डिफेंस के इन 2 छोटे शेयरों पर बड़ा दांव! गिरावट में भी खरीद रहे हैं आशीष कचोलिया; रखें नजर

दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया ने डिफेंस सेक्टर की दो एसएमई कंपनियों टेकएरा इंजीनियरिंग और सी2सी एडवांस्ड सिस्टम्स में गिरावट के बावजूद अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. दोनों शेयर अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर से 49% और 72% तक टूट चुके हैं. इसके बावजूद कचोलिया का भरोसा कायम है.

आशीष कचोलिया स्टॉक्स. Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Ashish Kacholia: दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया ने डिफेंस सेक्टर की दो एसएमई कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है, जबकि दोनों शेयर अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर से 49% और 72% तक टूट चुके हैं. हालांकि इन कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों में शानदार ग्रोथ दिखाई है, लेकिन ऊंचे वैल्यूएशन, कमजोर कैश फ्लो, प्रमोटर हिस्सेदारी में गिरावट और सीमित खुलासों जैसे कई जोखिम भी मौजूद हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कचोलिया इन कंपनियों में ऐसा क्या देख रहे हैं? आशीष कचोलिया की पहचान ऐसे निवेशक के रूप में है, जो छोटी कंपनियों में शुरुआती दौर में निवेश करते हैं और कई वर्षों तक धैर्य के साथ अपना निवेश बनाए रखते हैं.

एसएमई शेयरों में निवेश क्यों अलग होता है

एसएमई कंपनियों में निवेश, मेन बोर्ड की कंपनियों की तुलना में अलग होता है. इन शेयरों में कारोबार लॉट के आधार पर होता है, जिससे न्यूनतम निवेश राशि अधिक होती है. इन शेयरों में लिक्विडिटी कम रहती है, इसलिए जरूरत पड़ने पर निवेशक आसानी से बाहर नहीं निकल पाते. इसके अलावा, ये कंपनियां हर तिमाही के बजाय छह महीने में एक बार अपने वित्तीय नतीजे जारी करती हैं. कम खुलासे, सीमित विश्लेषक कवरेज और कम शेयरधारकों के कारण इनमें उतार-चढ़ाव भी अधिक देखने को मिलता है.

TechEra Engineering में लगातार बढ़ाई हिस्सेदारी

TechEra Engineering एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के लिए प्रिसीजन टूलिंग और कंपोनेंट्स तैयार करती है. financialexpress की रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 में आशीष कचोलिया ने इसमें पहली बार 2.11% हिस्सेदारी खरीदी थी. मार्च 2026 तक इसे बढ़ाकर 3.51% और जून 2026 तक 3.57% कर दिया. उनकी एक अन्य निवेश कंपनी की हिस्सेदारी जोड़ने पर कुल हिस्सेदारी करीब 6.3% हो जाती है.

कंपनी के कारोबार में पिछले पांच वर्षों में अच्छी वृद्धि देखने को मिली है. बिक्री 8.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 48.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई और घाटे से निकलकर कंपनी मुनाफे में आ गई. हालांकि, वित्त वर्ष 2026 में बिक्री और मुनाफा लगभग स्थिर रहे, जिससे ग्रोथ की रफ्तार धीमी पड़ती दिखी.

शेयर की बात करें तो TechEra Engineering अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 326 रुपये से करीब 49% टूट चुका है. इसके बावजूद शेयर करीब 103 पीई पर कारोबार कर रहा है, जो उद्योग के औसत से काफी अधिक है. गुरुवार को कंपनी का शेयर 4.98 फीसदी की तेजी के साथ 174 रुपये पर पहुंच गया.

C2C Advanced Systems में भी बरकरार भरोसा

दूसरी कंपनी C2C Advanced Systems डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई आधारित सिस्टम और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन विकसित करती है. कंपनी की बिक्री पिछले पांच वर्षों में 1 करोड़ रुपये से बढ़कर 146 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. हालांकि, वित्त वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में कंपनी को नुकसान हुआ और पूरे साल का मुनाफा भी घट गया.

इस कंपनी का शेयर भी अपने ऑल टाइम हाई 954 रुपये से करीब 72% टूट चुका है. सबसे बड़ी चिंता कंपनी का कैश फ्लो है. लगातार नकारात्मक ऑपरेटिंग कैश फ्लो के कारण कर्ज बढ़ा है. हालांकि, कंपनी का कहना है कि आने वाले महीनों में बड़ी रकम की वसूली होने की उम्मीद है. मार्च 2026 तक कचोलिया की इस कंपनी में 3.82% हिस्सेदारी थी. गुरुवार को कंपनी का शेयर 0.41 फीसदी की बढ़त के साथ 266.40 रुपये पर पहुंच गया.

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: OPS की वापसी से बढ़ी उम्मीद, 8वें वेतन आयोग में पेंशनर्स ने रखी बड़ी मांगें

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.