इस सरकारी कंपनी को नाइजीरिया से मिला मेगा ऑर्डर, 6 महीने में 50 फीसदी उछल चुका है शेयर, जानें- अब कितनी है कीमत
कंपनी के मंगलवार के बयान के अनुसार, यह ऑर्डर कड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच मिला है और इसे डंगोटे ग्रुप की कंपनी डंगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज ने दिया है. बुधवार के कारोबार में शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे.

BHEL Share Today: सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) को नाइजीरिया की डंगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज से आठ गैस टरबाइन जेनरेटर पैकेज की सप्लाई और कमीशनिंग की देखरेख का ऑर्डर मिला है. कंपनी के मंगलवार के बयान के अनुसार, यह ऑर्डर कड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच मिला है और इसे डंगोटे ग्रुप की कंपनी डंगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज ने दिया है.
डंगोटे ग्रुप अफ्रीका के सबसे बड़े और कई क्षेत्रों में फैले हुए ग्रुप्स में से एक है, जिसका कारोबार ऑयल रिफाइनिंग, पेट्रोकेमिकल्स, फर्टिलाइजर, सीमेंट, चीनी और पैकेजिंग जैसे क्षेत्रों में फैला है.
टरबाइन जेनरेटर पैकेज
BHEL के काम में आठ गैस टरबाइन जेनरेटर पैकेज का निर्माण और सप्लाई करना, साथ ही प्रोजेक्ट साइट पर उनके इंस्टॉलेशन और कमीशनिंग की देखरेख करना शामिल है. ये उपकरण BHEL की हैदराबाद और बेंगलुरु स्थित फैक्ट्रियों में बनाए जाएंगे.
BHEL के लिए बड़ी उपलब्धि
यह ऑर्डर BHEL के लिए एक अहम उपलब्धि है, क्योंकि यह गैस टरबाइन जेनरेटर पैकेज के लिए सप्लाई और सुपरविजन के आधार पर कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल ऑर्डर है (संख्या और मूल्य, दोनों के लिहाज से). इससे BHEL की ग्लोबल पहचान और मजबूत होने और एक अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरिंग कंपनी के तौर पर उसकी क्षमता साबित होने की उम्मीद है.
BHEL का नेटवर्क
BHEL ने अफ्रीका में मिस्र, इथियोपिया, लीबिया, रवांडा, सेनेगल और सूडान जैसे देशों में पावर सेक्टर के प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी मजबूत मौजूदगी बनाई है, साथ ही महाद्वीप के कई अन्य देशों में भी उपकरण सप्लाई किए हैं. कंपनी ने इससे पहले नाइजीरिया के क्रॉस रिवर स्टेट की सरकार के लिए 26 MW के गैस टरबाइन जेनरेटर पैकेज की सप्लाई और कमीशनिंग की देखरेख का ऑर्डर पूरा किया था.
विदेशों में काम कर रही कंपनी
BHEL चार दशकों से ज्यादा समय से भारत और विदेशों में ग्राहकों के लिए गैस टरबाइन का निर्माण और सप्लाई कर रही है और दुनिया की प्रमुख गैस टरबाइन और जेनरेटर निर्माता कंपनियों में से एक है. इसने अब तक लगभग 250 गैस टरबाइन सप्लाई किए हैं, जिनमें से 20 प्रतिशत से ज्यादा विदेशी ग्राहकों को दिए गए हैं.
शेयर का हाल
बुधवार को BHEL के शेयर 1 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे. पिछले एक साल में इस शेयर की कीमत में 66 फीसदी से अधिक का उछाल आया है. पिछले 6 महीने में यह स्टॉक 50 फीसदी से अधिक उछला है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.