Asian Paints ने 23 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का किया ऐलान, जानें रिकॉर्ड डेट और कैसे रहे Q4 नतीजे

Asian Paints ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 23 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है. कंपनी ने 23 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है, जबकि डिविडेंड का भुगतान AGM की मंजूरी के बाद 13 जुलाई 2026 से किया जाएगा. कंपनी की 80वीं AGM 9 जुलाई को आयोजित होगी.

एशियन पेंट्स Image Credit: Getty image

Asian Paints Dividend: देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी Asian Paints ने अपने निवेशकों को बड़ी खुशखबरी दी है. कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए 23 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है. यह डिविडेंड कंपनी की आगामी एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद वितरित किया जाएगा. कंपनी ने 23 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है.

13 जुलाई को होगा भुगतान

कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, यदि AGM में डिविडेंड प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो इसका भुगतान 13 जुलाई 2026 या उसके बाद किया जाएगा. इससे पहले कंपनी ने नवंबर 2025 में 4.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था. ऐसे में FY26 के लिए कुल डिविडेंड भुगतान 27.50 रुपये प्रति शेयर हो जाएगा.

9 जुलाई को होगी 80वीं AGM

Asian Paints की 80वीं एनुअल जनरल मीटिंग 9 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी. इस बैठक में डिविडेंड प्रस्ताव समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी. कंपनी के इस ऐलान के बाद निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिला है.

चौथी तिमाही में मुनाफा 69 फीसदी उछला

डिविडेंड की घोषणा के साथ ही कंपनी ने चौथी तिमाही (January-March FY26) के नतीजे भी जारी किए हैं. मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 69 फीसदी से अधिक बढ़कर 1,172 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 692 करोड़ रुपये था.

वहीं, ऑपरेशन से होने वाली कमाई भी सालाना आधार पर करीब 11 फीसदी बढ़कर 9,247 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 8,349.59 करोड़ रुपये थी. January-March 2026 तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय 11 फीसदी से अधिक बढ़कर 9,418 करोड़ रुपये रही. वहीं, कुल खर्च लगभग 8 फीसदी बढ़कर 7,829.17 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

कैसा है शेयर का हाल

शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.01 फीसदी गिरकर 2671.60 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 3.14 फीसदी की तेजी आई है, जबकि बीते एक महीने में यह 8.83 फीसदी उछल चुका है.

यह भी पढ़ें: AI के दौर में भी चमकेगा यह IT स्टॉक! Elara Securities ने दी Buy रेटिंग; 24 फीसदी तक बढ़ेगा शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.