BLS Polymers: सिर्फ 11 दिन में पैसा डबल, मुनाफा 130% उछला; कंपनी में कितना दम?
IPO के बाद BLS Polymers के शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. 150 रुपये के इश्यू प्राइस वाला शेयर 19 नवंबर को 303.70 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. यानी IPO भाव से करीब 103 फीसदी की तेजी. कंपनी ने Q2 FY27 में 10.54 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 130.63 फीसदी ज्यादा है. रेवेन्यू 28.92% बढ़कर 125.56 करोड़ रुपये रहा.

शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुई BLS Polymers के शेयरों में गुरुवार, 19 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली. कंपनी के सितंबर 2026 तिमाही के नतीजे मजबूत रहने के बाद शेयर 8 फीसदी से ज्यादा उछलकर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया. कंपनी के रेवेन्यू, मुनाफे और ऑपरेटिंग प्रदर्शन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. खास बात यह है कि IPO में 150 रुपये के भाव पर जारी हुआ यह शेयर अब अपने इश्यू प्राइस से करीब 103 फीसदी (11 कारोबारी ) दिनों में ऊपर पहुंच चुका है.
गुरुवार को BLS Polymers का शेयर 292.20 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान 303.70 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. इस स्तर पर शेयर 3 नवंबर 2026 को दर्ज किए गए अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर 225 रुपये से करीब 35 फीसदी ऊपर था. इससे पहले के एक सप्ताह में भी शेयर में 20 फीसदी की तेजी आई थी. दोपहर 12 बजे तक कंपनी का शेयर 288 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा था.
IPO के भाव से दोगुने से ज्यादा हुआ शेयर
BLS Polymers का IPO 27 अक्टूबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 29 अक्टूबर को बंद हुआ था. कंपनी ने 3 नवंबर 2026 को शेयर बाजार में शुरुआत की. IPO में शेयर का इश्यू प्राइस 150 रुपये रखा गया था. इस हिसाब से शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब 103 फीसदी चढ़ चुका है. कंपनी ने IPO के जरिए 1.7 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए थे. यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू था, जिससे कंपनी ने करीब 255 करोड़ रुपये जुटाए. शेयर की लिस्टिंग NSE पर 248 रुपये पर हुई थी. इस तरह NSE पर इश्यू प्राइस के मुकाबले 65.33% के प्रीमियम पर शेयर की शुरुआत हुई थी.
Q2 में मुनाफा 130.63% बढ़कर ₹10.54 करोड़
BLS Polymers ने सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही यानी Q2 FY27 में शानदार नतीजे पेश किए. कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) सालाना आधार पर 130.63% बढ़कर 10.54 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4.57 करोड़ रुपये था. कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 28.92% बढ़कर 125.56 करोड़ रुपये रहा. वहीं, EBITDA में 92.98% की बढ़ोतरी हुई और यह 17.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. Q2 FY26 में EBITDA 9 करोड़ रुपये था. कंपनी के मुताबिक, बिजली, टेलीकॉम और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे प्रमुख उद्योगों से मजबूत मांग ने इस प्रदर्शन में मदद की.
पॉलिमर कारोबार बना ग्रोथ का बड़ा आधार
कंपनी के पॉलिमर डिवीजन ने कारोबार की ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई. Q2 FY27 में इस डिवीजन का रेवेन्यू सालाना आधार पर 35.5% बढ़कर 8,885.05 लाख रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में यह 6,558.67 लाख रुपये था. वहीं, ट्रेडिंग सेगमेंट का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 15.4% बढ़कर 3,671.24 लाख रुपये रहा.
पहली छमाही में मुनाफा 51.16% बढ़ा
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी H1 FY27 में भी कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा. इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 35.63% बढ़कर 232.59 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की समान अवधि में यह 171.49 करोड़ रुपये था. H1 FY27 में EBITDA 41.71% बढ़कर 33.57 करोड़ रुपये रहा. EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 14.43% हो गया, जो H1 FY26 में 13.81% था. वहीं, कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स सालाना आधार पर 51.16% बढ़कर 20.77 करोड़ रुपये पहुंच गया.
चेयरमैन ने कारोबार को लेकर क्या कहा?
BLS Polymers के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर करण अग्रवाल ने कहा कि कंपनी का प्रदर्शन ऑपरेशनल कामकाज और ग्राहकों के साथ संबंधों पर लगातार ध्यान देने का नतीजा है. उन्होंने बताया कि बिजली और टेलीकॉम जैसे क्षेत्रों से मांग कंपनी के लिए ग्रोथ के अवसर दे रही है. उनके मुताबिक, कंपनी अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ाने पर ध्यान दे रही है, ताकि उसके प्रोडक्ट मिक्स को मजबूत किया जा सके.
क्या BLS Polymers के शेयर में अभी खरीदारी करें?
BLS Polymers के शेयर में IPO के बाद आई तेज बढ़त के चलते निवेशकों के सामने अब यह सवाल है कि क्या मौजूदा स्तर पर इसमें खरीदारी करनी चाहिए. भारत के पॉलिमर कंपाउंड्स उद्योग को बिजली, टेलीकॉम, निर्माण और औद्योगिक पाइपलाइन जैसे क्षेत्रों से बढ़ती मांग का फायदा मिलने की उम्मीद है.
मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, बिजली ट्रांसमिशन, रिन्यूएबल एनर्जी, टेलीकॉम, निर्माण और पाइपलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश से वायर, केबल और इंडस्ट्रियल पाइप की मांग बढ़ सकती है. रिपोर्ट में बताया गया है कि खास इस्तेमाल के लिए तैयार किए जाने वाले, आग से बचाव करने वाले और बेहतर प्रदर्शन वाले पॉलिमर कंपाउंड्स की मांग भी बढ़ सकती है. रिपोर्ट में कंपनी के कारोबार को लेकर सकारात्मक नजरिया बनाए रखा है. कंपनी की खास सेगमेंट में मौजूदगी, मुनाफे में सुधार, मौजूदा क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं होना और प्रस्तावित क्षमता विस्तार आगे ग्रोथ के अवसर दे सकते हैं. हालांकि, IPO के भाव से करीब 103% की तेजी के बाद निवेशकों को कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी, भविष्य की ग्रोथ और विस्तार योजनाओं के साथ-साथ मौजूदा वैल्यूएशन और उन्हें लागू करने से जुड़े जोखिमों पर भी ध्यान देना होगा.
इसे भी पढ़ें- Nifty IT में भारी बिकवाली, 2.4% से ज्यादा टूटा इंडेक्स, Infosys-Wipro समेत सभी बड़े शेयर लाल निशान में, जानें वजह
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.