इस स्टॉक में मची तबाही! 10 फीसदी से ज्यादा टूटे शेयर, जानिए किन वजहों से मची खलबली?

जून तिमाही में कंपनी की ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम इनकम (GDPI) 7.5 प्रतिशत बढ़कर 8,318 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 7,735 करोड़ रुपये थी. हालांकि यह बढ़त उद्योग की 10.9 प्रतिशत वृद्धि से कम रही. वहीं नेट प्रॉफिट (PAT) भी 46 प्रतिशत गिरकर 403 करोड़ रुपये रह गया.

शेयर प्राइस क्रैश Image Credit: Canva

गुरुवार को शेयर बाजार में हल्की तेजी के बीच ICICI Lombard General Insurance के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली. जून तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी होने के बाद कंपनी का शेयर 10.78 प्रतिशत गिरकर 1,618.90 रुपये पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान शेयर 1,544.40 रुपये के स्तर तक फिसल गया, जो इसका नया 52 सप्ताह का निचला स्तर है. शेयर में भारी हलचल भी देखने को मिली. दिनभर में 1.54 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ, जबकि पिछले 30 दिनों का औसत वॉल्यूम 36.10 लाख शेयर रहा है.

Q1 में कैसी रही कंपनी की कमाई?

जून तिमाही में कंपनी की ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम इनकम (GDPI) 7.5 प्रतिशत बढ़कर 8,318 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 7,735 करोड़ रुपये थी. हालांकि यह बढ़त उद्योग की 10.9 प्रतिशत वृद्धि से कम रही. वहीं नेट प्रॉफिट (PAT) भी 46 प्रतिशत गिरकर 403 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 747 करोड़ रुपये था. कंपनी का रिटर्न ऑन एवरेज इक्विटी (RoAE) भी घटकर 9.6 प्रतिशत रह गया, जो पिछले साल 20.5 प्रतिशत था.

मुनाफे पर क्यों पड़ा दबाव?

कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में दो बड़े कारणों से कमाई प्रभावित हुई. पहला, कंपनी को 63 करोड़ रुपये के दो बड़े फायर इंश्योरेंस क्लेम का भुगतान करना पड़ा. दूसरा, मोटर थर्ड पार्टी (TP) इंश्योरेंस से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कंपनी को 165 करोड़ रुपये का अतिरिक्त क्लेम रिजर्व बनाना पड़ा. इन दोनों एकमुश्त खर्चों का सीधा असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा.

निवेश से होने वाली आय भी घटी

तिमाही के दौरान कंपनी की निवेश आय घटकर 1,174 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल 1,288 करोड़ रुपये थी. वहीं नेट कैपिटल गेन भी 380 करोड़ रुपये से घटकर 183 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी के मुताबिक, यदि इन एकमुश्त असर को हटा दिया जाए तो जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 23 प्रतिशत घटकर 575 करोड़ रुपये रहता और कंबाइंड रेशियो 102.3 प्रतिशत होता.

अन्य प्रमुख आंकड़े

कंपनी का कंबाइंड रेशियो बढ़कर 107.2 प्रतिशत हो गया, जो पिछले साल 102.9 प्रतिशत था. हालांकि सॉल्वेंसी रेशियो सुधरकर 2.71 गुना पहुंच गया, जो नियामकीय आवश्यकता 1.50 गुना से काफी अधिक है.

कंपनी के बारे में

ICICI Lombard General Insurance देश की प्राइवेट जनरल इंश्योरेंस कंपनियों में शामिल है. कंपनी मोटर, हेल्थ, फायर, मरीन, फसल, इंजीनियरिंग, देयता और पर्सनल एक्सीडेंट समेत कई तरह के बीमा उत्पाद उपलब्ध कराती है. 25 साल से अधिक पुराने इस कारोबार में कंपनी अब तक 3.92 करोड़ से ज्यादा पॉलिसियां जारी कर चुकी है और 34 लाख से अधिक क्लेम का निपटारा कर चुकी है. साथ ही कंपनी एआई आधारित डिजिटल इंश्योरेंस सेवाओं पर भी लगातार काम कर रही है.

इसे भी पढ़ें- घाटे से मुनाफे में लौटी यह कंपनी, गोली की रफ्तार से भागे शेयर, कमाई भी हुई दोगुनी; रखें नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.