TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

सोने-चांदी की भारी गिरावट में क्या करें निवेशक? रिच डैड पुअर डैड फेम कियोसाकी ने बताया कमाई का नया फॉर्मूला

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है. इस बीच Rich Dad Poor Dad के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने बाजार की गिरावट को खरीदारी का मौका बताया है. उन्होंने कहा कि वह Bitcoin की कीमत और गिरने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि ज्यादा खरीद सकें.

रॉबर्ट कियोसाकी Image Credit: CANVA/AI

Highlights

  • 20 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 2.3% गिरकर 3,543.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गया.
  • MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 3.94% गिरकर ₹1,22,430 प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि चांदी 5.73% टूटकर ₹1,48,466 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
  • Robert Kiyosaki ने कहा कि वह Bitcoin की गिरावट से उत्साहित हैं और इसकी कीमत और नीचे आने पर खरीदारी करना चाहते हैं.

सोना और चांदी की कीमतों में 20 नवंबर को भी तेज गिरावट जारी रही. कीमती धातुओं की कीमतों में आई इस गिरावट के बीच मशहूर किताब ‘Rich Dad Poor Dad’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने निवेशकों को अलग नजरिए से सोचने की सलाह दी है. उनका मानना है कि बाजार में गिरावट से घबराने के बजाय निवेशकों को इसे खरीदारी के मौके के रूप में देखना चाहिए.

रॉबर्ट कियोसाकी ने 20 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में सोने, चांदी और Bitcoin की कीमतों में गिरावट पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सवाल उठाया कि बाजार में गिरावट निवेशकों के लिए अच्छी है या बुरी. उनके मुताबिक, कमजोर निवेशक गिरावट के दौरान बिकवाली करते हैं, जबकि मजबूत निवेशक सही मौके का इंतजार करते हैं.

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “CRASH: Good or Bad? Gold, silver, Bitcoin, crashing. Weak hands selling. Strong hands waiting to buy?”

Kiyosaki ने खास तौर पर Bitcoin की गिरती कीमतों को लेकर उत्साह जताया. उन्होंने कहा कि वह इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत और नीचे आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि ज्यादा Bitcoin खरीद सकें. उन्होंने लिखा, “I am most excited about Bitcoin’s crash. Waiting to buy more.”

अमेरिकी फेडरल रिजर्व और बैंकों पर उठाए सवाल

Kiyosaki ने अपनी निवेश रणनीति के पीछे की वजह बताते हुए अमेरिकी फेडरल रिजर्व, बैंकों और बॉन्ड बाजार की आलोचना की. उनका मानना है कि इनकी कथित अक्षमता के कारण अमेरिका का कर्ज और बढ़ सकता है.

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. बाजार में यह गिरावट अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बढ़ती उम्मीदों और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के बीच आई है.

लगातार बनी महंगाई के कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख बनाए रखने की उम्मीद है. आमतौर पर ब्याज दरें और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने पर दबाव आता है. इसकी वजह यह है कि सोना निवेशकों को ब्याज के रूप में कोई कमाई नहीं देता.

पहले भी गिरावट के दौरान खरीदारी कर चुके हैं Kiyosaki

यह पहली बार नहीं है, जब Robert Kiyosaki ने बाजार में गिरावट के दौरान सोने, चांदी और Bitcoin को लेकर भरोसा जताया है. इससे पहले 4 नवंबर को उन्होंने कहा था कि जब निवेशक इन संपत्तियों की गिरती कीमतों को देखकर घबरा रहे थे, तब उन्होंने और सोना, चांदी और Bitcoin खरीदे थे.

उन्होंने X पर लिखा था, “People paniced when gold, silver, Bitcoin crash. I bought more.”

Kiyosaki ने अपनी खरीदारी के पीछे दुनिया में बढ़ते कर्ज, खासकर अमेरिका के कर्ज का हवाला दिया था. उन्होंने राजनीतिक नेताओं की भी आलोचना की थी कि वे इस समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे हैं.

उन्होंने मौजूदा वित्तीय व्यवस्था पर भी सवाल उठाए थे. उनका कहना है कि सरकारी समर्थन वाली पारंपरिक करेंसी की खरीदने की ताकत घटने से उन लोगों की संपत्ति प्रभावित होती है, जो काम करके पैसा बचाते हैं.

उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा था कि वह सोने, चांदी और Bitcoin की अगली गिरावट का इंतजार कर रहे हैं.

सोने को लेकर लंबी अवधि में बड़ी तेजी की उम्मीद

सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद Kiyosaki लंबे समय से इस कीमती धातु को लेकर सकारात्मक नजरिया रखते हैं. जून 2026 में उन्होंने अनुमान जताया था कि अगले करीब पांच साल में सोने की कीमत 35,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है.

हालांकि, उन्होंने यह भी माना था कि सोने की कीमतों को लेकर उनका शॉर्ट टर्म अनुमान गलत साबित हुआ. 29 जून को उन्होंने X पर लिखा था, “I was wrong. Gold still crashing!”

इसके बावजूद उन्होंने सोने को लेकर लंबी अवधि का सकारात्मक नजरिया बनाए रखा. उनका कहना था कि बाजार में उतार-चढ़ाव आता रहता है और निवेशकों को कम समय में होने वाले बदलावों के बजाय लंबे समय में संपत्ति बनाने पर ध्यान देना चाहिए. Kiyosaki लगातार वैश्विक वित्तीय व्यवस्था की आलोचना करते रहे हैं. वह सरकारों पर बढ़ते कर्ज, जरूरत से ज्यादा करेंसी जारी करने और पारंपरिक मुद्राओं की घटती खरीदने की ताकत को लेकर चिंता जताते रहे हैं.

उनकी निवेश रणनीति सोना, चांदी और Bitcoin जैसी संपत्तियों में निवेश बनाए रखने पर आधारित है. उनका मानना है कि निवेशकों को अपनी पूरी संपत्ति सरकारी समर्थन वाली पारंपरिक करेंसी पर निर्भर नहीं रखनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें- Crystal Crop Protection IPO: फुस हुआ GMP! फिर भी 14X सब्सक्राइब हुआ इश्यू, जानें अलॉटमेंट के कितने चांस