L&T के नतीजे दमदार, 14% बढ़ा मुनाफा; ₹1.08 लाख करोड़ के नए ऑर्डर मिले; फोकस में रखें शेयर
L&T ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट 14 फीसदी बढ़कर 4123 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू 7 फीसदी बढ़कर 67942 करोड़ रुपये पहुंच गया. तिमाही के दौरान 108,014 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले. हालांकि EBITDA में 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

L&T Q1 Results: इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14 फीसदी बढ़कर 4123 करोड़ रहा. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3617 करोड़ रुपये था.
कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, घरेलू बाजार में मजबूत प्रदर्शन की वजह से मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर काफी हद तक संतुलित हो गया. इसी के चलते कंपनी मुनाफे में बढ़त दर्ज करने में सफल रही.
रेवेन्यू में 7% की बढ़ोतरी
जून तिमाही में कंपनी का Revenue from Operations सालाना आधार पर 7 फीसदी बढ़कर 67942 करोड़ रुपये रहा. यह दिखाता है कि कंपनी के कारोबार में लगातार बढ़ोतरी बनी हुई है.
ऑर्डर बुक हुई मजबूत
तिमाही के दौरान L&T को 108014 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14 फीसदी अधिक हैं. कंपनी ने बताया कि इस दौरान Residential & Commercial Buildings, Transportation Infrastructure, Ferrous Metals, Offshore Wind और Heavy Engineering जैसे कई कारोबारों में बड़े ऑर्डर मिले. इनमें International Orders की हिस्सेदारी 60,702 करोड़ रुपये रही, जो कुल ऑर्डर इनफ्लो का 56 फीसदी है.
चेयरमैन ने क्या कहा?
L&T के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने कहा कि वित्त वर्ष की शुरुआत भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच हुई है. इसके बावजूद कंपनी ने अलग-अलग सेक्टर और भौगोलिक क्षेत्रों पर फोकस रखते हुए मजबूत कैश फ्लो बनाए रखा है. उनके मुताबिक, तिमाही का प्रदर्शन कंपनी के विविध कारोबार को दिखाता है.
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने अपनी डिक्लेयर स्ट्रेटजी के तहत Nabha Power Limited की बिक्री सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. इसके अलावा Hyderabad Metro Rail Limited के साथ शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके तहत कंपनी Hyderabad Metro SPV में अपनी 100 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है.
EBITDA में आई गिरावट
हालांकि, तिमाही के दौरान कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 3 फीसदी घटकर 6116 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में यह 6318 करोड़ रुपये था.
शेयर में दिख सकती है हलचल
नतीजों से पहले 28 जुलाई को L&T का शेयर 0.68 फीसदी की बढ़त के साथ 3832 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए है. ऐसे में कल यानी 29 जुलाई को कंपनी के शेयर में हलचल देखने को मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें- Zepto की वैल्यूएशन घटी, Swiggy और Eternal के शेयरों में आई तेजी; जानें निवेशकों ने क्यों बढ़ाया भरोसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.