4272% का दे चुका है मल्टीबैगर रिटर्न, अब 10 टुकड़ों में बंटेगा इस एंटरटेनमेंट कंपनी का शेयर, रिकॉर्ड डेट तय
Aqylon Nexus Ltd ने स्टॉक स्प्लिट का ऐलान किया है. इसके लिए रिकॉर्ड डेट तय की है. शेयर हाल ही में 5% लोअर सर्किट पर बंद हुआ, ये अपने 52 वीक हाई से करीब 19.8% नीचे ट्रेड कर रहा है. हालांकि पिछले 3 साल में इसने 4000% से ज्यादा रिटर्न दिया है. यह कर्जमुक्त स्टॉक निवेशकों के लिए फिर चर्चा में है.
Stock Split: मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर की प्रमुख कंपनी Aqylon Nexus Ltd आजकल सुर्खियों में है. कंपनी ने स्टॉक स्प्लिट का फैसला किया है. इसके तहत कंपनी 1:10 के रेशियों में शेयरों का विभाजन करेगी. यानी एक शेयर 10 टुकड़ों में बंटेंगे. इसके लिए रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी गई है. हालांकि इस ऐलान के बीच शेयर 5% के लोअर सर्किट पर फिसलकर 1,823.95 रुपये पर आ गए, जो पिछले बंद 1,919.90 रुपये के मुकाबले गिरावट दर्शाता है.
कम होगी फेस वैल्यू
कंपनी 1:10 के रेशियो में शेयरों का विभाजन करेगी. यानी 10 रुपये फेस वैल्यू वाला 1 शेयर अब 1 रुपये फेस वैल्यू के 10 शेयरों में बदल जाएगा. कंपनी ने 5 मार्च 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. इस दिन जिन शेयरधारकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में होंगे, उन्हें स्टॉक स्प्लिट का लाभ मिलेगा. स्टॉक स्प्लिट का मकसद शेयर की कीमत को ज्यादा किफायती बनाना और बाजार में लिक्विडिटी बढ़ाना होता है. इससे रिटेल निवेशकों की भागीदारी बढ़ सकती है.
कंपनी का कारोबार
Aqylon Nexus Ltd की स्थापना 1994 में हुई थी और यह मीडिया व एंटरटेनमेंट सेक्टर की जानी-मानी कंपनी है. यह कंटेंट प्रोडक्शन और सिंडिकेशन के क्षेत्र में सक्रिय है. कंपनी श्री अधिकारी ब्रदर्स ग्रुप का हिस्सा है, जिसके तहत TV Vision Ltd जैसी दूसरी लिस्टेड कंपनियां भी शामिल हैं. कंपनी SAB TV जैसे लोकप्रिय मनोरंजन ब्रांड के निर्माण के लिए जानी जाती है. इसके अलावा नेटवर्क Mastii, Dabang और Dillagi जैसे चैनल भी संचालित करता है.
यह भी पढ़ें: Ajax vs Kirloskar: कर्ज लगभग जीरो, हाई ROCE, ये हैं इंजीनियरिंग सेक्टर के 2 धुरंधर, अभी 37% तक सस्ते मिल रहे शेयर
मल्टीबैगर रिटर्न
कंपनी का मार्केट कैप 4,871 करोड़ रुपये है. शेयर की वर्तमान कीमत 1803 रुपये है, जबकि 52 वीक हाई 2,247 रुपये है. ये अपने ऑल टाइम हाई से 19.8% के डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है. इसके शेयर तीन महीने में 75 फीसदी चढ़े हैं. साल भर में इसने 238 फीसदी और 3 साल में 4000 फीसदी से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. कंपनी पूरी तरह से कर्जमुक्त है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
