इस महारत्न कंपनी के शेयरों पर रखें नजर, मिला ₹2800 करोड़ का मेगा ऑर्डर, स्टॉक में दिख सकती है हलचल
सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी BHEL को ओडिशा में बनने वाले कोल-टू-अमोनियम नाइट्रेट प्रोजेक्ट के लिए ₹2,800 करोड़ का बड़ा ऑर्डर मिला है. यह ऑर्डर BCGCL से मिला है, जिसमें डिजाइन से लेकर ऑपरेशन और मेंटेनेंस तक की जिम्मेदारी BHEL निभाएगा. यह डील कंपनी की ऑर्डर बुक और भविष्य की ग्रोथ को मजबूती देती है. इसके बाद कंपनी के शेयरों में हलचल दिख सकती है.
BHEL Received 2800 crore Order: सरकारी डिफेंस और इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के हाथ एक बड़ी कामयाबी मिली है. कंपनी को 10 फरवरी को करीब ₹2,800 करोड़ का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला है. यह ऑर्डर कोल-आधारित केमिकल प्रोजेक्ट से जुड़ा है और इससे BHEL की ऑर्डर बुक को और मजबूती मिली है.
BCGCL से मिला ऑर्डर
यह ऑर्डर भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) से मिला है. BCGCL, कोल इंडिया लिमिटेड और BHEL का जॉइंट वेंचर है, जिसमें कोल इंडिया की 51% और BHEL की 49% हिस्सेदारी है. यह प्रोजेक्ट ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में लगाया जाएगा. यह कोल-टू-अमोनियम नाइट्रेट प्रोजेक्ट होगा, जिसकी क्षमता 2,000 टन प्रतिदिन की होगी.
Syngas Purification Plant की पूरी जिम्मेदारी BHEL पर
यह ऑर्डर LSTK-2 पैकेज के तहत Syngas Purification Plant के लिए दिया गया है. इसके तहत BHEL डिजाइन और इंजीनियरिंग से लेकर उपकरणों की सप्लाई, सिविल वर्क, एरेक्शन और कमीशनिंग तक का काम करेगा. इसके अलावा, प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) की जिम्मेदारी भी BHEL के पास रहेगी.
42 महीने में कमीशनिंग
कंपनी के मुताबिक, LoA मिलने की तारीख से 42 महीनों में प्रोजेक्ट का कमीशनिंग और परफॉर्मेंस गारंटी टेस्ट पूरा किया जाएगा. इसके बाद अगले 60 महीनों यानी 5 साल तक BHEL ऑपरेशन और मेंटेनेंस सेवाएं देगा. इस ऑर्डर की वैल्यू में कस्टम ड्यूटी और GST शामिल नहीं हैं.
सरकार की हिस्सेदारी बिक्री और शेयरों की चाल
इसी बीच, सरकार BHEL में 5% तक हिस्सेदारी Offer for Sale (OFS) के जरिए बेचने की तैयारी कर रही है. OFS का फ्लोर प्राइस ₹255–₹260 प्रति शेयर के बीच हो सकता है, जिससे करीब ₹4,500 करोड़ जुटाए जाने की उम्मीद है. मंगलवार को BHEL का शेयर NSE पर 0.53% की बढ़त के साथ ₹276.10 पर बंद हुआ. पिछले 6 महीनों में स्टॉक करीब 25% और एक साल में लगभग 36% चढ़ चुका है. कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब ₹96 हजार करोड़ है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




