Hero Motors के शेयर में तीसरे दिन भी अपर सर्किट, IPO प्राइस से 46% चढ़ा भाव, अब क्या करें निवेशक

Hero Motors के शेयर में 29 अक्टूबर को लगातार तीसरे कारोबारी दिन 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा और भाव 122.40 रुपये पर पहुंच गया. शेयर अपने IPO प्राइस 84 रुपये से करीब 46 फीसदी ऊपर है. कंपनी का सितंबर तिमाही में मुनाफा 115.6 फीसदी बढ़कर 10.2 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू में 24.9% की बढ़ोतरी हुई.

हीरो मोटर्स के शेयर का हाल Image Credit: CANVA

शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुई Hero Motors के शेयर में एक बार फिर तेज हलचल देखने को मिल रही है. गुरुवार, 29 अक्टूबर को कंपनी के शेयर में लगातार तीसरे कारोबारी दिन 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा है. फिलहाल कंपनी के शेयर का भाव 122.40 रुपये पर पहुंच गया है. खास बात ये है कि शेयर अपने आईपीओ प्राइस 84 रुपये से करीब 46 फीसदी चढ़ गया है.

कंपनी के सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों ने भी निवेशकों का ध्यान खींचा है. इस दौरान कंपनी का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़ा, जबकि रेवेन्यू में करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. ऐसे में सवाल है कि शेयर में तेजी की वजह क्या है और मौजूदा स्तर पर निवेशकों को क्या करना चाहिए?

अब तक कैसा रहा प्रदर्शन?

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में शेयर करीब 16 फीसदी चढ़ चुका है. वहीं, अपने IPO के 84 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले इसमें करीब 46 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है. हालांकि, छोटी अवधि में शेयर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. पिछले एक महीने में इसमें करीब 11 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि पिछले एक सप्ताह में यह लगभग 3% चढ़ा है.

Hero Motors ने 23 सितंबर 2026 को शेयर बाजार में कदम रखा था. कंपनी का शेयर NSE पर 82 रुपये पर लिस्ट हुआ. हालांकि लिस्टिंग के दिन ही शेयर में तेजी आई और यह 98.51 रुपये पर बंद हुआ. इस तरह शेयर ने अपने IPO प्राइस के मुकाबले 17.27 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार खत्म किया.

शेयर में क्यों आई तेजी?

कंपनी के सितंबर तिमाही के मजबूत नतीजों को शेयर में तेजी की एक अहम वजह माना जा रहा है. Hero Motors ने 13 अक्टूबर को सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी किए थे. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 115.6 फीसदी बढ़कर 10.2 करोड़ रुपये हो गया. पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 4.73 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था.

इस दौरान कंपनी के रेवेन्यू में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई. ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 24.9 फीसदी बढ़कर 319.3 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 255.7 रुपये करोड़ था. कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला. EBITDA सालाना आधार पर 92 फीसदी बढ़कर 35.9 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 18.7 करोड़ रुपये था.

EBITDA मार्जिन में भी सुधार

Hero Motors के मुनाफे और रेवेन्यू में बढ़ोतरी के साथ कंपनी के EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ है. सितंबर तिमाही में EBITDA मार्जिन बढ़कर 11.3 फीसदी हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 7.3 फीसदी था यानी इसमें करीब 400 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ. रेवेन्यू में बढ़ोतरी, मुनाफे में तेजी और मार्जिन में सुधार कंपनी के ऑपरेटिंग प्रदर्शन में मजबूती का संकेत देते हैं. निवेशक कंपनी के हालिया नतीजों को इसी नजरिए से देख रहे हैं.

UK की सब्सिडियरी में हिस्सेदारी बढ़ाएगी Hero Motors

तिमाही नतीजों के साथ Hero Motors ने अपनी ब्रिटेन स्थित सब्सिडियरी Hewland Engineering Ltd (HEL) में अतिरिक्त 39 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की योजना भी घोषित की है. इस सौदे पर करीब 0.60 मिलियन स्टर्लिंग नकद खर्च होने का अनुमान है. इस प्रस्तावित सौदे के तहत कंपनी मौजूदा शेयरधारकों William Hewland और Siobhan Hewland से 8,039 इक्विटी शेयर खरीदेगी. सौदा पूरा होने के बाद Hewland Engineering में Hero Motors की हिस्सेदारी 51 फीसदी से बढ़कर 90 फीसदी हो जाएगी.

क्या काम करती है Hero Motors?

Hero Motors ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए पावरट्रेन से जुड़े प्रोडक्ट्स की डिजाइनिंग, डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग करती है. कंपनी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल दोपहिया वाहनों, इलेक्ट्रिक साइकिल, ऑफ-रोड वाहनों, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों के साथ भारी वाहनों में भी होता है.

कंपनी भारत, यूरोप, अमेरिका और ASEAN बाजारों में कारोबार करती है. इसके ग्राहकों में BMW, Ducati, Enviolo, Formula Motorsport, Hummingbird EV और HWA शामिल हैं. इस तरह कंपनी को ऑटोमोबाइल सेक्टर के कई अलग-अलग हिस्सों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार करने का मौका मिलता है.

Hero Motors के शेयर पर क्या करें?

शेयर में लगातार तेजी के बाद निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी अपने हालिया प्रदर्शन को आगे भी बरकरार रख पाती है या नहीं. मिंट की रिपोर्केट मुताबिक, ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग, ऑपरेटिंग लेवरेज में सुधार और इनपुट लागत में राहत से Hero Motors को फायदा मिल सकता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादा वैल्यू वाले कंपोनेंट्स पर कंपनी का फोकस और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स उसके मार्जिन और कमाई में बढ़ोतरी को सपोर्ट कर सकते हैं. कंपनी की बैलेंस शीट में सुधार और मजबूत रिटर्न रेशियो भी उसके ग्रोथ आउटलुक को मजबूती देते हैं. Hero Motors के शेयर में हालिया तेजी के पीछे कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजे और ऑपरेटिंग प्रदर्शन में सुधार अहम वजहें हैं. कंपनी का मुनाफा 115.6% बढ़ा है, जबकि EBITDA में 92% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

हालांकि, शेयर का भाव अपने IPO प्राइस से करीब 46% ऊपर पहुंच चुका है और पिछले एक महीने में इसमें करीब 12% की गिरावट भी दर्ज हुई थी. ऐसे में केवल हालिया तेजी के आधार पर निवेश का फैसला करना सही नहीं होगा.

इसे भी पढ़ें- YES Bank के शेयर एक महीने में 26% टूटे, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बढ़ी चिंता, अब क्या करें निवेशक

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.