RIL Share Price : RIL और Jio Fin के शेयरों में एवरेजिंग करें या नहीं?
जियो फाइनेंशियल फिलहाल लंबे समय से एक सीमित दायरे (रेंज) में कारोबार कर रहा है, इसलिए इसमें तेजी की उम्मीद तुरंत नहीं की जा सकती. कंपनी की कमाई अभी उसके मार्केट वैल्यूएशन के हिसाब से मजबूत नहीं दिख रही है और इस सेक्टर में प्रतिस्पर्धा भी काफी अधिक है. हालांकि, रिलायंस ग्रुप का मजबूत समर्थन और कंपनी की बैलेंस शीट में लगातार सुधार इसके सकारात्मक पहलू हैं. जिन निवेशकों ने यह शेयर खरीद रखा है, उन्हें फिलहाल घबराकर बेचने की जरूरत नहीं है. शेयर को होल्ड रखें, 226 रुपये का स्टॉप लॉस बनाए रखें और 250 रुपये तक का लक्ष्य देख सकते हैं. यदि शेयर 257 रुपये के ऊपर टिकता है, तो आगे 265–270 रुपये तक की तेजी की संभावना बन सकती है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए लंबी अवधि का नजरिया सकारात्मक माना जा रहा है. कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के संभावित आईपीओ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बढ़ते फोकस और एफएमसीजी कारोबार के विस्तार जैसे बड़े कदमों पर काम कर रही है. इसलिए निवेशकों को एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय धीरे-धीरे हर गिरावट पर खरीदारी करने की सलाह दी गई है. 1230 रुपये का स्टॉप लॉस रखते हुए शुरुआती लक्ष्य 1420–1430 रुपये और लंबी अवधि में 1500–1550 रुपये तक का लक्ष्य रखा जा सकता है. यानी शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव रह सकता है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए रिलायंस बेहतर विकल्प माना जा सकता है.