TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Core Sector Growth: अक्टूबर में 10.9% की रफ्तार से दौड़े 9 प्रमुख उद्योग, इन सेक्टरों का रहा बड़ा योगदान

अक्टूबर में देश के 9 प्रमुख उद्योगों की ग्रोथ 10.9% पर पहुंच गई. बिजली, कोयला और सीमेंट उत्पादन में रिकॉर्ड तेजी रही, जबकि खाद, गैस और कच्चे तेल में गिरावट आई है.

कोर सेक्टर Image Credit: money9live

Highlights

  • अक्टूबर में 9 प्रमुख उद्योगों की ग्रोथ 10.9% रही, जो नई 2022-23 सीरीज में पहली बार दहाई अंकों में पहुंची.
  • बिजली उत्पादन 21.6%, कोयला 23.1% और सीमेंट उत्पादन 15.4% बढ़ा.
  • उर्वरक उत्पादन में लगातार आठवें महीने गिरावट आई. प्राकृतिक गैस 7.6% और कच्चे तेल का उत्पादन 4.1% घटा.

देश के 9 प्रमुख उद्योगों के उत्पादन में अक्टूबर में शानदार तेजी देखने को मिली है. इन उद्योगों की ग्रोथ 10.9 फीसदी पर पहुंच गई. नई 2022-23 सीरीज के तहत यह पहली बार है, जब प्रमुख उद्योगों की ग्रोथ दहाई अंकों में पहुंची है. वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (MCI) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, बिजली, कोयला और सीमेंट के रिकॉर्ड उत्पादन ने इस तेजी में अहम भूमिका निभाई.

अक्टूबर में कोर सेक्टर की ग्रोथ सितंबर के संशोधित आंकड़े 8.2% से बढ़कर 10.9% हो गई. पिछले साल अक्टूबर में इन 9 प्रमुख उद्योगों का उत्पादन सिर्फ 0.8% बढ़ा था. वहीं, कोर सेक्टर इंडेक्स सितंबर के 118.6 से बढ़कर अक्टूबर में 123.1 पर पहुंच गया. यह पिछले सात महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है. महीने-दर-महीने आधार पर इंडेक्स में 3.79% की बढ़ोतरी हुई.

आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में 9 में से 6 सेक्टर में उत्पादन बढ़ा, जबकि 3 सेक्टर में गिरावट दर्ज की गई. लौह अयस्क, बिजली, कोयला, रिफाइनरी उत्पाद, सीमेंट और स्टील का उत्पादन बढ़ा. वहीं, उर्वरक, प्राकृतिक गैस और कच्चे तेल के उत्पादन में गिरावट आई.

बिजली और कोयले के उत्पादन में रिकॉर्ड तेजी

अक्टूबर में बिजली उत्पादन में 21.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कोर इंडस्ट्रीज इंडेक्स में बिजली का सबसे ज्यादा 30.9% वेटेज है. सितंबर में बिजली उत्पादन की ग्रोथ 12.6% रही थी. नई सीरीज के तहत अक्टूबर की 21.6% की ग्रोथ अब तक का सबसे मजबूत आंकड़ा है.

कोयला उत्पादन में भी जोरदार तेजी देखने को मिली. अक्टूबर में इसमें 23.1% की बढ़ोतरी हुई, जबकि सितंबर में यह ग्रोथ 10.7% थी. कोर सेक्टर इंडेक्स में कोयले का वेटेज 5.6% है. नई सीरीज में कोयला उत्पादन की यह सबसे ऊंची ग्रोथ है.

लौह अयस्क यानी आयरन ओर के उत्पादन में भी तेजी आई. अक्टूबर में इसका उत्पादन 26.4% बढ़ा, जबकि सितंबर में यह बढ़ोतरी 18.4% रही थी.

सीमेंट और स्टील के उत्पादन में भी तेजी

अक्टूबर में सीमेंट उत्पादन 15.4% बढ़ा. सितंबर में इसकी ग्रोथ 10.1% थी. नई सीरीज के तहत सीमेंट उत्पादन की यह सबसे ज्यादा ग्रोथ है.

वहीं, स्टील उत्पादन की ग्रोथ सितंबर के 5.6% से बढ़कर अक्टूबर में 7.3% हो गई. मार्च के बाद स्टील सेक्टर की यह सबसे ऊंची ग्रोथ है.

दूसरी ओर, कोर सेक्टर इंडेक्स में दूसरा सबसे ज्यादा वेटेज रखने वाले रिफाइनरी उत्पादों की ग्रोथ धीमी पड़ गई. इंडेक्स में इनका वेटेज 22.6% है. अक्टूबर में रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन 3.4% बढ़ा, जबकि सितंबर में यह ग्रोथ 8.7% थी.

खाद, प्राकृतिक गैस और कच्चे तेल का उत्पादन घटा

अक्टूबर में 9 प्रमुख उद्योगों में से 3 सेक्टर ऐसे रहे, जिनके उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई. उर्वरक उत्पादन में लगातार आठवें महीने गिरावट आई. अक्टूबर में यह 12.2% घट गया.

प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 7.6% की गिरावट दर्ज की गई. नई सीरीज के तहत यह इसकी सबसे बड़ी गिरावट है. वहीं, कच्चे तेल का उत्पादन भी 4.1% घट गया.

IIP में करीब 40% हिस्सेदारी रखते हैं ये 9 उद्योग

देश के ये 9 प्रमुख उद्योग इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) में करीब 40% की हिस्सेदारी रखते हैं. इसलिए इनके उत्पादन में होने वाले बदलाव का असर औद्योगिक गतिविधियों की तस्वीर पर भी पड़ता है.

चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान इन 9 प्रमुख उद्योगों की कुल ग्रोथ 6% रही. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 2.3% था. यानी इस अवधि में कोर सेक्टर की ग्रोथ पिछले साल के मुकाबले बेहतर रही.

इसे भी पढ़ें- Multibagger Stock: 452% तक रिटर्न, 1 साल में 13000% बढ़ा मुनाफा, कर्ज भी कम, रखें नजर