पनीर की बढ़ती मांग पर Parag Milk Foods का बड़ा प्लान, लगाया ₹100 करोड़ का दांव; 4 गुना बढ़ेगा प्रोडक्शन

Parag Milk Foods पनीर उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये निवेश करेगी. कंपनी महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के प्लांट में 60 MT प्रति दिन नई क्षमता जोड़ेगी. इससे कुल पनीर उत्पादन क्षमता 20 से बढ़कर 80 MT प्रति दिन हो जाएगी. नई सुविधाओं में सामान्य और हाई-प्रोटीन दोनों तरह का पनीर बनाया जाएगा और जून 2027 तक इनके शुरू होने की उम्मीद है.

पनीर Image Credit: TV9

Parag Milk Foods ने मंगलवार को पनीर उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है. कंपनी महाराष्ट्र के मंचर और आंध्र प्रदेश के पलमनेर प्लांट में कुल 60 MT प्रति दिन की नई क्षमता जोड़ेगी. इसके बाद कंपनी की कुल पनीर उत्पादन क्षमता 20 MT प्रति दिन से बढ़कर 80 MT प्रति दिन हो जाएगी.

जून 2027 तक शुरू होने की उम्मीद

कंपनी के मुताबिक, विस्तार के बाद दोनों प्लांट में सामान्य पनीर के साथ-साथ हाई-प्रोटीन पनीर का भी उत्पादन किया जाएगा. नई सुविधाओं के जून 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है. Parag Milk Foods के COO राहुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी करीब 100 करोड़ रुपये के निवेश से 60 MT/दिन की नई क्षमता जोड़ने की योजना बना रही है. इससे कुल पनीर क्षमता 20 MT/दिन से बढ़कर 80 MT/दिन हो जाएगी.

देशभर में बढ़ेगा वितरण नेटवर्क

कंपनी के मुताबिक, क्षमता बढ़ने से उसे पूरे देश में पनीर का वितरण बढ़ाने में मदद मिलेगी. कंपनी अपने पनीर को अलग-अलग वितरण माध्यमों के जरिए ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है. Parag Milk Foods ने कहा कि उसके कुल कारोबार में वैल्यू-एडेड उत्पादों की हिस्सेदारी 90 फीसदी से ज्यादा है. पनीर कंपनी की प्रमुख कैटेगरी में शामिल है और पिछले दो साल में इसमें सालाना 28 फीसदी की दर से बढ़ोतरी हुई है.

संगठित बाजार में बढ़ती मांग पर नजर

कंपनी के मुताबिक, पनीर की मांग धीरे-धीरे असंगठित क्षेत्र से संगठित कंपनियों की ओर बढ़ रही है. फिलहाल संगठित कंपनियों की इस श्रेणी में हिस्सेदारी केवल 5 से 6% है. बढ़ती मांग को पूरा करने और एक समान गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए Parag Milk Foods अपनी पनीर उत्पादन क्षमता को चार गुना करने की तैयारी कर रही है. कंपनी का लक्ष्य सामान्य और हाई-प्रोटीन दोनों तरह के पनीर के जरिए देशभर में अपनी पहुंच बढ़ाना है.

इसे भी पढ़ें- ऊंची दुकान फीकी पकवान साबित हुए ये 13 शेयर! तोड़ा निवेशकों के अमीर बनने का सपना, 50 फीसदी तक गिरे