भारतीय कानून में चीन की सेंधमारी! रियल मनी गेमिंग बैन, फिर भी ₹2700 करोड़ का खेल, शेल कंपनियों का भंडाफोड़
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने चीन से जुड़े ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप्स के 2,700 करोड़ रुपये के पेमेंट नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. जांच में सामने आया कि फर्जी डिजिटल आर्ट कंपनियों के जरिए भारतीय खिलाड़ियों से UPI पेमेंट जुटाए जा रहे थे. इस नेटवर्क से 170 करोड़ रुपये का कमीशन कमाया गया. कार्रवाई में 6.2 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी भी जब्त हुई.
Highlights
- इनकम टैक्स विभाग ने चीन से जुड़े गेमिंग और बेटिंग ऐप्स के 2,700 करोड़ रुपये के पेमेंट नेटवर्क का पर्दाफाश किया.
- जुलाई 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच 40 महीनों में 1stPe ने करीब 170 करोड़ रुपये कमीशन कमाया.
- फर्जी डिजिटल आर्ट कंपनियों के जरिए UPI पेमेंट को गेमिंग डिपॉजिट के रूप में इस्तेमाल किया गया.
Online Game : भारत में पैसे लगाकर खेले जाने वाले ऑनलाइन गेम्स पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद चीन से जुड़े गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों को चकमा देकर देश में अपना नेटवर्क चला रहे थे. इसके लिए उन्होंने भारतीय पेमेंट सिस्टम का ही सहारा लिया. अब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने ऐसे ही एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसके जरिए करीब 40 महीनों में भारतीय खिलाड़ियों से 2,700 करोड़ रुपये इकट्ठा किए गए.
इस पूरे खेल में 1stPe नाम के एक पेमेंट इंटरमीडियरी और डिजिटल आर्ट कारोबार की आड़ में बनाई गई कई फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया. जांच में सामने आया है कि इन कंपनियों ने डिजिटल आर्ट की बिक्री के नाम पर गेमिंग का पैसा इकट्ठा किया और फिर उसे अलग-अलग माध्यमों से आगे भेजा. सवाल यह है कि जब भारत में रियल मनी गेमिंग पर प्रतिबंध है, तो आखिर चीनी कंपनियां किस तरह भारतीयों से पैसा वसूल रही थीं और इस पूरे नेटवर्क को कौन चला रहा था?
2,700 करोड़ रुपये का लेनदेन
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने अक्टूबर 2026 के तीसरे सप्ताह में यह कार्रवाई की थी. जांच के केंद्र में 1stPe नाम का एक कथित फर्जी डिजिटल आर्ट प्लेटफॉर्म और उसके प्रमोटर हैं. शुरुआती जांच में कंपनी के सर्वर डेटा से पता चला कि जुलाई 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच करीब 40 महीनों में इस प्लेटफॉर्म ने चीन से जुड़े गेमिंग ऐप्स के लिए लगभग 2,700 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
इस पूरे नेटवर्क के जरिए 1stPe ने करीब 170 करोड़ रुपये कमीशन के रूप में कमाए. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य उन विदेशी गेमिंग ऐप्स तक भारतीय खिलाड़ियों का पैसा पहुंचाना था, जो चीन से जुड़ी कंपनियों की ओर से संचालित किए जा रहे थे और सीधे भारत में UPI पेमेंट स्वीकार नहीं कर सकते थे.
इसके लिए 1stPe को भारतीय पेमेंट इंटरमीडियरी के तौर पर इस्तेमाल किया गया. गेमिंग ऐप्स के सर्वर को 1stPe से जुड़ने की अनुमति दी गई थी, जिससे भारतीय खिलाड़ियों से पैसा इकट्ठा करने का रास्ता तैयार हुआ.
फर्जी डिजिटल आर्ट कंपनियों के जरिए होता था लेनदेन
जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क में कई शेल कंपनियां यानी कागजों पर बनी फर्जी कंपनियां शामिल थीं. 1stPe के प्रमोटरों के सहयोगियों ने कथित तौर पर ऐसी कंपनियां बनाईं, जिनकी वेबसाइट पर डिजिटल आर्ट और उससे जुड़े प्रोडक्ट की बिक्री दिखाई जाती थी.
इन कंपनियों ने खुद को वैध डिजिटल आर्ट कारोबार बताकर भारतीय पेमेंट इंटरमीडियरी से मर्चेंट आईडी (MID) हासिल की. इस आईडी के जरिए कंपनियां पेमेंट लेने के लिए अधिकृत दिखाई देती थीं.
जब कोई भारतीय खिलाड़ी गेमिंग ऐप में UPI के जरिए पैसे जमा करता था, तो पेमेंट रिक्वेस्ट पहले 1stPe के पास पहुंचती थी. इसके बाद 1stPe उस रिक्वेस्ट को किसी शेल कंपनी की मर्चेंट आईडी के जरिए पेमेंट इंटरमीडियरी तक भेजता था.
पेमेंट गेटवे इस लेनदेन को डिजिटल आर्ट की बिक्री के रूप में दर्ज करता था. इसके बाद पैसा संबंधित कंपनी के बैंक खाते में पहुंच जाता था. इस तरह गेमिंग ऐप में जमा किया गया पैसा कागजों पर डिजिटल आर्ट की बिक्री से हुई कमाई दिखाई देता था. हर लेनदेन पर 1stPe अपना कमीशन काटता था.
बैंक खाते फ्रीज होते ही नई कंपनियां बनाकर शुरू कर देते थे काम
ET की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस नेटवर्क में शामिल कंपनियों का वास्तव में डिजिटल आर्ट के कारोबार से कोई लेना-देना नहीं था. इनका इस्तेमाल सिर्फ गेमिंग ऐप्स से आने वाले पैसों को प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था.
पकड़े जाने से बचने के लिए पूरे नेटवर्क ने कई तरीके अपनाए थे. बड़ी रकम को एक ही कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय अलग-अलग कंपनियों के जरिए ट्रांजैक्शन किया जाता था. इससे किसी एक खाते में ज्यादा ट्रांजैक्शन दिखाई देने की आशंका कम हो जाती थी.
अगर किसी बैंक या पेमेंट इंटरमीडियरी को संदेह होता और वह किसी कंपनी का खाता फ्रीज कर देता, तो ट्रांजैक्शन को दूसरी कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता था. इसके लिए नई कंपनियां बनाई जाती थीं. इनमें कथित तौर पर दूसरे लोगों को डायरेक्टर दिखाया जाता था, वर्चुअल ऑफिस के पते और फर्जी वेबसाइट का इस्तेमाल किया जाता था. इसके बाद नई मर्चेंट आईडी लेकर दोबारा पेमेंट कलेक्शन शुरू कर दिया जाता था.
113 लॉगिन से जुड़े चीनी गेमिंग ऐप्स
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की सर्वर जांच में चीन से जुड़े गेमिंग ऐप्स के 113 क्लाइंट लॉगिन की पहचान हुई है. इनमें KumarPay, BuddyPay, RummyPepper, BlueBerryRummy, Zoomnakki, DeepRummy और Xxv918 जैसे नाम शामिल हैं.
जांच में यह भी सामने आया कि KumarPay, Xxv918 और RummyPepper एक ही पैरेंट लॉगिन से संचालित हो रहे थे. इस लॉगिन का नाम ‘Hope’ बताया गया है. इसके अलावा KingGameRummy, WildBearRummy, VistonGame, LuckyStar और 1Win जैसे प्लेटफॉर्म के नाम भी सामने आए हैं.
इस कार्रवाई में करीब 6.5 लाख डॉलर यानी लगभग 6.2 करोड़ रुपये की अघोषित क्रिप्टोकरेंसी जब्त की गई है. इसके अलावा दुबई में दो ऐसे फ्लैट का भी पता चला है, जिनके लिए क्रिप्टोकरेंसी के जरिए करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है.
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे असली लाभार्थी कौन हैं और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेशों में कितना पैसा भेजा गया. साथ ही 1stPe की भूमिका एक कथित अनधिकृत पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर भी जांच के दायरे में है.
ये भी पढ़ें- Reliance Industries से HDFC Bank और Bharti Airtel तक, ये हैं पैसा बनाने वाले शेयर!
Latest Stories
₹60266 करोड़ की डील, फिर भी 8% क्यों टूटा Tata Steel का शेयर? अब निवेशक क्या करें?
₹700 में होगी ब्रेस्ट कैंसर की जांच, Lord’s Mark को मिला मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस, 2027 से शुरू हो सकती है सर्विस
IndiaMART पर एंटी-ड्रोन गन बेचना पड़ा भारी! CCPA ने कंपनी पर लगाया ₹10 लाख का जुर्माना
