गिरते बाजार में गदर मचा रहा यह स्टॉक, लगातार दूसरे दिन 10% भागा, एक हफ्ते में 30% तक रिटर्न, जानें वजह
बुधवार को शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद Greaves Cotton के शेयर में बुधवार को 10 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई. Ampere की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिक्री में शानदार ग्रोथ को तेजी की बड़ी वजह माना जा रहा है. जानिए शेयर का प्रदर्शन और कंपनी की वित्तीय सेहत कैसी है.

Greaves Cotton Share Rally: दो दिनों की तेजी के बाद आज यानी 18 नवंबर को शेयर बाजार पर बिकवाली का दबाव देखने को मिला. दोनों बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty लाल निशान में कारोबार करते हुए खुले. इंट्राडे कारोबार के दौरान जहां Nifty 245 अंकों से अधिक टूट गया, वहीं Sensex में 751 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, इस गिरावट के बीच भी कुछ ऐसे शेयर रहे, जिनकी चमक फीकी नहीं पड़ी. इन्हीं में एक नाम Greaves Cotton का है. कंपनी के शेयर में बुधवार को 10 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई. इस रिपोर्ट में जानेंगे कि इस तेजी के पीछे क्या वजह है, कंपनी की वित्तीय सेहत कैसी है और बीते कुछ महीनों में शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा है.
लगातार दूसरे दिन भागा शेयर
Greaves Cotton के शेयर में मंगलवार, 17 नवंबर को भी जोरदार तेजी देखने को मिली. स्टॉक में 9 फीसदी से अधिक का उछाल आया और इसने 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर बनाया. 18 नवंबर को भी तेजी का सिलसिला जारी रहा. बुधवार को शेयर 268 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया. खबर लिखे जाने तक यह करीब 265 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
क्यों भाग रहे शेयर?
Greaves Cotton के शेयरों में लगातार तेजी के पीछे कंपनी के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड Ampere की शानदार बिक्री को बड़ी वजह माना जा रहा है. Ampere ने वित्त वर्ष 2027 के शुरुआती सात महीनों में ही इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की इतनी बिक्री कर ली है, जितनी उसने पूरे वित्त वर्ष 2026 में की थी. इस मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ से कंपनी के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कारोबार को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. Greaves Cotton की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकाई Greaves Electric Mobility Limited (GEML) के तहत Ampere ब्रांड काम करता है. इस तेजी के साथ पिछले एक सप्ताह में Greaves Cotton का शेयर करीब 30 फीसदी चढ़ चुका है.
यह भी पढ़ें: Nifty 50 में तेजी पर लग सकता है ब्रेक! 25500 की दीवार पार करना बड़ी चुनौती, आज इन लेवल पर रखें नजर
कैसी है शेयर की चाल?
- CMP: 265 रुपये (18 नवंबर, दोपहर 2:48 बजे)
- 1 हफ्ते में: 30 फीसदी की तेजी
- 1 महीने में: 30 फीसदी का उछाल
- 3 महीने में: 36 फीसदी से अधिक का रिटर्न
- 6 महीने में: 60 फीसदी तक की तेजी
- 3 साल में: 104 फीसदी तक का उछाल
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?
Greaves Cotton की वित्तीय सेहत की बात करें तो कंपनी के रेवेन्यू में अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है. Groww के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में कंपनी का रेवेन्यू 44 फीसदी बढ़ा है, जबकि पिछले तीन वर्षों का रेवेन्यू CAGR 8 फीसदी रहा है. हालांकि, मुनाफे के मोर्चे पर कंपनी की स्थिति थोड़ी कमजोर नजर आती है. पिछले तीन वर्षों में कंपनी का प्रॉफिट CAGR (-20 फीसदी) रहा है. यानी कंपनी का रेवेन्यू तेजी से बढ़ने के बावजूद मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में निवेशकों के लिए कंपनी की ग्रोथ के साथ-साथ आने वाली तिमाहियों में मुनाफे की स्थिति पर नजर रखना भी अहम होगा.
Data Source – Groww/TradingView
यह भी पढ़ें: Stock to Watch: इन 10 कंपनियों के शेयरों पर रहेगी नजर, सुर्खियों में टाटा ग्रुप से लेकर एयरटेल और ग्रो तक के स्टॉक
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.