इस पावर कंपनी का बड़ा अधिग्रहण, शेयर में आई तेजी; FII ने भी बढ़ाई होल्डिंग, रडार पर रखें स्टॉक
शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. मार्च 2026 तिमाही में FII की हिस्सेदारी बढ़कर 2.28 फीसदी हो गई, जो दिसंबर 2025 तिमाही में 1.97 फीसदी थी. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की हिस्सेदारी मामूली घटकर 5.97 फीसदी रह गई, जो पिछली तिमाही में 6.03 फीसदी थी.

बुधवार के कारोबार में पावर इक्विपमेंट कंपनी Quality Power Electrical Equipments के शेयरों में तेजी देखने को मिली. कंपनी के शेयर करीब 2.5 फीसदी चढ़कर 1,162 रुपये के स्तर पर पहुंच गए. इस तेजी की वजह कंपनी द्वारा Winwin Speciality Insulators Ltd (WSIL) के अधिग्रहण की घोषणा रही. शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. मार्च 2026 तिमाही में FII की हिस्सेदारी बढ़कर 2.28 फीसदी हो गई, जो दिसंबर 2025 तिमाही में 1.97 फीसदी थी. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की हिस्सेदारी मामूली घटकर 5.97 फीसदी रह गई, जो पिछली तिमाही में 6.03 फीसदी थी.
315 करोड़ रुपये में खरीदेगी WSIL
कंपनी ने जानकारी दी है कि उसने WSIL की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए टर्म शीट पर साइन किया है. यह डील करीब 315 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर होगी. हालांकि, अधिग्रहण नियामकीय मंजूरियों, ड्यू डिलिजेंस और अन्य जरूरी शर्तों के पूरा होने के बाद अगले तीन महीनों में पूरा होने की उम्मीद है.
कंपनी का कहना है कि इस अधिग्रहण से हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन वैल्यू चेन में उसकी मौजूदगी और मजबूत होगी. साथ ही वैश्विक स्तर पर यूटिलिटी, OEM और EPC ग्राहकों के लिए उत्पादों की रेंज भी बढ़ेगी.
हाई-वोल्टेज कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा
इस अधिग्रहण के बाद Quality Power को 1,200 kV तक के हाई-वोल्टेज सिरेमिक इंसुलेटर बनाने की क्षमता मिलेगी. कंपनी को सालाना करीब 18,000 मीट्रिक टन उत्पादन क्षमता भी हासिल होगी. इसके अलावा WSIL के जरिए 400 kV तक के पॉलिमरिक इंसुलेटर निर्माण की तकनीक और क्षमता भी कंपनी के पास आएगी. ये उत्पाद IEC, ANSI और IS जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए जाते हैं. कंपनी का मानना है कि दुनिया भर में ट्रांसमिशन नेटवर्क, रिन्यूएबल एनर्जी, सबस्टेशन और HVDC इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश के बीच यह अधिग्रहण उसके लिए बड़े अवसर लेकर आएगा.
आंध्र प्रदेश में है अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट
WSIL की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के पास अच्युतापुरम स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) में स्थित है. यह प्लांट 47.7 एकड़ औद्योगिक भूमि पर फैला हुआ है और विशाखापट्टनम पोर्ट तथा गंगावरम पोर्ट के नजदीक होने का लाभ भी इसे मिलता है. कंपनी के मुताबिक यह पूरी तरह ऑटोमेटेड यूनिट है, जिसमें यूरोपीय तकनीक आधारित उत्पादन प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है. साथ ही भविष्य में क्षमता विस्तार के लिए भी पर्याप्त जमीन उपलब्ध है.
60 साल पुरानी ब्रांड विरासत का मिलेगा फायदा
WSIL, WS Insulators ब्रांड की विरासत को आगे बढ़ाती है, जिसकी स्थापना वर्ष 1961 में हुई थी. कंपनी पिछले छह दशकों में दुनिया के करीब 55 देशों में यूटिलिटी, OEM और EPC ग्राहकों को अपने उत्पाद उपलब्ध करा चुकी है. इसके उत्पाद पोर्टफोलियो में सस्पेंशन, सॉलिड कोर, होलो, पिन और डिस्क इंसुलेटर शामिल हैं.
अधिग्रहण के जरिए विस्तार पर फोकस
यह अधिग्रहण कंपनी की इनऑर्गेनिक ग्रोथ रणनीति का हिस्सा है. इससे पहले 2025 में कंपनी ने Mehru Electrical and Mechanical Engineers Pvt Ltd में 51 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी. इसके अलावा Yash Highvoltage Ltd के साथ 50:50 जॉइंट वेंचर भी स्थापित किया गया था.
कंपनी का मानना है कि WSIL के जुड़ने से उसका हाई-वोल्टेज उपकरण कारोबार और मजबूत होगा तथा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर बढ़ेंगे.
कंपनी का कारोबार
Quality Power Electrical Equipments Ltd हाई-वोल्टेज इलेक्ट्रिकल उपकरणों और सॉल्यूशन उपलब्ध कराने वाली कंपनी है. कंपनी ट्रांसमिशन, ग्रिड मॉडर्नाइजेशन और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े क्षेत्रों में काम करती है और अधिग्रहण के जरिए अपने कारोबार का विस्तार कर रही है.
ये भी पढ़ें: जब विदेशी कंपनी ने उड़ाया मजाक, तब Xerxes Desai ने ठान ली जिद; जन्म हुआ Titan और बदल गई भारतीय घड़ी इंडस्ट्री
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.