Bajaj Finance Q1 Results: 27 फीसदी बढ़ा मुनाफा , गोल्ड लोन और AUM में जोरदार उछाल
बजाज फाइनेंस ने जून तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का शुद्ध लाभ 27.4 फीसदी बढ़कर 5986 करोड रुपये पहुंच गया, जबकि नेट इंटरेस्ट इनकम में 23 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई. कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट 24 फीसदी बढ़कर 5.46 लाख करोड रुपये हो गया.

Bajaj Finance Q1 Results: बजाज फाइनेंस ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 27.4 फीसदी बढ़कर 5986 करोड़ रुपये पहुंच गया. नेट इंटरेस्ट इनकम में भी 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. कंपनी के एसेट अंडर मैनेजमेंट में मजबूत वृद्धि देखने को मिली. खास तौर पर गोल्ड लोन और कमर्शियल व्हीकल फाइनेंस कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन किया. हालांकि कंपनी ने सतर्कता बरतते हुए अतिरिक्त प्रावधान भी बनाए हैं.
मुनाफा और ब्याज इनकम में जोरदार बढ़ोतरी
बजाज फाइनेंस का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट एक साल पहले के 4699 करोड़ रुपये से बढ़कर 5986 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम भी 10288 करोड़ रुपये से बढ़कर 12571 करोड़ रुपये पहुंच गई. प्री प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट 22 फीसदी बढ़कर 10137 करोड़ रुपये रहा. नतीजों से पहले कंपनी का शेयर 1056.05 रुपये पर 0.18 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ.
एसेट क्वालिटी में सुधार
कंपनी की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला. ग्रॉस एनपीए रेशियो मार्च तिमाही के 1.03 फीसदी से घटकर 0.96 फीसदी रह गया. नेट एनपीए भी 0.50 फीसदी से घटकर 0.39 फीसदी पर आ गया. हालांकि कुल लोन लॉस और प्रावधान 1993 करोड़ रुपये रहे जो पिछले साल के मुकाबले हल्के ज्यादा रहे.
गोल्ड लोन और AUM ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार
कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट 24 फीसदी बढ़कर 5.46 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा 112 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 21152 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कमर्शियल व्हीकल और ट्रैक्टर फाइनेंस कारोबार भी 102 फीसदी बढ़कर 4355 करोड़ रुपये हो गया. मॉर्गेज पोर्टफोलियो 27 फीसदी और कार लोन 28 फीसदी बढ़ा.
नए लोन बुकिंग में भी मजबूत बढ़त
अप्रैल से जून तिमाही के दौरान कंपनी ने 1.61 करोड़ नए लोन जारी किए. यह पिछले साल की समान अवधि के 1.35 करोड़ लोन की तुलना में 20 फीसदी ज्यादा है. मजबूत लोन बुकिंग और तेजी से बढ़ते एयूएम से संकेत मिलता है कि आने वाली तिमाहियों में भी कंपनी का कारोबार मजबूत बना रह सकता है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें