₹2 से ₹280 पहुंचा ये शेयर, ₹1 लाख ने 4 साल में बना दिए ₹1.40 करोड़, ताजा नतीजे भी दमदार; रखें नजर

क्यूपिड के शेयर ने लंबी अवधि में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है. करीब 2 से बढ़कर 280 रुपये तक पहुंचने वाले इस शेयर में चार साल पहले लगाए गए 1 लाख रुपये की रकम अब करीब 1.40 करोड़ रुपये हो गई होती. तीन साल में यही निवेश करीब 67 लाख रुपये और एक साल में करीब 7 लाख रुपये हो गया होता.

क्यूपिड लिमिटेड शेयर Image Credit: canva

शेयर बाजार में कम समय में बड़ा पैसा बनाने की चाहत हर निवेशक की होती है, लेकिन असल में बड़ी संपत्ति बनाने में समय, धैर्य और सही शेयर का चुनाव अहम भूमिका निभाता है. ऐसा ही एक उदाहरण क्यूपिड लिमिटेड के शेयर का है. कभी 2 रुपये के स्तर पर कारोबार करने वाला यह शेयर अब 280 रुपये तक पहुंच चुका है. लंबे समय में इस शेयर ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है.

हालांकि, हाल की अवधि में शेयर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. ऐसे में सिर्फ पुराने रिटर्न को देखकर निवेश का फैसला करना सही नहीं होगा. कंपनी के ताजा नतीजे, कारोबार की स्थिति और आगे के लक्ष्य को भी समझना जरूरी है.

₹1 लाख का निवेश 4 साल में करीब ₹1.20 करोड़

क्यूपिड के शेयर ने लंबी अवधि में निवेशकों की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा किया है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, चार साल पहले इस शेयर में लगाए गए 1 लाख रुपये की रकम आज करीब 1.40 करोड़ हो गई होती. इसी तरह, तीन साल पहले लगाए गए 1 लाख रुपये का निवेश अब करीब 67 लाख रुपये का हो गया होता. एक साल पहले लगाए गए 1 लाख रुपये की रकम करीब 7 लाख रुपये हो गई होती. वहीं, 2026 की शुरुआत में लगाए गए ₹1 लाख का निवेश अब करीब 2.6 लाख रुपये का हो गया होता.

यानी इस शेयर ने अलग-अलग अवधि में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है, हालांकि हाल की अवधि में इसमें कुछ कमजोरी भी देखने को मिली है.

एक हफ्ते और एक महीने में शेयर दबा

लंबी अवधि के शानदार प्रदर्शन के उलट हाल के दिनों में क्यूपिड के शेयर पर कुछ दबाव देखने को मिला है. पिछले एक सप्ताह में शेयर 0.44 फीसदी गिरा है, जबकि पिछले एक महीने में इसमें 4.83 फीसदी की गिरावट आई है. हालांकि, 2026 में अब तक यानी साल-दर-साल आधार पर शेयर में 166.43 फीसदी की जोरदार तेजी आई है. एक साल की अवधि में शेयर ने 601 फीसदी का रिटर्न दिया है. अगर लंबी अवधि देखें तो तीन साल में शेयर 6,623.56 फीसदी और पांच साल में 11,956.03 फीसदी चढ़ा है.

₹2.33 से ₹279.70 तक का सफर

क्यूपिड के शेयर ने लंबे समय में जिस तरह की तेजी दिखाई है, उसका अंदाजा इसके पुराने और मौजूदा भाव से लगाया जा सकता है. शेयर की कीमत करीब 2 रुपये से बढ़कर 280 रुपये तक पहुंच गई है यानी इस दौरान शेयर ने कई गुना रिटर्न दिया है.

यही वजह है कि क्यूपिड को मल्टीबैगर शेयर के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, मल्टीबैगर रिटर्न का पिछला प्रदर्शन भविष्य में भी उसी तरह का रिटर्न मिलने की गारंटी नहीं देता.

पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुने से ज्यादा

क्यूपिड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 44 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 15 करोड़ रुपये था. यानी मुनाफे में काफी तेज बढ़ोतरी हुई. इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 159 फीसदी बढ़कर 155 करोड़ रुपये हो गया.

कंपनी के EBITDA में भी जोरदार बढ़ोतरी हुई. यह सालाना आधार पर 265 फीसदी बढ़कर 60 करोड़ रुपये रहा. वहीं, EBITDA मार्जिन 1,127 बेसिस पॉइंट बढ़कर 39 फीसदी हो गया.

एक्सपोर्ट में बढ़ाए दाम, मार्जिन को मिला फायदा

कंपनी ने अपने एक्सपोर्ट पोर्टफोलियो में कम से कम 10 फीसदी कीमत बढ़ाई है. इससे कंपनी को बेहतर रियलाइजेशन और मार्जिन में सुधार करने में मदद मिली. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर का अनुकूल माहौल भी कंपनी के एक्सपोर्ट रियलाइजेशन के लिए फायदेमंद रहा. कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बी2बी हेल्थकेयर कारोबार के साथ घरेलू कंज्यूमर हेल्थकेयर और एफएमसीजी कारोबार में भी प्रदर्शन अच्छा रहा है.

मजबूत ऑर्डर बुक से आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

कंपनी के पास मजबूत ऑर्डर बुक है. इसके अलावा कंज्यूमर हेल्थकेयर और एफएमसीजी पोर्टफोलियो में बढ़ोतरी, अंतरराष्ट्रीय बी2बी मांग और वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद को देखते हुए कंपनी ने अपना पूरे साल का अनुमान बढ़ाया है. क्यूपिड को अब वित्त वर्ष 2026-27 में 725 से 750 करोड़ रुपये के रेवेन्यू और 210 से 225 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट की उम्मीद है यानी कंपनी की नजर सिर्फ मौजूदा प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में कारोबार को और मजबूत करने पर है.

निवेशकों को क्या समझना चाहिए?

क्यूपिड के शेयर ने लंबे समय में निवेशकों को असाधारण रिटर्न दिया है. 2 रुपये से 280 रुपये तक का सफर और चार साल में 1 लाख का करीब 1.40 करोड़ रुपये हो जाना इसके प्रदर्शन को दिखाता है. कंपनी के ताजा तिमाही नतीजे भी मजबूत रहे हैं और रेवेन्यू, मुनाफे तथा EBITDA में तेज बढ़ोतरी हुई है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना रेवेन्यू और मुनाफे का अनुमान भी बढ़ाया है.

इसे भी पढ़ें- 5 हफ्ते से बाजार बेहाल, अब मंगलवार को क्या होगा? इन 3 फैक्टर्स पर टिकी नजर

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.