₹16.30 लाख करोड़ के पोर्टफोलियो में बड़ा फेरबदल, जानें जून तिमाही में LIC ने कौन-से शेयर खरीदे और बेचे

जून 2026 तिमाही में LIC ने अपने पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया. कंपनी ने Bharti Airtel, Maruti Suzuki और ITC में सबसे ज्यादा खरीदारी की, जबकि Coal India और SBI में सबसे बड़ी बिकवाली की. इसके बावजूद NSE में लिस्टेडट कंपनियों में LIC की हिस्सेदारी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई. जानें पूरी रिपोर्ट.

एलआईसी के शेयर का आउटलुक. Image Credit: @Money9live

LIC Portfolio: देश की सबसे बड़ी घरेलू संस्थागत निवेशक भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही में अपने करीब 16.30 लाख करोड़ रुपये के इक्विटी पोर्टफोलियो में बड़ा फेरबदल किया. कंपनी ने एक तरफ चुनिंदा शेयरों में खरीदारी की तो दूसरी तरफ कई बड़े शेयरों में मुनाफावसूली भी की. PRIME Database के अनुमान के मुताबिक, LIC ने अपनी 10 सबसे बड़ी खरीद में 16578 करोड़ रुपये और 10 सबसे बड़ी बिकवाली में 13406 करोड़ रुपये के शेयरों का कारोबार किया. हालांकि, इसके बावजूद NSE में लिस्टेड कंपनियों में LIC की हिस्सेदारी रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई.

Bharti Airtel में सबसे बड़ी खरीदारी

जून तिमाही में LIC की सबसे बड़ी खरीद Bharti Airtel रही. कंपनी ने इसमें अनुमानित 2721 करोड़ रुपये का निवेश किया. इस दौरान LIC ने एयरटेल में करीब 1.47 करोड़ शेयर जोड़े, जिससे उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 25.82 करोड़ शेयर हो गई.

दूसरे स्थान पर Maruti Suzuki रही, जहां अनुमानित 2267 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई. LIC ने मारुति के करीब 17.02 लाख शेयर खरीदे. इसके बाद ITC में 1742 करोड़ रुपये का निवेश किया गया, जहां कंपनी ने 5.84 करोड़ शेयर जोड़े.

इसके अलावा Kotak Mahindra Bank, UltraTech Cement, Reliance Industries, Bajaj Finance, Lupin, Power Grid Corporation और IRFC भी LIC की सबसे बड़ी खरीदारी वाले शेयरों में शामिल रहे. LIC ने IRFC में 13.06 करोड़ शेयर जोड़कर अपनी कुल हिस्सेदारी 46.22 करोड़ शेयर कर ली.

जून तिमाही में LIC की 10 सबसे बड़ी खरीदारी

कंपनीअनुमानित खरीद (₹ करोड़)
Bharti Airtel2,721
Maruti Suzuki2,267
ITC1,742
Kotak Mahindra Bank1,520
UltraTech Cement1,491
Reliance Industries1,425
Bajaj Finance1,414
Lupin1,375
Power Grid Corp.1,340
IRFC1,283

Coal India और SBI में सबसे ज्यादा बिकवाली

खरीदारी के साथ LIC ने कई शेयरों में मुनाफावसूली भी की. कंपनी ने अपनी 10 सबसे बड़ी बिकवाली में अनुमानित 13406 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. सबसे ज्यादा बिकवाली Coal India में हुई, जहां LIC ने करीब 4.97 करोड़ शेयर घटाते हुए अनुमानित 2271 करोड़ रुपये की बिकवाली की.

इसके बाद State Bank of India (SBI) में 2198 करोड़ रुपये की बिकवाली की गई. LIC ने SBI में अपनी हिस्सेदारी 2.15 करोड़ शेयर घटाकर 78.14 करोड़ शेयर कर दी. इसके अलावा Hindustan Unilever (HUL), Steel Authority of India (SAIL), Tata Steel, Bharat Forge, Tata Consumer Products, ICICI Bank, Nestle India और ONGC में भी हिस्सेदारी कम की गई.

जून तिमाही में LIC की 10 सबसे बड़ी बिकवाली

कंपनीअनुमानित बिकवाली (₹ करोड़)
Coal India2,271
State Bank of India2,198
Hindustan Unilever1,681
Steel Authority of India (SAIL)1,497
Tata Steel1,415
Bharat Forge977
Tata Consumer Products905
ICICI Bank884
Nestle India793
ONGC785

बिकवाली वाले कई शेयरों ने दिया शानदार रिटर्न

दिलचस्प बात यह रही कि जिन शेयरों में LIC ने हिस्सेदारी घटाई, उनमें से कई ने तिमाही के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया. Bharat Forge का शेयर 28 फीसदी, Nestle India 20 फीसदी, SAIL 14.6 फीसदी और ICICI Bank 14 फीसदी चढ़ा. वहीं ONGC 17.5 फीसदी, Coal India 2.5 फीसदी और Tata Steel 2 फीसदी कमजोर रहे.

पूरे पोर्टफोलियो की तस्वीर क्या कहती है?

जून तिमाही में LIC पूरे पोर्टफोलियो में अनुमानित 8137 करोड़ रुपये की नेट खरीदार रही. कंपनी ने 54 NSE लिस्टेड कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई, जबकि 114 कंपनियों में हिस्सेदारी घटाई. जिन कंपनियों में LIC ने हिस्सेदारी बढ़ाई, उनके शेयरों में औसतन 11.19 फीसदी की तेजी आई. वहीं जिन कंपनियों में हिस्सेदारी घटाई गई, उनमें औसतन 19.52 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया.

किन सेक्टरों में बढ़ाया और कहां घटाया निवेश?

Financial Services सेक्टर में LIC का निवेश 55,288 करोड़ रुपये से बढ़कर 4.40 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. इसके साथ इस सेक्टर की हिस्सेदारी 25.41 फीसदी से बढ़कर 26.99 फीसदी हो गई. दूसरी ओर IT सेक्टर में निवेश का मूल्य 22067 करोड़ रुपये से घटकर 1.50 लाख करोड़ रुपये रह गया. इससे इस सेक्टर की हिस्सेदारी 11.35 फीसदी से घटकर 9.18 फीसदी पर आ गई. Energy सेक्टर का निवेश भी 6083 करोड़ रुपये घटा और इसकी हिस्सेदारी 15.18 फीसदी से घटकर 13.72 फीसदी रह गई.

इन कंपनियों में सबसे ज्यादा बढ़ाई हिस्सेदारी

LIC ने Central Bank of India में अपनी हिस्सेदारी 3.16 फीसदी से बढ़ाकर 6.44 फीसदी कर दी. इसके अलावा General Insurance Corp. में 11.65 फीसदी, Lupin में 4.09 फीसदी, Oil India में 8.08 फीसदी और IRFC में 3.54 फीसदी हिस्सेदारी कर ली. Indian Hotels, SRF, Max Healthcare, Bharat Petroleum और NHPC भी प्रतिशत के लिहाज से सबसे बड़ी बढ़ोतरी वाले शेयरों में शामिल रहे.

ये हैं LIC की सबसे बड़ी होल्डिंग्स

वैल्यू के हिसाब से Reliance Industries LIC की सबसे बड़ी होल्डिंग रही, जिसकी वैल्यू 1.18 लाख करोड़ रुपये रही. इसके बाद State Bank of India और Larsen & Toubro का स्थान रहा. टॉप-10 होल्डिंग्स में ITC, HDFC Bank, Bharti Airtel, IDBI Bank, Infosys, ICICI Bank और Tata Consultancy Services भी शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें- RBI MPC Announcement: रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, पश्चिम एशिया संघर्ष बना चुनौती; GDP ग्रोथ 6.6% रहने का अनुमान

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

Latest Stories