अडानी ग्रुप से बड़ा ऑर्डर मिलते ही गोली की तरह भागा ये EPC स्टॉक, एक दिन में 6% उछला, ₹709 करोड़ का है प्रोजेक्ट
Power Mech Projects Limited के शेयरों में तेज उछाल देखने को मिला और यह एक दिन में करीब 6% चढ़ गया. शेयर में आए उछाल की वजह कंपनी को अडानी ग्रुप से मिला बड़ा ऑर्डर है. इससे कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी. तिमाही नतीजों में भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है.
Power Mech Projects Limited Share Price: इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) सेवाओं से जुड़ी स्मॉलकैप कंपनी Power Mech Projects Limited के शेयरों में 17 मार्च, मंगलवार को तेजी देखने को मिली. इसके शेयर एक ही दिन में 6 फीसदी तक उछल गए. इसकी वजह कंपनी को अडानी गुप से मिला एक बड़ा ऑर्डर है.
कंपनी ने बताया कि उसे अडानी इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेमेंट सर्विसेज लिमिटेड से से करीब 709 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. इस खबर के बाद कंपनी के शेयर में तेजी देखने को मिली और यह कारोबार के दौरान करीब 1,988.60 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव 1,876 रुपये से लगभग 6 प्रतिशत ज्यादा है.
क्या होगा प्रोजेक्ट में खास?
यह ऑर्डर महाराष्ट्र के तिरोड़ा में स्थित 5×660 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट के लिए KPI आधारित ऑपरेशन, मेंटेनेंस और ओवरहॉलिंग से जुड़ा है. यह प्रोजेक्ट अप्रैल 2026 से मार्च 2031 तक यानी करीब पांच साल में पूरा किया जाएगा. इस कॉन्ट्रैक्ट से कंपनी की ऑर्डर बुक और मजबूत होगी.
कंपनी के ऑर्डर फ्लो में भी अच्छी तेजी देखने को मिल रही है. वित्त वर्ष 2026 में अब तक कंपनी को 7,766 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले करीब 22 प्रतिशत ज्यादा हैं. इन ऑर्डरों में BESS, सोलर और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. कंपनी का कुल ऑर्डर बैकलॉग 57,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है. मजबूत ऑर्डर बुक के चलते कंपनी भविष्य में 10,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर इनफ्लो के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है.
दमदार वित्तीय स्थिति
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी ने हालिया तिमाही में भी मजबूत नतीजे पेश किए हैं. Q3 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 1,338 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,420 करोड़ रुपये हो गया, जो सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है. वहीं तिमाही आधार पर यह 15 प्रतिशत बढ़ा है. कंपनी का शुद्ध लाभ भी 87 करोड़ रुपये से बढ़कर 100 करोड़ रुपये हो गया, जो 15 प्रतिशत सालाना वृद्धि दिखाता है. तिमाही आधार पर मुनाफा 28 प्रतिशत बढ़ा है. कंपनी का तीन साल का सेल्स CAGR करीब 25 प्रतिशत है, जो इसके मजबूत बिजनेस ग्रोथ को दर्शाता है.
यह भी पढ़ें: पैसा रखें तैयार! ये 3 कंपनियां लाएंगी IPO, कोचिंग सेंटर ‘लक्ष्य’ चलाने वाली कंपनी भी लिस्ट में शामिल
कंपनी का कामकाज
1999 में स्थापित, हैदराबाद की Power Mech Projects देश की प्रमुख EPC कंपनियों में से एक है. कंपनी बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में इरेक्शन, टेस्टिंग, कमिशनिंग, सिविल वर्क्स और ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस जैसी सर्विसेज देती है. कंपनी के प्रमुख ग्राहकों में NTPC लिमिटेड, BHEL, RIL, L&T, टाटा पावर कंपनी लिमिटेड, और वेदांता जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
