भारतीयों को खूब पसंद आ रहा एंथ्रापिक का शेयर, 80% ऑर्डर इसी के नाम; SpaceX से भी ज्यादा दीवानगी
कंपनी Anthropic के शेयरों में भारतीय निवेशकों की दिलचस्पी SpaceX की लिस्टिंग से भी ज्यादा बताई जा रही है. INDmoney पर शुक्रवार के 80 फीसदी प्री-मार्केट ऑर्डर इसी शेयर के लिए आए.

Anthropic shares: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी Anthropic के शेयरों को लेकर भारतीय निवेशकों में जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है. Nasdaq पर लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर खरीदने के लिए भारत में निवेशकों की होड़ लग गई है. भारतीय निवेशकों की दिलचस्पी Anthropic में SpaceX की जून में हुई लिस्टिंग के मुकाबले भी ज्यादा है.
ET की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिकी शेयरों के लिए दिए गए हर 10 प्री-मार्केट खरीद ऑर्डर में से 8 Anthropic के लिए थे. इसके अलावा, अगला बाजार खुलने पर निवेश के लिए रखे गए कुल फंड में से करीब 80 फीसदी हिस्सा भी Anthropic के शेयरों के लिए था.
SpaceX से भी ज्यादा Anthropic का क्रेज
हाल के समय में अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों की लिस्टिंग ने भारतीय निवेशकों की नई पीढ़ी को आकर्षित किया है. Anthropic के लिए दूसरे सभी शेयरों को मिलाकर जितने निवेशकों ने ऑर्डर दिए, उससे करीब चार गुना ज्यादा निवेशकों ने इस कंपनी के शेयर खरीदने के लिए ऑर्डर लगाए. वहीं, SpaceX की लिस्टिंग के पहले दिन दिए गए औसत ऑर्डर के मुकाबले यह करीब 45 फीसदी ज्यादा है. खास बात ये भी है कि शुक्रवार को INDmoney पर कुल विदेशी कारोबार में Anthropic की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी रही.
दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी दिखी शेयरों की मांग
Anthropic के शेयरों को लेकर सिर्फ INDmoney पर ही नहीं, बल्कि दूसरे निवेश प्लेटफॉर्म पर भी अच्छी मांग देखने को मिली. Vested Finance और ZFunds पर भी निवेशकों ने इस कंपनी के शेयरों में दिलचस्पी दिखाई.
रिपोर्ट के हवाले से इस शेयर की मांग मुख्य रूप से युवा और शहरी निवेशकों की ओर से आई है. ये निवेशक ग्लोबल कंपनियों में निवेश करना चाहते हैं और ऐसे मौके तलाश रहे हैं, जो उन्हें घरेलू बाजार में नहीं मिलते.
ZFunds के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर अमेरिकी शेयरों में निवेश करने वाले कुल रिटेल निवेशकों में से 17 फीसदी ने Anthropic के शेयर खरीदे हैं. कंपनी ने करीब एक महीने पहले ही अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा शुरू की थी.
Vested Finance पर Anthropic का शेयर पहले दिन कुल ट्रेडेड वैल्यू में 11 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे सबसे ज्यादा कारोबार वाले शेयरों में शामिल रहा. इस मामले में यह AMD से पीछे और Nvidia से आगे रहा.
भारतीयों का विदेशी बाजारों में बढ़ रहा निवेश
Anthropic के शेयरों को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी विदेशी बाजारों में भारतीयों के बढ़ते निवेश का हिस्सा है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में भारतीय निवासियों का विदेशी शेयरों और डेट में निवेश सालाना आधार पर 111 फीसदी बढ़कर 321.5 मिलियन डॉलर हो गया. अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 152.18 मिलियन डॉलर था.
निवेश प्लेटफॉर्म के मुताबिक, भारतीय रिटेल निवेशक अब अपने पोर्टफोलियो में अमेरिकी शेयरों को भी शामिल कर रहे हैं. आमतौर पर निवेशक पहले घरेलू शेयर बाजार में निवेश करते हैं और इसके बाद विदेशी शेयरों की ओर रुख करते हैं.
यह बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब देश के बड़े रिटेल स्टॉक ब्रोकर्स Groww, Zerodha, Angel One और Upstox ने भी GIFT City के जरिए अमेरिकी शेयरों में निवेश की सुविधा देना शुरू कर दिया है. इससे पहले इस बाजार में खास तौर पर विदेशी शेयरों में निवेश की सुविधा देने वाले प्लेटफॉर्म का दबदबा था.
ब्रोकरेज कंपनियां घरेलू शेयरों और डेरिवेटिव कारोबार से आगे कमाई के नए रास्ते तलाश रही हैं. इसी वजह से वे अपने ग्राहकों को विदेशी शेयरों में निवेश का विकल्प भी दे रही हैं.
इसे भी पढ़ें- 5 साल में 1299% तक रिटर्न, बैटरी स्टोरेज से सोलर-विंड तक बड़ा दांव; इन 2 शेयरों में दिख रही मजबूती