदा कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं. कंपनी ने यह फैसला लगातार बढ़ रही लागत के दबाव को देखते हुए लिया है. इस बढ़ोतरी का अनुमानित वॉल्यूम-वेटेड औसत करीब 0.31 फीसदी है. हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वह बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ही ग्राहकों पर डालेगी और कीमतों में बढ़ोतरी का असर कम रखने की कोशिश करेगी.

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “लगातार लागत दबाव को देखते हुए कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से चुनिंदा मॉडल की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है.”

FY27 की पहली छमाही में भी बढ़ाई थीं कीमतें

Maruti Suzuki की ओर से कीमतों में यह बढ़ोतरी वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में की गई तीन बढ़ोतरी के बाद हुई है. इन तीनों बढ़ोतरी को मिलाकर कीमतों में कुल एक फीसदी से थोड़ी ज्यादा की वृद्धि हुई थी. कंपनी ने लागत कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन इसके बावजूद लागत का दबाव बना हुआ है. ऐसे में कंपनी ने बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने का फैसला किया है.

दूसरी तिमाही में मुनाफा 26% से ज्यादा गिरा

Maruti Suzuki को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में मुनाफे के मोर्चे पर झटका लगा था. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.36 फीसदी गिरकर 2,466.1 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, इस दौरान रिकॉर्ड तिमाही वाहन बिक्री के दम पर कंपनी के रेवेन्यू में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई.

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण इनपुट कॉस्ट बढ़ने से कंपनी की कमाई पर दबाव पड़ा. दूसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन घटकर 9.4 फीसदी रह गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 12.7 फीसदी था.

कंपनी के लिए ज्यादा बिक्री कीमतें और वाहनों की अधिक बिक्री फायदेमंद रहीं, लेकिन बढ़ी हुई लागत ने इस फायदे को कुछ हद तक कम कर दिया. कंपनी ने मार्केटिंग खर्च में कटौती समेत दूसरे तरीकों से भी लागत पर नियंत्रण रखने की कोशिश की थी.

दूसरी छमाही में दोहरे अंकों में बिक्री बढ़ाने का लक्ष्य

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में कंपनी के मैनेजमेंट ने संकेत दिया था कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में जरूरत के हिसाब से कीमतों में बढ़ोतरी की जा सकती है. कंपनी ने वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में वाहनों की बिक्री में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा है. इसके लिए उसे त्योहारी सीजन में मजबूत मांग, अच्छी ऑर्डर बुक और डीलरशिप पर बेहतर इन्वेंट्री मैनेजमेंट से मदद मिलने की उम्मीद है.

अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी की घरेलू डिस्पैच 31.6 फीसदी बढ़कर 11.46 लाख वाहन रही. कंपनी ने बताया कि यह बढ़ोतरी पिछले साल की इसी अवधि के कम बेस के मुकाबले दर्ज की गई है. खासतौर पर अगस्त और सितंबर में पिछले साल बिक्री का आधार कम था.

इसे भी पढ़ें- मंगलवार को बंद रहेंगे शेयर बाजार, NSE-BSE में नहीं होगी ट्रेडिंग