₹390 करोड़ का जैकपॉट लगते ही चमका K2 Infra का शेयर, तेलंगाना सरकार से मिला बड़ा रोड प्रोजेक्ट
K2 Infra Limited को तेलंगाना सरकार से ₹390.91 करोड़ का बड़ा रोड प्रोजेक्ट मिला है। इस खबर के बाद सोमवार को कंपनी के शेयरों में 3% की तेजी देखने को मिली. यह प्रोजेक्ट तेलंगाना ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम के तहत भोंगिर सर्कल में सड़क निर्माण, अपग्रेडेशन और रखरखाव से जुड़ा है.

इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की दिग्गज कंपनी ‘K2 इन्फ्रा लिमिटेड’ (K2 Infra Limited) के हाथ एक बड़ा जैकपॉट लगा है. कंपनी को तेलंगाना सरकार से ₹390.91 करोड़ का एक बड़ा रोड प्रोजेक्ट मिला है. इस बड़ी और सकारात्मक खबर का असर सोमवार को सीधे शेयर बाजार में कंपनी के स्टॉक पर देखने को मिला, जहां निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते शेयरों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया.
खबर मिलते ही शेयरों में 3% की तेजी
जैसे ही बाजार में K2 इन्फ्रा को मिले इस नए ऑर्डर की खबर आई, निवेशकों ने स्टॉक पर भरोसा जताया. सोमवार को कंपनी के शेयरों में 3 फीसदी की शानदार तेजी देखने को मिली. इस उछाल के बाद कंपनी के शेयर ₹71 के स्तर पर ट्रेड करने लगे. बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि इतने बड़े वर्क ऑर्डर से आने वाले समय में कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे को तगड़ा बूस्ट मिलेगा, जिससे स्टॉक में आगे भी अच्छी हलचल देखने को मिल सकती है.
तेलंगाना में चमकेगी ग्रामीण सड़कों की सूरत
कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट ‘तेलंगाना ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम’ के तहत मिला है. इसके तहत भोंगिर सर्कल (Bhongir Circle) में चुनिंदा पीआरइडी (PRED) सड़कों के निर्माण, अपग्रेडेशन, मजबूतीकरण और रखरखाव का काम किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य भोंगिर सर्कल में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है, ताकि स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, किसानों और आपातकालीन सेवाओं के लिए आवाजाही बेहद आसान और सुरक्षित हो सके.
यह भी पढ़ें: इस फार्मा कंपनी ने खरीदी अमेरिकन कंपनी, ₹2100 करोड़ की हुई डील; फ्यूचर के लिए वॉचलिस्ट में रखें स्टॉक
तय समय सीमा में पूरा होगा काम
इस प्रोजेक्ट को पंचायत राज इंजीनियरिंग विभाग के ढांचे के तहत पूरा किया जाएगा. K2 इन्फ्रा लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर पंकज शर्मा ने इस कामयाबी पर खुशी जताते हुए कहा, “हम इस प्रोजेक्ट को पूरी गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे इस क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिल सके.” इस काम को पूरा करने के लिए एक स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) का गठन किया जाएगा और तय समय सीमा के भीतर सभी जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.