चिप क्रांति बज चुका है बिगुल, इन 4 सेमीकंडक्टर स्टॉक्स पर रखें नजर; मजबूत है ग्रोथ

भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तेजी से उभर रही है और आने वाले वर्षों में यह सेक्टर निवेशकों के लिए बड़ा मौका बन सकता है. सरकार के चिप मैन्युफैक्चरिंग फोकस के बीच Kernex Microsystems और Dixon Technologies जैसे 4 शेयर चर्चा में हैं. इन कंपनियों ने मजबूत ग्रोथ, विस्तार योजनाओं और टेक्नोलॉजी निवेश से बाजार का ध्यान खींचा है.

सेमीकंडक्टर स्टॉक्स Image Credit: canva/money9live

Semiconductor Stocks India: भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन आने वाले वर्षों में यह सेक्टर देश की मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी ग्रोथ का बड़ा आधार बन सकता है. केंद्र सरकार लगातार घरेलू चिप निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर दे रही है. इसी वजह से कई कंपनियां अब सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़कर तेजी से विस्तार कर रही हैं. ऐसे में निवेशकों की नजर उन कंपनियों पर है, जो अगले 5 वर्षों में मजबूत ग्रोथ दिखा सकती हैं. भारत ने पहले ही स्मार्टफोन और EV सेक्टर में बड़े ग्लोबल ब्रांड्स को आकर्षित कर सफलता हासिल की है. अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी ऐसा ही मॉडल अपनाया जा रहा है. इससे देश में निवेश, रोजगार और हाई-टेक उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है.

Kernex Microsystems पर नजर

इस सूची में पहला नाम Kernex Microsystems का है. कंपनी रेलवे सुरक्षा सिस्टम, डिजाइन, डेवलपमेंट, टेस्टिंग और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम इंटीग्रेशन का काम करती है. Kavach Program के तहत कंपनी कई एडवांस्ड सेफ्टी मॉड्यूल और RFID सिस्टम बनाती है, जिनमें सेमीकंडक्टर कंपोनेंट की जरूरत होती है. कंपनी की बिक्री और शुद्ध मुनाफे में पिछले वर्षों में मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई है. दोनों क्रमशः 66 फीसदी और 71 फीसदी CAGR से बढ़े हैं. हाल ही में Kavach Version 4.0 के लिए मंजूरी मिलने से आने वाले समय में इसके कारोबार को मजबूती मिल सकती है.

  • बिक्री- 66 फीसदी
  • नेट प्राफिट- 71 फीसदी

Kaynes Technology का दमदार विस्तार

दूसरा नाम Kaynes Technology का है, जो इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विस से आगे बढ़कर अब सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग में भी मजबूत उपस्थिति बना रही है. कंपनी की सहायक यूनिट Kaynes Semicon एडवांस्ड चिप पैकेजिंग पर काम कर रही है. मार्च 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी के नए प्लांट का उद्घाटन किया. यह यूनिट प्रतिदिन 63 लाख चिप्स की टेस्टिंग और पैकेजिंग क्षमता रखती है. कंपनी की बिक्री और शुद्ध मुनाफे पिछले 5 वर्षों में क्रमशः 49 फीसदी और 99 फीसदी CAGR से बढ़े हैं.

  • बिक्री- 49 फीसदी
  • नेट प्राफिट- 99 फीसदी

Moschip Semiconductor की टेक्नोलॉजी बढ़त

तीसरी कंपनी Moschip Semiconductor है, जो हैदराबाद आधारित सेमीकंडक्टर डिजाइन सर्विस कंपनी है. कंपनी पिछले दो दशकों से इस क्षेत्र में काम कर रही है और हाल ही में Agentic AI आधारित नए सॉल्यूशंस लॉन्च किए हैं. कंपनी ने अपनी सहायक यूनिट के विलय का भी फैसला किया है, जिससे ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ने की उम्मीद है. पिछले 3 वर्षों में कंपनी की बिक्री और शुद्ध मुनाफा क्रमशः 47 फीसदी और 73 फीसदी बढ़े हैं.

  • बिक्री- 47 फीसदी
  • नेट प्राफिट- 73 फीसदी

Dixon Technologies भी रडार पर

चौथा बड़ा नाम Dixon Technologies है, जो भारत की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विस कंपनियों में शामिल है. कंपनी मोबाइल फोन, कंज्यूमर सर्विस और कई बड़े ब्रांड्स के लिए मैन्युफैक्चरिंग करती है. कंपनी ने डिस्प्ले मॉड्यूल, कैमरा सेंसर और हाई-टेक कंपोनेंट में बड़ा निवेश किया है. इसके अलावा डिस्प्ले फैब्रिकेशन प्लांट की योजना भी बनाई गई है. इससे कंपनी वैल्यू चेन में ऊपर जाने की कोशिश कर रही है. बीते 5 वर्षों में इसकी बिक्री और शुद्ध मुनाफा क्रमशः 55 फीसदी और 59 फीसदी CAGR से बढ़े हैं.

  • बिक्री- 55 फीसदी
  • नेट प्राफिट- 59 फीसदी

यह भी पढ़ें: FD या Debt Fund: कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न और कम टैक्स? जानें निवेश का सही उस्ताद कौन

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.