TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

बिल गेट्स की फाउंडेशन के पास 29.89 अरब डॉलर का शेयर पोर्टफोलियो, इन 5 कंपनियों में लगा है सबसे ज्यादा पैसा

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट का शेयर पोर्टफोलियो सितंबर 2026 में 29.89 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इसमें 25 कंपनियों के शेयर शामिल हैं. बर्कशायर हैथवे सबसे बड़ी होल्डिंग है. वहीं कनाडियन नेशनल रेलवे और कैटरपिलर भी टॉप कंपनियों में हैं. ट्रस्ट ने वेस्ट मैनेजमेंट और बर्कशायर में हिस्सेदारी घटाकर डॉलर ट्री में नया निवेश किया है.

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट

Highlights

  • बिल गेट्स फाउंडेशन के पोर्टफोलियो की वैल्यू 29.89 अरब डॉलर है
  • बर्कशायर हैथवे में सबसे ज्यादा 6.19 अरब डॉलर का निवेश है
  • डॉलर ट्री में ट्रस्ट ने पहली बार 15.51 करोड़ डॉलर लगाए

दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल बिल गेट्स की फाउंडेशन का निवेश पोर्टफोलियो एक बार फिर चर्चा में है. बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट के पास सितंबर 2026 तक करीब 29.89 अरब डॉलर (लगभग 2.6 लाख करोड़ रुपये) का शेयर पोर्टफोलियो था. इस पोर्टफोलियो में कुल 25 कंपनियों के शेयर शामिल हैं. खास बात यह है कि फाउंडेशन ने कुछ बड़ी कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी घटाई है, जबकि एक नई कंपनी में निवेश किया है.

29.89 अरब डॉलर का है पूरा पोर्टफोलियो

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य फाउंडेशन के सामाजिक और परोपकारी कामों के लिए फंड उपलब्ध कराना है. इस ट्रस्ट के निवेश का प्रबंधन अलग से किया जाता है.

सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, ट्रस्ट के पोर्टफोलियो की कुल वैल्यू 29,893,737,000 डॉलर थी. इसमें 25 कंपनियों के शेयर शामिल थे. इससे पहले जून 2026 में पोर्टफोलियो की वैल्यू 34.42 अरब डॉलर थी और उसमें 24 कंपनियां शामिल थीं. यानी तीन महीने में पोर्टफोलियो की कुल वैल्यू में करीब 4.53 अरब डॉलर की कमी आई है.

बर्कशायर हैथवे में सबसे ज्यादा निवेश

दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट की कंपनी बर्कशायर हैथवे ट्रस्ट की सबसे बड़ी होल्डिंग बनी हुई है. सितंबर तिमाही में इस कंपनी में ट्रस्ट के निवेश की वैल्यू 6.19 अरब डॉलर थी. यह पूरे पोर्टफोलियो का 20.74 फीसदी हिस्सा है.

ट्रस्ट के पास बर्कशायर हैथवे के 1.24 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं. हालांकि, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान ट्रस्ट ने अपनी हिस्सेदारी में 15.25 फीसदी की कटौती की. इस दौरान करीब 22.40 लाख शेयर बेचे गए.

कनाडियन नेशनल रेलवे दूसरे नंबर पर

पोर्टफोलियो में कनाडियन नेशनल रेलवे दूसरे नंबर पर है. कंपनी में ट्रस्ट का निवेश 6.16 अरब डॉलर है, जो कुल पोर्टफोलियो का 20.61 फीसदी है. इस कंपनी के पास ट्रस्ट के करीब 5.18 करोड़ शेयर हैं. पिछली तिमाही में यह कंपनी तीसरे स्थान पर थी, लेकिन अब इसने कैटरपिलर को पीछे छोड़ दिया है.

वहीं, कंस्ट्रक्शन और माइनिंग मशीनरी बनाने वाली कंपनी कैटरपिलर तीसरे स्थान पर है. इसमें ट्रस्ट का निवेश 5.15 अरब डॉलर है. यह कुल पोर्टफोलियो का 17.23 फीसदी हिस्सा है.

वेस्ट मैनेजमेंट के शेयर भी बेचे

कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग कारोबार से जुड़ी कंपनी वेस्ट मैनेजमेंट ट्रस्ट की चौथी सबसे बड़ी होल्डिंग है. इसमें ट्रस्ट का निवेश 4.18 अरब डॉलर है.

हालांकि, तीसरी तिमाही में ट्रस्ट ने इस कंपनी के 23.23 फीसदी शेयर बेच दिए. इस दौरान करीब 62 लाख शेयरों की बिक्री हुई. जून तिमाही में पोर्टफोलियो में इस कंपनी की हिस्सेदारी 17.30 फीसदी थी, जो सितंबर में घटकर 13.99 फीसदी रह गई.

टॉप-5 में डीरे कंपनी भी शामिल

ट्रस्ट के पोर्टफोलियो में पांचवें स्थान पर डीरे एंड कंपनी है. यह ट्रैक्टर और कृषि उपकरण बनाने वाली कंपनी है. इसमें ट्रस्ट का निवेश करीब 2.38 अरब डॉलर है. पोर्टफोलियो में इसकी हिस्सेदारी 7.99 फीसदी है.

इसके अलावा इकोलैब में 1.43 अरब डॉलर, वॉलमार्ट में 87.19 करोड़ डॉलर और फेडएक्स में करीब 67.97 करोड़ डॉलर का निवेश है. कोका-कोला फेमसा में भी ट्रस्ट ने 67.14 करोड़ डॉलर लगाए हैं.

डॉलर ट्री में पहली बार किया निवेश

इस पोर्टफोलियो में सबसे अहम बदलाव डॉलर ट्री की एंट्री है. ट्रस्ट ने तीसरी तिमाही में इस रिटेल कंपनी के 13.61 लाख शेयर खरीदे हैं. इनकी वैल्यू करीब 15.51 करोड़ डॉलर है. पोर्टफोलियो में डॉलर ट्री की हिस्सेदारी 0.52 फीसदी है. इस नई खरीद के बाद कंपनियों की कुल संख्या 24 से बढ़कर 25 हो गई है.

इन कंपनियों में भी लगा है पैसा

बिल गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट के पोर्टफोलियो में कई दूसरी कंपनियां भी शामिल हैं. इनमें वेस्ट कनेक्शंस, होम डिपो, मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्पोर्ट्स, श्रोडिंगर, वेस्ट फार्मास्युटिकल सर्विसेज और कूपांग जैसी कंपनियां शामिल हैं. इसके अलावा डैनाहर, मैकडॉनल्ड्स, क्राफ्ट हेंज, हॉरमेल फूड्स, ऑन होल्डिंग और वेराल्टो में भी निवेश किया गया है.

कुल मिलाकर ट्रस्ट का निवेश कुछ बड़ी कंपनियों में केंद्रित है. बर्कशायर हैथवे, कनाडियन नेशनल रेलवे, कैटरपिलर और वेस्ट मैनेजमेंट मिलकर पोर्टफोलियो का करीब 72.57 फीसदी हिस्सा बनाती हैं.

यह भी पढ़ें- सरकारी गोदामों में 10 लाख टन अरहर दाल, फिर भी क्यों बढ़ रहे दाम? ₹136 किलो पहुंची कीमत, जानें 5 बड़ी वजहें