USA में विदेशी छात्रों के लिए नए नियम, ट्रंप सरकार ने स्टूडेंट वीजा पर लगाई 4 साल की सीमा, नया नियम 15 सितंबर से लागू

अमेरिका में पढ़ाई करने की योजना बना रहे विदेशी छात्रों बड़ा झटका लगने जा रहा है. नए नियम के तहत स्टूडेंट (F) और एक्सचेंज (J) वीजा धारकों के अमेरिका में रहने की अधिकतम अवधि चार साल तय कर दी गई है. लंबे कोर्स करने वाले छात्रों को अब समय बढ़ाने के लिए अलग से सरकारी मंजूरी लेनी होगी, जिससे हजारों अंतरराष्ट्रीय छात्र प्रभावित हो सकते हैं.

डोनाल्ड ट्रंप Image Credit: TV9

USA New Visa Policy: अमेरिका में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले विदेशी छात्रों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है. ट्रंप प्रशासन ने स्टूडेंट और एक्सचेंज वीजा नियमों में बदलाव करते हुए अधिकतम चार साल तक रहने की सीमा तय कर दी है. इससे लंबे समय वाले कोर्स, जैसे पीएचडी और मेडिकल रेजिडेंसी करने वाले छात्रों को अब अतिरिक्त समय के लिए अलग से सरकारी मंजूरी लेनी होगी.

अब F और J वीजा पर अधिकतम 4 साल तक ही रह सकेंगे छात्र

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के नए नियम के मुताबिक, F (स्टूडेंट) और J (एक्सचेंज विजिटर) वीजा पर अमेरिका जाने वाले लोग अपने कोर्स की अवधि के अनुसार अधिकतम चार साल तक ही रह सकेंगे. अगर किसी छात्र का कोर्स इससे लंबा है, तो उसे समय बढ़ाने के लिए अलग से आवेदन करना होगा.

पीएचडी और मेडिकल छात्रों को लेना होगा एक्सटेंशन

नए नियम के तहत पीएचडी करने वाले छात्रों, मेडिकल रेजिडेंसी में शामिल डॉक्टरों और लंबे शैक्षणिक कार्यक्रमों में पढ़ने वाले छात्रों को अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (USCIS) से एक्सटेंशन लेना होगा. इसके लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी और निर्धारित शुल्क भी देना होगा. पहले छात्रों की स्थिति का प्रबंधन शैक्षणिक संस्थान करते थे, लेकिन अब यह जिम्मेदारी सीधे सरकार के पास होगी.

पुरानी ‘ड्यूरेशन ऑफ स्टेटस’ व्यवस्था खत्म

ट्रंप प्रशासन ने 1990 के दशक से लागू ‘ड्यूरेशन ऑफ स्टेटसट’ (Duration of Status) व्यवस्था को खत्म कर दिया है. पहले छात्रों को उनके कोर्स के पूरे समय तक अमेरिका में रहने की अनुमति मिल जाती थी और वीजा पर कोई निश्चित समाप्ति तिथि नहीं होती थी. अब तय समय खत्म होने के बाद यदि छात्र ने एक्सटेंशन नहीं लिया तो उसे अवैध रूप से अमेरिका में रहने वाला माना जाएगा, जिससे भविष्य में अमेरिका लौटने पर 3 या 10 साल तक का प्रतिबंध लग सकता है.

15 सितंबर से लागू होगा नया नियम, विरोध की भी संभावना

यह नया नियम 15 सितंबर से लागू होगा. हालांकि, अमेरिकी कांग्रेस समीक्षा प्रक्रिया के तहत इसे रोक या बदल सकती है. ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और बेहतर निगरानी के लिए उठाया गया है, जबकि कई विश्वविद्यालयों और मेडिकल संगठनों का मानना है कि इससे विदेशी छात्रों पर अतिरिक्त प्रशासनिक बोझ बढ़ेगा और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है.