TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Tata Sons IPO: चंद्रशेखरन का बड़ा दांव, ₹18 लाख करोड़ तक हो सकती है वैल्यूएशन, Noel Tata से बढ़ेगी टकराहट?

Tata Sons के IPO की तैयारी तेज हो गई है. चेयरमैन एन चंद्रशेखरन आगामी बोर्ड बैठक में कंपनी की लिस्टिंग का प्रस्ताव प्रमुखता से उठा सकते हैं. Tata Sons की वैल्यूएशन 15 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 18 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. RBI के अपर लेयर NBFC नियमों के चलते कंपनी पर लिस्टिंग का दबाव है. हालांकि, Noel Tata कंपनी को प्राइवेट बनाए रखने के पक्ष में हैं.

टाटा संस IPO Image Credit: gettyimages

Highlights

  • Tata Sons IPO की तैयारी, मार्च से जून 2027 के बीच लिस्टिंग पर विचार.
  • कंपनी की वैल्यूएशन 18 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान.
  • Shapoorji Pallonji की 18.37% हिस्सेदारी पर भी रहेगी नजर.

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Tata Sons के IPO को लेकर बड़ी हलचल शुरू हो गई है. कंपनी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन आगामी बोर्ड बैठक में IPO का प्रस्ताव प्रमुखता से उठा सकते हैं. इस कदम से Tata Sons के शेयर बाजार में लिस्ट होने का रास्ता साफ हो सकता है. कंपनी की वैल्यूएशन 18 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है, जबकि मौजूदा वित्त वर्ष के लिए पूर्व डायरेक्टर वाईएस मालेगाम ने इसका वैल्यूएशन करीब 15 लाख करोड़ रुपये किया है. खास बात यह है कि Tata Sons की लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन Noel Tata की राय अलग बताई जा रही है. वह कंपनी को प्राइवेट बनाए रखने के पक्ष में हैं. ऐसे में IPO का मुद्दा टाटा ग्रुप के भीतर नेतृत्व और रणनीति को लेकर चल रही खींचतान को और बढ़ा सकता है.

बोर्ड बैठक में IPO पर होगी चर्चा

इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एन चंद्रशेखरन आगामी बोर्ड बैठक में Tata Sons की लिस्टिंग को मुख्य एजेंडा बना सकते हैं. इसके बाद कंपनी जरूरी कॉरपोरेट मंजूरियां और रेगुलेटरी तैयारियां शुरू कर सकती है. योजना के मुताबिक, निर्धारित 90 दिनों की अवधि के भीतर ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया जा सकता है. Tata Sons के IPO की संभावित टाइमलाइन मार्च से जून 2027 के बीच मानी जा रही है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला बोर्ड की मंजूरी और नियामकीय प्रक्रिया के बाद ही होगा.

RBI के दबाव में लिस्टिंग की तैयारी

Tata Sons के IPO की तैयारी के पीछे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का रेगुलेटरी दबाव अहम है. RBI ने कंपनी की कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की अर्जी खारिज कर दी थी. साथ ही उसे अपर लेयर NBFC के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था.

इन नियमों के तहत अपर लेयर NBFC को वर्गीकरण के तीन साल के भीतर शेयर बाजार में लिस्ट होना जरूरी है. ऐसे में Tata Sons के सामने लिस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का दबाव है.

18 लाख करोड़ रुपये तक हो सकती है वैल्यूएशन

रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा वित्त वर्ष में Tata Sons की वैल्यूएशन करीब 15 लाख करोड़ रुपये है. बाजार की स्थिति और निवेशकों की दिलचस्पी को देखते हुए यह बढ़कर 18 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.

हालांकि, बाजार के जानकारों का अनुमान इससे कम है. पहले निवेश बैंकरों और वैल्यूएशन एक्सपर्ट्स ने IPO के लिए कंपनी की संभावित वैल्यूएशन 9 लाख करोड़ से 12.5 लाख करोड़ रुपये के बीच आंकी थी. इसकी वजह होल्डिंग कंपनियों पर मिलने वाला वैल्यूएशन डिस्काउंट है.

Tata Sons की वैल्यूएशन का पूरा गणित

एक प्रमुख घरेलू बैंक के इक्विटी कैपिटल मार्केट्स प्रमुख के विश्लेषण के मुताबिक, Tata Sons के लिस्टेड निवेशों की वैल्यू करीब 12 लाख करोड़ रुपये और अनलिस्टेड कारोबार की वैल्यू करीब 4 लाख करोड़ रुपये है.

विश्लेषण में लिस्टेड निवेशों पर 41-45 फीसदी और अनलिस्टेड संपत्तियों पर करीब 15 फीसदी डिस्काउंट लगाया गया है. इसके अलावा IPO के लिए फेयर वैल्यू पर 10-15 फीसदी का अतिरिक्त डिस्काउंट भी माना गया है.

अनलिस्टेड कारोबार में Tata Electronics, Air India और Tata Digital जैसी कंपनियां शामिल हैं. इनकी वैल्यूएशन भविष्य की कमाई और कारोबारी संभावनाओं पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें- Stocks To Watch: Adani Energy से Maruti Suzuki तक, सोमवार को इन 10 शेयरों पर रखें नज

Noel Tata और चंद्रशेखरन के बीच बढ़ सकती है खींचतान

Tata Sons की लिस्टिंग को लेकर टाटा ग्रुप के भीतर मतभेद की स्थिति बन सकती है. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन Noel Tata ने कंपनी को प्राइवेट बनाए रखने के लिए एक वैकल्पिक प्रस्ताव दिया था. इसके तहत दो ऑपरेटिंग कंपनियों का Tata Sons में विलय कर उसकी नियामकीय स्थिति बदलने की कोशिश की जानी थी.

लेकिन चंद्रशेखरन के IPO पर जोर देने से इस प्रस्ताव को झटका लग सकता है. ऐसे में आगामी बोर्ड बैठक काफी अहम मानी जा रही है.